भारतीय क्रिकेट में एमएस धोनी का नाम इतिहास के पन्नों में सुनहरे अक्षरों से लिखा जाता है। कपिल देव की कप्तानी में 1983 का वर्ल्ड कप जीतने के बाद टीम इंडिया को 28 साल का लंबा इंतजार करना पड़ा था।
यह इंतजार 2011 में खत्म हुआ, जब धोनी की अगुवाई में भारत ने वर्ल्ड कप ट्रॉफी दोबारा अपने नाम की। इसके अलावा धोनी ने 2007 का टी20 वर्ल्ड कप और 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी भी भारत को दिलाई।
लेकिन इन तमाम उपलब्धियों के बावजूद धोनी को लेकर आलोचनाएं भी सामने आती रही हैं। हाल ही में पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह ने धोनी, कपिल देव और बिशन सिंह बेदी पर गंभीर आरोप लगाए।
योगराज ने कहा –
“मैं उन लोगों की बात कर सकता हूं जिनके साथ रहा हूं। बिशन सिंह बेदी, कपिल देव, एमएस धोनी… इन्होंने लोगों के साथ बुरा सलूक किया है। जो गलत है वो गलत है। मैं खुलकर कहता हूं कि हमारे क्रिकेटर्स और टीम को हमारे कप्तान ने ही बर्बाद किया।”
इरफ़ान पठान और ‘हुक्का विवाद’
उधर, पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफ़ान पठान भी हाल ही में चर्चा में आए, जब उनका एक पुराना इंटरव्यू सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। 2020 में एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने बताया था कि 2008 में धोनी की कप्तानी के दौरान उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया था। उस दौरान उन्होंने यह भी कहा था कि उन्हें कभी किसी के कमरे में जाकर हुक्का तैयार करने की आदत नहीं है।
यह बयान अब सोशल मीडिया पर अलग संदर्भ में वायरल हो रहा है। इस पर सफाई देते हुए पठान ने एक्स (पहले ट्विटर) पर लिखा –
“आधा दशक पुराना वीडियो अब गलत संदर्भ में वायरल किया जा रहा है। यह फैन वॉर है या पीआर लॉबी?”
पठान ने इस मामले पर मज़ाकिया पोस्ट भी किए और साफ किया कि उनकी बात को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है।
योगराज का आरोप – “धोनी ने जवाब देने से बचा”
योगराज सिंह ने इरफ़ान पठान के इस मामले को भी धोनी से जोड़ते हुए कहा –
“यह सिर्फ इरफ़ान की बात नहीं है। गौतम गंभीर ने भी इस पर बोला, वीरेंद्र सहवाग ने खुलकर कहा, हरभजन सिंह ने भी बताया कि उन्हें टीम से मक्खी की तरह बाहर कर दिया गया। ऐसे में एक जूरी बननी चाहिए कि आखिर धोनी ने ऐसा क्यों किया। अगर धोनी जवाब नहीं देना चाहते, तो इसका मतलब है कि उनके मन में ग्लानि है।”
धोनी भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में गिने जाते हैं, लेकिन समय-समय पर उनके फैसलों को लेकर विवाद भी उठते रहे हैं। यह बहस एक बार फिर गर्मा गई है, और देखना होगा कि आने वाले दिनों में इस पर कौन-कौन से नए खुलासे सामने आते हैं।









