मार्शल काउंटी (वेस्ट वर्जीनिया) — अमेरिका में भारतीय मूल के एक परिवार की आध्यात्मिक यात्रा दुखद अंजाम पर पहुंची जब वेस्ट वर्जीनिया पुलिस ने शनिवार देर रात उनके दुर्घटनाग्रस्त वाहन से चारों सदस्यों के शव बरामद किए।
मृतकों की पहचान डॉ. किशोर दिवान (89), आशा दिवान (85), शैलेश दिवान (86) और गीता दिवान (84) के रूप में हुई है, जो सभी न्यूयॉर्क के बफ़ेलो शहर के निवासी थे। यह परिवार 2009 मॉडल की लाइम ग्रीन टोयोटा कैमरी (न्यूयॉर्क नंबर प्लेट: EKW2611) से वेस्ट वर्जीनिया के प्रसिद्ध ‘प्रभुपाद का पैलेस ऑफ गोल्ड’ की ओर यात्रा कर रहा था।
मार्शल काउंटी के शेरिफ माइक डोहरटी ने रविवार को बताया कि शनिवार रात करीब 9:30 बजे स्थानीय समयानुसार दुर्घटनाग्रस्त कार और शव वेस्ट वर्जीनिया के बिग व्हीलिंग क्रीक रोड पर एक गहरी खाई के नीचे मिले।
“फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स घटनास्थल पर पांच घंटे से अधिक समय तक मौजूद रहे। पीड़ितों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं,” शेरिफ डोहरटी ने बयान में कहा।
चारों वरिष्ठ नागरिकों की गुमशुदगी ने अमेरिका में भारतीय समुदाय में चिंता की लहर पैदा कर दी थी। वे आखिरी बार 29 जुलाई को पेंसिल्वेनिया स्थित एक बर्गर किंग रेस्टोरेंट में देखे गए थे, जहां CCTV फुटेज में दो सदस्य रेस्टोरेंट में प्रवेश करते दिखे। उनकी अंतिम क्रेडिट कार्ड ट्रांजैक्शन भी वहीं से हुई थी।
इसके बाद, पेंसिल्वेनिया स्टेट पुलिस की एक ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रीडर (ANPR) ने उनकी गाड़ी को इंटरस्टेट-79 पर साउथ की ओर जाते हुए ट्रैक किया था।
शेरिफ डोहरटी ने बताया था कि, “परिवार पहले पिट्सबर्ग जा रहा था, इसके बाद वेस्ट वर्जीनिया के माउंड्सविल पहुंचने वाला था।”
गाड़ी के गायब होने की सूचना मिलते ही वेस्ट वर्जीनिया के मार्शल और ओहायो काउंटियों की पुलिस ने संयुक्त खोज अभियान चलाया। बफ़ेलो में मिसिंग पर्सन रिपोर्ट दर्ज की गई और वाहन की जानकारी नेशनल क्राइम इंफॉर्मेशन सेंटर (NCIC) में रजिस्टर कर दी गई।
विलियम्सविल, न्यूयॉर्क स्थित एक गैर-लाभकारी संस्था ‘काउंसिल ऑफ हेरिटेज एंड आर्ट्स ऑफ इंडिया (CHAI)’ ने भी इन चारों को खोजने में सहयोग किया।
CHAI के अध्यक्ष सिबू नायर ने उस वक्त मीडिया से कहा था, “दो दंपत्ति यात्रा पर निकले थे और अब तक उनका कोई सुराग नहीं है। हम सभी बेहद चिंतित हैं। अगर किसी को उनके बारे में कोई जानकारी मिले तो कृपया साझा करें। आशा है वे सुरक्षित होंगे और जल्द मिल जाएंगे।”
फिलहाल दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच पूरी होने के बाद और जानकारी साझा की जाएगी।
यह भी पढ़ें- गंभीर खतरे के बीच शुरू हुआ माही नदी में लटके टैंकर को निकालने का ऑपरेशन, सिंगापुर के विशेषज्ञ मौके पर








