कागजों पर मैरिज लाइसेंस, एल्बम में शादी की तस्वीरें, बैंकों में संयुक्त खाते और टाउन हॉल में समारोह—सब कुछ मौजूद था। अगर कुछ नहीं था, तो वह था पति-पत्नी का वास्तविक रिश्ता और साथ वैवाहिक जीवन बिताने का इरादा। अमेरिका में दो भारतीय नागरिकों को स्थायी निवास (परमानेंट रेजिडेंसी) दिलाने के लिए ऐसी ही फर्जी शादियां कराने के मामले में गुजराती मूल की 45 वर्षीय ब्रिटिश महिला ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
अमेरिकी अटॉर्नी माइकल डिजियाकोमो ने जानकारी दी कि आरोपी चांदनी पटेल ने अमेरिकी मजिस्ट्रेट माइकल जे. रोमर की अदालत में ‘मैरिज फ्रॉड’ की साजिश रचने का जुर्म कबूल किया है। इस अपराध के तहत अधिकतम पांच साल की जेल और 2,50,000 डॉलर (लगभग 2.3 करोड़ रुपये) तक के जुर्माने का प्रावधान है।
जिन दो भारतीय नागरिकों के लिए यह पूरा खेल रचा गया, उनकी पहचान दिशांत पटेल और श्वेता पटेल के रूप में हुई है। अमेरिका में एक साथ रह रहे इन दोनों आरोपियों को इस मामले में पहले ही दोषी ठहराकर सजा सुनाई जा चुकी है। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों ने यह खुलासा नहीं किया है कि दोनों भारत के किस राज्य या शहर के रहने वाले हैं।
अभियोजन पक्ष के मुताबिक, चांदनी पटेल विदेशी नागरिकों को अमेरिका का स्थायी निवास दिलाने में मदद करने का दावा करती थी। इसी सिलसिले में जनवरी 2022 में उसने एक कथित मैरिज ब्रोकर से हाथ मिलाया। चांदनी को जरा भी अंदाजा नहीं था कि वह ब्रोकर असल में कानून प्रवर्तन एजेंसी का एक अंडरकवर अधिकारी था।
योजना के तहत दिशांत और श्वेता की शादी जिन लोगों से तय की गई, वे भी जांच एजेंसी के अंडरकवर अधिकारी ही थे। न तो चांदनी पटेल और न ही भारतीय जोड़े को इस बात की भनक लगी कि ब्रोकर से लेकर होने वाले जीवनसाथी तक, सभी कानून प्रवर्तन एजेंसी के लिए काम कर रहे हैं।
इन फर्जी शादियों की पटकथा न्यूयॉर्क के हैमबर्ग में लिखी गई। चांदनी और अंडरकवर ब्रोकर ने अलग-अलग दिनों में दिशांत, श्वेता और उनके भावी जीवनसाथियों से मुलाकात की। इसके बाद सभी कानूनी कागजात और दिखावटी रस्में पूरी करते हुए हैमबर्ग टाउन हॉल में दोनों शादियां संपन्न कराई गईं।
अभियोजकों के अनुसार, शादियां होने के बाद चांदनी पटेल को इसके एवज में 10,000 डॉलर (लगभग 9.4 लाख रुपये) मिले। बाद में उसने दिशांत और श्वेता के लिए ‘यूएस सिटिजनशिप एंड इमिग्रेशन सर्विसेज’ (USCIS) में स्थायी निवास का आवेदन तैयार करने में भी मदद की। इसी के आधार पर मार्च 2022 में दोनों को कानूनी रूप से स्थायी निवासी का दर्जा मिल गया था।
अब चांदनी पटेल को सजा सुनाए जाने की तारीख अमेरिकी जिला न्यायाधीश लॉरेंस जे. विलार्डो के समक्ष तय की जाएगी। इस पूरे मामले की जांच स्पेशल एजेंट इन चार्ज एंथनी पैट्रोन के नेतृत्व में ‘होमलैंड सिक्योरिटी इन्वेस्टिगेशंस’ ने की है, जबकि असिस्टेंट यूएस अटॉर्नी पॉल ई. बोनानो अदालत में सरकार की ओर से पैरवी कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें-







