गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को लोकसभा में बताया कि ऑपरेशन महादेव में मारे गए तीनों आतंकवादी पाकिस्तानी नागरिक थे। शाह ने कहा कि यही आतंकी 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शामिल थे, जिसमें कई बेगुनाहों की जान गई थी।
शाह ने यह बयान कांग्रेस नेता और पूर्व गृह मंत्री पी. चिदंबरम के उस बयान के जवाब में दिया, जिसमें उन्होंने हमलावरों को “होमग्रोन” बताने की संभावना जताई थी और पाकिस्तान से लिंक पर सवाल उठाया था।
अमित शाह ने सदन में कहा, “हमारे पास इन आतंकियों की पहचान और उनकी पाकिस्तान से संबद्धता के अविवादित प्रमाण हैं। दो आतंकियों के पास पाकिस्तानी वोटर ID पाए गए हैं और उनके पास से जो चॉकलेट्स बरामद हुए हैं, वे भी पाकिस्तान में बने हैं।”
चिदंबरम पर निशाना: ‘आप पाकिस्तान को बचा रहे हैं?’
शाह ने कांग्रेस नेता चिदंबरम पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “चिदंबरम जी पूछते हैं कि ये आतंकी पाकिस्तान से आए थे इसका क्या सबूत है? मैं पूछना चाहता हूं कि आपको पाकिस्तान को बचाने से क्या मिलेगा? अगर ये आतंकी पाकिस्तानी नहीं थे, तो फिर आपने पाकिस्तान पर सवाल क्यों उठाए?”
अमित शाह ने यह भी आरोप लगाया कि चिदंबरम जैसे वरिष्ठ नेता ऐसे बयान देकर पाकिस्तान को क्लीन चिट दे रहे हैं और आतंकियों की सच्चाई से ध्यान भटका रहे हैं।
ऑपरेशन महादेव: कैसे ढूंढे गए आतंकी
शाह ने बताया कि 22 अप्रैल के हमले के तुरंत बाद सुरक्षाबलों को निर्देश दिए गए कि आतंकी देश से बाहर न जाने पाएं। 22 मई को डाचिगाम के जंगलों में आतंकियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिली। इसके बाद महीनों तक सेना, CRPF और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया।
22 जुलाई को सेंसर और निगरानी के जरिए आतंकियों की उपस्थिति कन्फर्म हुई। ऑपरेशन में तीनों आतंकी मारे गए। उनके पास से 17 ग्रेनेड, एक अमेरिका निर्मित M4 कारबाइन और दो AK-47 राइफल्स बरामद हुईं।
शाह ने कहा, “हमारे पास एफएसएल रिपोर्ट है जो आतंकियों के पास मिली राइफलों और पहलगाम हमले में इस्तेमाल हथियारों के मिलान की पुष्टि करती है।”

पहचान की पुष्टि
तीनों आतंकी – लश्कर कमांडर सुलेमान शाह, अफगान, और जिब्रान – की पहचान उन्हीं स्थानीय लोगों ने की जो पहले से NIA की हिरासत में थे। इनमें से दो स्थानीय व्यक्ति – परवेज अहमद जोठार और बशीर अहमद – को आतंकियों को पनाह देने के आरोप में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
शाह का विपक्ष पर तंज और अखिलेश पर कटाक्ष
भाषण के दौरान विपक्ष के हंगामे पर शाह ने कहा, “मैं सोच रहा था कि पहलगाम हमले के आतंकियों के मारे जाने की खबर सुनकर सदन में खुशी होगी, लेकिन कुछ लोगों के चेहरों पर उदासी है।”
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बोलने पर शाह ने कटाक्ष करते हुए कहा, “अखिलेश जी, बैठ जाइए… मैं सबका जवाब दूंगा… आतंकियों के धर्म पर दुखी मत होइए।”











