कोच्चि। केरल के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन लिमिटेड (APSEZ) ने कोच्चि के कलमस्सेरी में अपने पहले अडानी लॉजिस्टिक्स पार्क की नींव रखी है। इस परियोजना का उद्घाटन राज्य के माननीय मुख्यमंत्री श्री पिनारायी विजयन ने किया।
70 एकड़ में फैला यह लॉजिस्टिक्स पार्क ‘इन्वेस्ट इन केरल’ पहल के तहत विकसित किया जा रहा है, जिस पर ₹600 करोड़ से अधिक का निवेश होगा। परियोजना के तहत लगभग 1.3 मिलियन वर्ग फुट का अत्याधुनिक लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार होगा, जिसमें ईवी चार्जिंग स्टेशन, स्मार्ट लॉजिस्टिक्स समाधान और डिजिटल इंटीग्रेशन जैसी सुविधाएं शामिल होंगी।
रोजगार और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा
इस पार्क के शुरू होने से 1,500 से अधिक रोजगार अवसर सृजित होंगे, जिससे स्थानीय युवाओं और एसएमई (लघु एवं मध्यम उद्योगों) को सीधा लाभ मिलेगा। परियोजना से परिवहन लागत में कमी आएगी, जस्ट-इन-टाइम ऑपरेशन्स को बढ़ावा मिलेगा और निर्यात क्षमता में वृद्धि होगी। खासतौर पर ई-कॉमर्स, एफएमसीजी, फार्मास्यूटिकल, ऑटोमोबाइल और रिटेल सेक्टर को इससे बड़ा लाभ होने की उम्मीद है।
अडानी समूह का विज़न
एपीएसईज़ के वॉल-टाइम डायरेक्टर और सीईओ, अश्वनी गुप्ता ने कहा—
“कलमस्सेरी लॉजिस्टिक्स पार्क, अडानी पोर्ट्स की यात्रा में एक बड़ा मील का पत्थर है। यह परियोजना हमें एक बंदरगाह केंद्रित कंपनी से पूर्णत: एकीकृत ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स व्यवसाय में बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। दक्षिण भारत में हमारी मौजूदगी को यह और मजबूत बनाएगी और स्थानीय उद्योगों को गति देगी।”
सरकार की सराहना
केरल के विधि, उद्योग और कोयर मंत्री, पी. राजीव ने कहा—
“यह पार्क केवल एक लॉजिस्टिक्स हब नहीं है, बल्कि समावेशी विकास और क्षेत्रीय बदलाव का उत्प्रेरक है। यहां शून्य-स्पर्श संचालन (zero-touch operations) से लेकर रीयल-टाइम विज़िबिलिटी तक डिजिटल सुविधाएं होंगी, जो ग्राहकों को पारदर्शिता और सुविधा प्रदान करेंगी।”
यह भी पढ़ें- गुजरात में दो गाँवों ने बनाया अनोखा सामाजिक नियम, शराब और तंबाकू ही नहीं, पैकेट वाला खाना और पतंगबाजी तक बैन











