नई दिल्ली: भारत की प्रमुख निजी डिफेंस कंपनी अडानी डिफेंस एंड एयरोस्पेस और ग्लोबल एयरोस्पेस लीडर एम्ब्रेयर (Embraer) ने एक रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है। दोनों कंपनियों ने भारत में एक एकीकृत क्षेत्रीय परिवहन विमान (Regional Transport Aircraft – RTA) इकोसिस्टम विकसित करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं।
साझेदारी के मुख्य बिंदु
इस समझौते के तहत दोनों कंपनियां विमान निर्माण, सप्लाई चेन, आफ्टरमार्केट सेवाओं और पायलट ट्रेनिंग के अवसरों पर सहयोग करेंगी। इस साझेदारी का लक्ष्य एक असेंबली लाइन स्थापित करना है, जिसके बाद ‘आत्मनिर्भर भारत’ पहल और ‘उड़ान’ (UDAN) योजना के विजन के अनुरूप स्वदेशीकरण (indigenization) को चरणबद्ध तरीके से बढ़ाया जाएगा।
अडानी समूह का बयान
अडानी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के निदेशक, जीत अडानी ने कहा, “क्षेत्रीय उड्डयन आर्थिक विस्तार की रीढ़ है। ‘उड़ान’ जैसी पहलों से टियर 2 और टियर 3 शहरों में एयर कनेक्टिविटी बदल रही है, इसलिए एक स्वदेशी क्षेत्रीय उड्डयन इकोसिस्टम की आवश्यकता महत्वपूर्ण हो गई है।”
उन्होंने यह भी कहा कि यह साझेदारी भारत और ब्राजील के बीच रणनीतिक संबंधों को मजबूत करेगी।
अडानी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के प्रेसिडेंट और सीईओ, आशीष राजवंशी ने कहा, “हम भारत के क्षेत्रीय परिवहन विमान इकोसिस्टम को आकार दे रहे हैं। यह ‘आत्मनिर्भर एविएशन’ की दिशा में एक साहसिक कदम है जो शहरी-ग्रामीण अंतर को पाटेगा और उच्च-कौशल वाले रोजगार पैदा करेगा”।
एम्ब्रेयर का दृष्टिकोण
एम्ब्रेयर कमर्शियल एविएशन के प्रेसिडेंट और सीईओ, अर्जन मेइजर ने कहा, “भारत एम्ब्रेयर के लिए एक महत्वपूर्ण बाजार है, और यह साझेदारी हमारी एयरोस्पेस विशेषज्ञता को अडानी की मजबूत औद्योगिक क्षमताओं और स्वदेशीकरण के प्रति प्रतिबद्धता के साथ जोड़ती है”।
मौजूदा उपस्थिति और भविष्य की योजनाएं
यह साझेदारी एम्ब्रेयर की इंजीनियरिंग और विनिर्माण विशेषज्ञता का लाभ उठाएगी, साथ ही अडानी के एविएशन वैल्यू-चेन (जिसमें एयरपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर, एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग, MRO सेवाएं और पायलट ट्रेनिंग शामिल हैं) का उपयोग करेगी। प्रस्तावित इकोसिस्टम का उद्देश्य घरेलू मांग का समर्थन करना और इंजीनियरिंग, विनिर्माण और लॉजिस्टिक्स में रोजगार के अवसर पैदा करना है।
गौरतलब है कि एम्ब्रेयर का भारत में लंबा इतिहास है। वर्तमान में भारत में लगभग 50 एम्ब्रेयर विमान कमर्शियल, डिफेंस और बिजनेस एविएशन में संचालित हैं। इनमें भारतीय वायु सेना द्वारा संचालित लिगेसी 600 और ‘नेत्र’ (Netra) AEW&C विमान, तथा स्टार एयर (Star Air) द्वारा संचालित 13 विमानों का बेड़ा शामिल है।
यह भी पढ़ें-
गुजरात ATS की बड़ी कार्रवाई: नवसारी से कट्टरपंथी युवक गिरफ्तार, दहलाने वाली साजिश नाकाम
यूपीआई की धूम के बीच छोटे नोटों की वापसी: सरकार ला रही है ‘हाइब्रिड ATM’…









