अगर आप B1/B2 विजिटर वीजा पर अमेरिका जाने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। मुंबई स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास (US Consulate General) ने गुरुवार को एक सख्त एडवाइजरी जारी की है। इसमें साफ तौर पर कहा गया है कि विजिटर वीजा पर जाकर वहां काम करना भारी पड़ सकता है।
ऐसा करने पर आपको न केवल अमेरिका से डिपोर्ट (देश-निकाला) किया जा सकता है, बल्कि भविष्य में अमेरिका में प्रवेश करने पर हमेशा के लिए प्रतिबंध भी लगाया जा सकता है।
वाणिज्य दूतावास की सख्त चेतावनी
लिंक्डइन (LinkedIn) पर एक पोस्ट साझा करते हुए, अमेरिकी वाणिज्य दूतावास ने यात्रियों को यात्रा की योजना बनाने से पहले नियमों को अच्छी तरह समझने की सलाह दी है।
पोस्ट में लिखा गया, “यात्रा करने से पहले नियमों को जान लें। B1/B2 विजिटर वीजा का उपयोग केवल बिजनेस मीटिंग्स और कॉन्ट्रैक्ट्स पर बातचीत करने के लिए किया जा सकता है, लेकिन वहां नौकरी करने के लिए आपको एक अलग वीजा की आवश्यकता होती है।”
चेतावनी में स्पष्ट किया गया है कि “अनधिकृत रोजगार (Unauthorized Employment)” यानी बिना अनुमति के काम करना, अमेरिका में प्रवेश पर स्थायी प्रतिबंध का कारण बन सकता है।
क्या है B1/B2 वीजा?
अमेरिकी सरकार की वेबसाइट के अनुसार, किसी भी विदेशी नागरिक को अमेरिका जाने के लिए पहले वीजा प्राप्त करना होता है। यह अस्थायी प्रवास के लिए ‘नॉन-इमिग्रेंट वीजा’ हो सकता है या स्थायी निवास के लिए ‘इमिग्रेंट वीजा’।
विजिटर वीजा उन लोगों के लिए नॉन-इमिग्रेंट वीजा है जो अस्थायी रूप से अमेरिका जाना चाहते हैं:
- B-1 वीजा: बिजनेस (व्यापार) के उद्देश्य से।
- B-2 वीजा: पर्यटन (टूरिज्म) के उद्देश्य से।
- B-1/B-2 वीजा: दोनों उद्देश्यों के लिए संयुक्त रूप से।
विजिटर वीजा पर आप क्या कर सकते हैं और क्या नहीं?
अक्सर लोग इस बात को लेकर भ्रमित रहते हैं कि वे अपने विजिटर वीजा पर क्या गतिविधियां कर सकते हैं। नियमों के अनुसार:
B-1 (बिजनेस) के तहत अनुमति:
- व्यावसायिक सहयोगियों के साथ परामर्श करना।
- किसी वैज्ञानिक, शैक्षिक, पेशेवर या व्यावसायिक सम्मेलन/कांफ्रेंस में भाग लेना।
- किसी संपत्ति या एस्टेट का निपटारा करना।
- कॉन्ट्रैक्ट्स (अनुबंधों) पर बातचीत करना।
B-2 (पर्यटन) के तहत अनुमति:
- घूमना-फिरना और छुट्टियां मनाना।
- दोस्तों या रिश्तेदारों से मिलना।
- चिकित्सा उपचार (Medical Treatment) लेना।
- सामाजिक या सेवा संगठनों द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेना।
- संगीत, खेल या अन्य प्रतियोगिताओं में एक एमेच्योर (शौकिया) के रूप में भाग लेना (बशर्ते इसके लिए कोई पैसा न मिल रहा हो)।
- शौक के तौर पर कोई छोटा कोर्स करना (जैसे छुट्टियों के दौरान दो दिन की कुकिंग क्लास), जो किसी डिग्री के लिए न हो।
अमेरिकी दूतावास ने वीडियो जारी कर समझाया नियम
नियमों को और स्पष्ट करने के लिए भारत स्थित अमेरिकी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर एक वीडियो भी जारी किया है। इस वीडियो में दो पात्र, ‘निक’ और ‘नेहा’, यह समझाते हुए नजर आ रहे हैं कि अगर कोई बिना अनुमति के अपनी यात्रा को बढ़ाता है तो उसका क्या परिणाम हो सकता है।
वीडियो में बताया गया है, “वीजा गाइड में आपका स्वागत है। आपके वीजा इंटरव्यू के दौरान, अगर कांसुलर अधिकारी को लगता है कि आप विजिटर वीजा के नियमों का पालन करने का इरादा नहीं रखते हैं, तो वे आपका आवेदन अस्वीकार कर सकते हैं।”
इसमें यह भी चेतावनी दी गई है कि “अपने वीजा का सही उपयोग करना आपकी जिम्मेदारी है। यह जानें कि B1/B2 वीजा पर अमेरिका में आप क्या कर सकते हैं और क्या नहीं। यदि आप अपने वीजा का दुरुपयोग करते हैं या अनुमति से अधिक समय तक रुकते हैं, तो आपको भविष्य में यात्रा करने से स्थायी रूप से प्रतिबंधित किया जा सकता है।”
यह भी पढ़ें-
‘खुद को ही समझ लिया है सरकार’- वड़ोदरा में अफसरशाही से नाराज 5 BJP विधायकों ने सीएम को लिखी चिट्ठी…











