वॉशिंगटन/न्यू जर्सी: अमेरिका में एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ यूएस इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) ने एक भारतीय नागरिक को गिरफ्तार किया है। इस व्यक्ति पर एक नाबालिग के साथ कथित तौर पर यौन शोषण करने का संगीन आरोप है।
अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान वोडेला यशस्वी कोट्टापल्ली (Vodela Yashaswi Kottapalli) के रूप में हुई है। ICE के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी पर न्यू जर्सी में 13 साल से कम उम्र के बच्चे के साथ यौन उत्पीड़न और निजी संपत्ति की चोरी के आरोप लंबित हैं। इसके अलावा, उस पर अमेरिका में ‘शॉपलिफ्टिंग’ (दुकान से सामान चोरी) और सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने (public disorder) के भी आरोप लगे हैं।
ICE ने इस मामले में बेहद सख्त टिप्पणी करते हुए आरोपी को “भारत का एक आपराधिक अवैध विदेशी” (criminal illegal alien) करार दिया है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि उक्त व्यक्ति अमेरिका में बिना वैध दस्तावेजों के रह रहा है, यानी वह एक ‘अंडॉक्यूमेंटेड इमीग्रेंट’ है।
विभाग ने अपनी कार्रवाई के बारे में जानकारी देते हुए कहा, “हमने उसे हिरासत में ले लिया है और निर्वासन (deportation) की कार्यवाही पूरी होने तक वह हमारी कस्टडी में ही रहेगा।”
सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा
इस गिरफ्तारी की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर बहस छिड़ गई है और लोगों में काफी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर ICE द्वारा दी गई जानकारी पर प्रतिक्रिया देते हुए एक यूजर ने लिखा, “जब बात बच्चों की सुरक्षा की हो, तो किसी भी तरह के समझौते की रत्ती भर भी गुंजाइश नहीं है। चाहे कोई नागरिक हो या नहीं, इस तरह के आरोपों पर कानून का सबसे भारी हथौड़ा चलना चाहिए। यह राहत की बात है कि ICE और स्थानीय पुलिस ने ऐसे व्यक्ति को सड़कों से हटाने के लिए फुर्ती दिखाई। उम्मीद है कि न्यायिक प्रक्रिया भी उतनी ही तेज होगी और पीड़ितों को पूरा न्याय मिलेगा।”
वहीं, एक अन्य यूजर ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा, “बच्चे के साथ यौन शोषण… यह बहुत ही भयानक है। अगर वह दोषी पाया जाता है, तो उसे कठोरतम सजा मिलनी चाहिए।”
फिलहाल आरोपी एजेंसी की हिरासत में है और उसके अमेरिका से निष्कासन की प्रक्रिया पर काम किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें-
‘डैलसपुरम’: गणेश चतुर्थी के पुराने वीडियो पर छिड़ी नई बहस, H1B वीज़ा को लेकर फिर गरमाया माहौल
मेडिकल शिक्षा का मज़ाक या मजबूरी? 800 में से सिर्फ 9 नंबर लाने वाले डॉक्टर को मिली पीजी सीट











