बॉलीवुड अभिनेत्री शहाना गोस्वामी ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर एक ऐसा खुलासा किया है, जिसने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है। 40 वर्षीय इस शानदार अदाकारा ने खुलकर स्वीकार किया है कि वह ओपन रिलेशनशिप में हैं। उन्होंने प्यार, आजादी और अपने पूर्व प्रेमी मिलिंद सोमन को लेकर भी कई अहम बातें साझा की हैं।
सिद्धार्थ कन्नन के यूट्यूब पॉडकास्ट पर बातचीत के दौरान शहाना ने अपने रिश्तों के बारे में बेहद बेबाकी से जवाब दिए। उन्होंने बताया कि जिन लोगों के साथ वह जुड़ी हुई हैं, उन्हें अच्छी तरह पता है कि वह दूसरों के साथ भी शारीरिक रूप से अंतरंग हैं। ‘रॉक ऑन’ फेम इस अभिनेत्री का मानना है कि उनके किसी भी रिश्ते में कोई राज नहीं है।
उनके लिए इस खुलेपन का सीधा मतलब ईमानदारी से बातचीत करना और भावनात्मक स्पष्टता रखना है। शहाना ने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान में उनका कोई एक ‘प्राइमरी पार्टनर’ यानी मुख्य साथी नहीं है। उनकी जिंदगी में मौजूद सभी रिश्ते प्यार और गहरी दोस्ती की बुनियाद पर टिके हैं।
वह पारंपरिक टैग्स या लेबल्स पर विश्वास नहीं करती हैं। उनकी इन बेबाक बातों ने मॉर्डन रिलेशनशिप और भावनात्मक आजादी को लेकर इंटरनेट पर एक नई चर्चा शुरू कर दी है। खुलेपन के अपने विचार को समझाते हुए अभिनेत्री ने कहा कि भले ही उनके रिश्ते पारंपरिक ढांचे में फिट नहीं बैठते, लेकिन वे कैजुअल बिल्कुल नहीं हैं।
उनका कहना है कि उनकी जिंदगी में कई ऐसे लोग हैं जिनके साथ उनके लंबे समय से गहरे समीकरण रहे हैं। वह इनमें से किसी भी रिश्ते को टाइमपास नहीं मानती हैं। उनके सभी पार्टनर्स एक-दूसरे के बारे में पूरी तरह वाकिफ हैं और यह पारदर्शिता ही उनके रिश्तों की सबसे अहम कड़ी है।
शहाना के अनुसार, एक ओपन रिलेशनशिप को सफलतापूर्वक निभाने के लिए भावनात्मक परिपक्वता और खुद पर काम करने की जरूरत होती है। इंसान को जलन जैसी भावनाओं से ईमानदारी से निपटना आना चाहिए। उन्होंने इस बात को भी सिरे से खारिज कर दिया कि ऐसे रिश्तों में इंसान भावनात्मक रूप से अलग-थलग पड़ जाता है या अचानक बिना बताए गायब (घोस्टिंग) हो जाता है।
इसी इंटरव्यू में उन्होंने मॉडल और अभिनेता मिलिंद सोमन के साथ अपने पुराने रिश्ते की यादें भी ताजा कीं। शहाना ने बताया कि किशोरावस्था में मिलिंद की एक फिल्म देखने के बाद वह उनकी दीवानी हो गई थीं और इंटरनेट से उनका नंबर निकाल लिया था। इसके बाद दोनों करीब छह साल तक मैसेज के जरिए एक-दूसरे के संपर्क में रहे।
जब वे दोनों सिंगल थे, तब उन्होंने एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया। हालांकि, साल 2013 में उनका यह रिश्ता खत्म हो गया। शहाना का कहना है कि यह सब केवल समय की बात थी और अंत तक वे दोनों एक-दूसरे से बहुत प्यार करते थे। ब्रेकअप का कारण सिर्फ यह था कि दोनों जिंदगी से अलग-अलग चीजें चाहते थे।
पॉडकास्ट के दौरान अभिनेत्री ने बार-बार इस बात पर जोर दिया कि प्यार कभी भी पाबंदियों वाला नहीं होना चाहिए। वह भावनात्मक आजादी को बहुत महत्व देती हैं। उनका दृढ़ विश्वास है कि रिश्तों को किसी तय ढांचे में जबरन ढालने के बजाय, उन्हें स्वाभाविक रूप से विकसित होने देना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनका हमेशा से मानना रहा है कि प्यार स्वतंत्र होना चाहिए।
साल 2008 की हिट फिल्म ‘रॉक ऑन’ से लोकप्रियता हासिल करने वाली शहाना गोस्वामी ने ‘फिराक’, ‘मिडनाइट्स चिल्ड्रन’ और ‘डिस्पैच’ जैसी कई बेहतरीन फिल्मों में अपने अभिनय का जादू बिखेरा है। वह हाल ही में फिल्म ‘संतोष’ में नजर आई थीं। इस फिल्म का प्रीमियर 2024 के कान्स फिल्म फेस्टिवल में हुआ था, लेकिन सेंसरशिप से जुड़ी चिंताओं के कारण इसे भारत में रिलीज की समस्याओं का सामना करना पड़ा।
यह भी पढ़ें-
गुजरात में अंधविश्वास का खूनी खेल: पत्नी को ‘डायन’ बताकर भीड़ ने पति को उतारा मौत के घाट











