रूस के सुदूर पूर्वी अमूर क्षेत्र में सोमवार को एक यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। चीन की सीमा के पास हुए इस हादसे में विमान में सवार सभी 49 लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। यह जानकारी समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने अधिकारियों के हवाले से दी है।
सोवियत युग में बना एंटोनोव An-24 विमान, जिसे साइबेरिया स्थित अंगारा एयरलाइंस संचालित कर रही थी, टिंडा हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दूसरे प्रयास के दौरान रडार से गायब हो गया। पहले प्रयास में विमान लैंड नहीं कर पाया था। कुछ ही देर में रेस्क्यू टीमों ने घने जंगलों में जलते हुए मलबे को खोज लिया।
प्रारंभिक जांच में खराब मौसम और लैंडिंग के दौरान पायलट की चूक को दुर्घटना का संभावित कारण बताया गया है। विमान लगभग 50 साल पुराना था और 1976 में निर्मित हुआ था।
एक वायरल वीडियो, जो कथित तौर पर एक हेलीकॉप्टर से शूट किया गया है, में घने जंगलों के बीच विमान का मलबा दिखाई दे रहा है।
क्षेत्रीय गवर्नर वासिली ऑरलोव ने टेलीग्राम पर लिखा कि शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, विमान में 43 यात्री और 6 क्रू मेंबर सवार थे। इनमें पांच बच्चे भी शामिल थे। “विमान की खोज के लिए सभी आवश्यक बल और संसाधन तैनात कर दिए गए हैं,” उन्होंने बताया।
हालांकि, रूस के आपात मंत्रालय ने यात्रियों की संख्या थोड़ी कम बताई है और कहा कि विमान में लगभग 40 लोग सवार थे।
हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि पिछले साल सितंबर में भी इसी अमूर क्षेत्र में एक अनरजिस्टर्ड उड़ान के दौरान एक रॉबिनसन R66 हेलीकॉप्टर तीन लोगों के साथ लापता हो गया था। यह क्षेत्र मास्को से लगभग 6,600 किलोमीटर पूर्व में स्थित है और अपनी दुर्गम भौगोलिक स्थिति तथा कठिन मौसम के लिए जाना जाता है।











