अहमदाबाद। अमेरिका में अवैध प्रवासियों के खिलाफ जारी सख्त अभियान की चपेट में बड़ी संख्या में भारतीय नाबालिग भी आए हैं। अमेरिकी वित्त वर्ष 2023 (FY23) के बाद से अब तक बिना किसी अभिभावक के अमेरिका पहुंचे 1,389 भारतीय बच्चों को वहां हिरासत में लिया जा चुका है। चिंता की बात यह है कि इनमें से किसी भी बच्चे की अभी तक स्वदेश वापसी नहीं हो सकी है।
हालांकि, अमेरिकी प्रशासन की इस कड़ी कार्रवाई का सीधा असर नए मामलों पर भी पड़ा है और वहां अकेले मिलने वाले भारतीय बच्चों की संख्या में तेज गिरावट दर्ज की गई है। यूएस कस्टम्स एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन (USCBP) के आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2023 में ऐसे 730 भारतीय बच्चे मिले थे, जो वित्त वर्ष 2024 में घटकर 517 रह गए। इसके बाद वित्त वर्ष 2025 में यह संख्या 91 और वित्त वर्ष 2026 में महज 51 पर सिमट गई, जबकि अमेरिकी वित्त वर्ष 2027 के पहले महीने यानी अक्टूबर 2026 में केवल दो ऐसे मामले सामने आए।
भारतीय बच्चों की संख्या में आई यह कमी दुनिया के अन्य देशों से अमेरिका पहुंचने वाले नाबालिगों के रुझान से भी मेल खाती है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, सभी देशों के मिलाकर वित्त वर्ष 2024 में 1.1 लाख अकेले बच्चे पकड़े गए थे। वित्त वर्ष 2025 में यह आंकड़ा गिरकर 29,584 और वित्त वर्ष 2026 में 9,190 रह गया, वहीं अक्टूबर 2026 में कुल 722 बच्चे बिना अभिभावक के पाए गए।
अमेरिका के इमिग्रेशन नेटवर्क से वाकिफ लोगों का मानना है कि इस गिरावट के पीछे सख्त कानूनी कार्रवाई और तेज निर्वासन (डिपोर्टेशन) प्रक्रिया बड़ी वजह है। पहले कथित तौर पर नाबालिगों का इस्तेमाल ‘ग्रीन कार्ड ब्रिंगर्स’ के रूप में किया जाता था, ताकि उनके माता-पिता या रिश्तेदारों के लिए अमेरिका में कानूनी दर्जा हासिल करने की राह आसान हो सके। अब पकड़े जाने पर तुरंत डिपोर्ट किए जाने के चलते यह चलन धीरे-धीरे कम हो रहा है।
अमेरिका में बढ़ी इस सख्ती का डर वहां पहले से रह रहे भारतीय किशोरों के जीवन पर भी साफ दिख रहा है। कड़ी के एक व्यवसायी ने बताया कि उन्हें साल 2012 में अमेरिका से डिपोर्ट कर दिया गया था, लेकिन उनका 17 वर्षीय बेटा 12 साल की उम्र से ही टेक्सास में रह रहा है। मौजूदा हालात में वह अपने शरण (असाइलम) से जुड़े मामले की सुनवाई में जाने से भी घबरा रहा है।
कारोबारी ने कहा, “उसे लगता है कि वह पकड़ा जाएगा और उसे भारत वापस भेज दिया जाएगा। वह छिपकर एक गैस स्टेशन पर काम कर रहा है और एक धार्मिक संप्रदाय के सदस्यों के साथ रह रहा है।”
अकेले बच्चों के मामलों में गिरावट के बावजूद, अवैध तरीके से अमेरिका में दाखिल होने की कोशिश करने वाले शीर्ष देशों में भारत का नाम अब भी शामिल है। वित्त वर्ष 2026 में अमेरिकी अधिकारियों ने भारतीय नागरिकों से जुड़े 30,528 मामले दर्ज किए। 21 देशों की इस सूची में मेक्सिको और कनाडा के बाद भारत तीसरे स्थान पर रहा।
यह भी पढ़ें-
राजस्थान: वोट नहीं तो रोशनी भी नहीं? भाजपा प्रत्याशी की हार के बाद उतारी गईं स्ट्रीट लाइट्स








