comScore ‘एक ही समुदाय को पुरस्कृत करने की होड़’: पूर्व CJI बी.आर. गवई ने कॉलेजियम में पक्षपात पर उठाए सवाल - Vibes Of India

Gujarat News, Gujarati News, Latest Gujarati News, Gujarat Breaking News, Gujarat Samachar.

Latest Gujarati News, Breaking News in Gujarati, Gujarat Samachar, ગુજરાતી સમાચાર, Gujarati News Live, Gujarati News Channel, Gujarati News Today, National Gujarati News, International Gujarati News, Sports Gujarati News, Exclusive Gujarati News, Coronavirus Gujarati News, Entertainment Gujarati News, Business Gujarati News, Technology Gujarati News, Automobile Gujarati News, Elections 2022 Gujarati News, Viral Social News in Gujarati, Indian Politics News in Gujarati, Gujarati News Headlines, World News In Gujarati, Cricket News In Gujarati

Vibes Of India

‘एक ही समुदाय को पुरस्कृत करने की होड़’: पूर्व CJI बी.आर. गवई ने कॉलेजियम में पक्षपात पर उठाए सवाल

| Updated: November 28, 2026 14:24

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लिखे पत्र में जस्टिस गवई ने जताई कड़ी असहमति; संसदीय आंकड़ों का हवाला देकर कहा— 5% से कम आबादी वाले समुदाय का सुप्रीम कोर्ट में 40% से अधिक प्रतिनिधित्व, एससी-एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यकों की हो रही अनदेखी।

भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) बी. आर. गवई ने सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की कार्यप्रणाली पर गंभीर चिंता जताते हुए शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखा है। उन्होंने कॉलेजियम द्वारा की जा रही नियुक्तियों और तबादलों पर अपनी स्पष्ट असहमति और निराशा दर्ज कराई है। पूर्व सीजेआई का कहना है कि कॉलेजियम की सिफारिशों में विविधता और वंचित वर्गों के प्रतिनिधित्व को दरकिनार कर लगातार एक ही समुदाय को तरजीह दी जा रही है।

हालांकि जस्टिस गवई ने अपने पत्र में किसी समुदाय का सीधा नाम नहीं लिया है, लेकिन उनका स्पष्ट इशारा ब्राह्मण समुदाय की ओर है। उन्होंने इस पत्र की प्रतियां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को भी भेजी हैं।

संवैधानिक जवाबदेही और राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग

जस्टिस गवई ने राष्ट्रपति से इस मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह करते हुए कहा कि यह मुद्दा संवैधानिक जवाबदेही से जुड़े गहरे सवाल खड़े करता है। उन्होंने अपील की कि भारतीय लोकतंत्र के सबसे अहम स्तंभों में से एक न्यायपालिका में समान प्रतिनिधित्व के संवैधानिक कर्तव्य की सभी को याद दिलाई जानी चाहिए।

पूर्व मुख्य न्यायाधीश ने स्पष्ट किया कि उन्हें समाज के किसी भी वर्ग के विरोध में न समझा जाए। उन्होंने लिखा कि अगड़े वर्गों के योग्य उम्मीदवारों पर हमेशा उचित विचार होता रहा है और उनका प्रयास सदैव सभी वर्गों के बीच संतुलन बनाने का रहा है। इसके बावजूद, मौजूदा परिस्थितियां इस धारणा को मजबूत कर रही हैं कि अब सिफारिशें मुख्य रूप से एक ही समुदाय को खुश करने और पुरस्कृत करने के उद्देश्य से की जा रही हैं।

अपने कार्यकाल का दिया हवाला

अपने कार्यकाल को याद करते हुए जस्टिस गवई ने कहा कि जब वे कॉलेजियम का हिस्सा थे और बाद में सीजेआई के रूप में इसकी अध्यक्षता कर रहे थे, तब उन्होंने हमेशा विविधता और समावेशिता के सिद्धांतों का पालन किया। उस दौरान हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में पदोन्नति के लिए नामों की सिफारिश करते समय अगड़े वर्गों के साथ-साथ अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यकों और महिलाओं को भी पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिया गया।

उन्होंने खेद जताया कि हालिया घटनाक्रम योग्यता और समावेशिता के सिद्धांतों की पूरी तरह अनदेखी को दर्शाते हैं। उनके अनुसार, एक विशेष वर्ग के उम्मीदवारों को इस तरह प्राथमिकता दी जा रही है कि बाकी सभी वर्ग पीछे छूट गए हैं। इसमें अनुसूचित जाति, जनजाति, ओबीसी, अल्पसंख्यक, महिलाएं और यहां तक कि उस विशेष समुदाय से बाहर के अगड़े वर्गों के लोग भी शामिल हैं।

संसदीय आंकड़ों से उजागर हुई असमानता

पत्र में इस बात पर जोर दिया गया है कि सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों की नियुक्तियां पारंपरिक रूप से मुख्यतः हाई कोर्ट से होती हैं। संसदीय आंकड़ों का हवाला देते हुए जस्टिस गवई ने बताया कि मार्च 2025 में कानून मंत्री ने राज्यसभा को जानकारी दी थी कि 2018 से अब तक हाई कोर्ट में नियुक्त कुल 715 न्यायाधीशों में से केवल 22 अनुसूचित जाति, 16 अनुसूचित जनजाति, 89 अन्य पिछड़ा वर्ग और 37 अल्पसंख्यक समुदायों से थे। इन नियुक्तियों में लगभग 75 प्रतिशत न्यायाधीश सामान्य वर्ग से थे।

जस्टिस गवई ने रेखांकित किया कि केंद्रीय कानून मंत्रालय ने खुद एक संसदीय समिति के सामने माना था कि ये आंकड़े उच्च न्यायपालिका में पिछड़े और अल्पसंख्यक समुदायों के असमान प्रतिनिधित्व को दिखाते हैं। उन्होंने आगे बताया कि जनवरी 2021 से जनवरी 2026 के बीच हुई नियुक्तियों में अगड़े समुदायों की हिस्सेदारी करीब 80 प्रतिशत के आसपास रही है। वहीं, देश की आबादी का लगभग 40 से 50 प्रतिशत हिस्सा होने के बावजूद अन्य पिछड़ा वर्ग को 14 प्रतिशत से भी कम प्रतिनिधित्व मिल सका है।

जाति दर्ज न करने की चुप्पी भी समस्या का हिस्सा

पूर्व सीजेआई ने लिखा कि इसी दायरे में से शीर्ष अदालत में एक खास समुदाय को वरीयता दी गई है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की नियुक्तियों में जाति का रिकॉर्ड नहीं रखा जाता और यही चुप्पी अपने आप में समस्या का हिस्सा है। जस्टिस गवई के शब्दों में, देश की आबादी में 5 प्रतिशत से कम हिस्सेदारी रखने वाले एक समुदाय का सुप्रीम कोर्ट में 40 प्रतिशत से अधिक प्रतिनिधित्व रहा है, जो हाल के समय में कई गुना बढ़ गया है।

उन्होंने इस स्थिति पर सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि वे स्वीकार करते हैं कि यह प्रवृत्ति नई नहीं है, लेकिन यही वजह है कि अब यह धीरे-धीरे अक्षम्य होती जा रही है।

हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों के तबादलों पर भी सवाल

जस्टिस गवई ने विभिन्न हाई कोर्ट के बीच तबादलों की हालिया सिफारिशों के औचित्य पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ऐसी धारणा बन रही है कि इन फैसलों में योग्यता को नजरअंदाज कर अन्य कारणों को महत्व दिया गया है।

एक उदाहरण देते हुए उन्होंने लिखा कि एक मुख्य न्यायाधीश, जिनका तबादला पहले एक हाई कोर्ट से दूसरे छोटे हाई कोर्ट में और फिर वहां से देश के सबसे छोटे हाई कोर्ट में से एक में किया गया था, उन्हें अब एक विशेष समुदाय से होने के कारण एक प्रमुख हाई कोर्ट में भेजकर पुरस्कृत किया गया है।

उन्होंने आगे कहा कि दूसरी तरफ, उनके लिए रास्ता बनाने के खातिर एक बेहद योग्य और मेहनती मुख्य न्यायाधीश का तबादला एक छोटे हाई कोर्ट में कर दिया गया। जस्टिस गवई के अनुसार, ऐसा कदम न केवल उस योग्य मुख्य न्यायाधीश का मनोबल तोड़ने वाला है, बल्कि समाज के वंचित वर्गों से आने वाले न्यायाधीशों सहित तमाम मेहनती जजों पर इसका बेहद हतोत्साहित करने वाला असर पड़ता है।

यह भी पढ़ें-

अहमदाबाद: टूर्नामेंट से पहले घर में चोरी ने बढ़ाई मुश्किल, फिर भी नहीं हारी हिम्मत

वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन पर आतंकी हमले की बड़ी साजिश नाकाम, गुजरात ATS ने AK-47 जैसी राइफल के साथ दबोचा

Your email address will not be published. Required fields are marked *