मुंबई के एक आलीशान पांच सितारा होटल में उस वक्त हैरान करने वाला वाकया सामने आया, जब देश के जाने-माने कार्डियोलॉजिस्ट अपने विदेशी मेहमानों के साथ खाना खा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी टेबल पर एक छोटा कॉकरोच घूमता हुआ नजर आया, जिसने देश के सबसे महंगे लग्जरी होटलों में से एक की साफ-सफाई की पोल खोल कर रख दी है।
यह घटना मुंबई के सहर स्थित जे डब्लू मैरियट होटल के जाने-माने रोमानो रेस्टोरेंट की है। फोर्टिस हेल्थकेयर के चेयरमैन और मशहूर हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक सेठ शनिवार की शाम यहां डिनर के लिए पहुंचे थे। टेबल पर खाने के बर्तनों के बीच कॉकरोच को दौड़ता देख उनकी भूख ही मर गई और वे खाना बीच में ही छोड़कर वहां से चले गए।
इस पूरे वाकये को लेकर डॉ. सेठ ने रविवार शाम को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक बेहद तंज भरा पोस्ट लिखा। उन्होंने कॉकरोच को ‘रोची’ नाम देते हुए लिखा कि देखिए रात के खाने पर अचानक कौन आ गया है। उनका यह बिन बुलाया मेहमान रोमानो रेस्टोरेंट में उनका डिनर शेयर करना चाहता था।
अपने पोस्ट में उन्होंने चुटकी लेते हुए आगे लिखा कि काफी समझाने के बावजूद रोची वहां से जाने को तैयार नहीं था, शायद उसे पास्ता की बजाय पिज्जा चाहिए था। हालांकि, इस घटना ने उनका मूड पूरी तरह खराब कर दिया। इस गंभीर मामले पर जे डब्लू मैरियट की तरफ से अभी तक कोई भी आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
होटल प्रशासन पर निशाना साधते हुए डॉ. सेठ ने महाराष्ट्र के फूड सेफ्टी कमिश्नर तुकाराम मुंडे का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि शुक्र है कि हम मुंडे जी के इलाके में हैं और पूरी उम्मीद है कि वह इस मामले पर जरूर ध्यान देंगे। अपने पोस्ट में उन्होंने तुकाराम मुंडे, एफएसएसएआई और जे डब्लू मैरियट को टैग किया है।
सोमवार को मीडिया से बातचीत करते हुए डॉ. सेठ ने इस मुद्दे को बेहद गंभीर बताया। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि अगर टेबल पर एक कॉकरोच है, तो किचन में जरूर ऐसे और भी होंगे। यह साफ-सफाई को लेकर मैरियट जैसे बड़े ब्रांड के बेहद लापरवाह रवैये को दर्शाता है।
डॉ. सेठ ने नाराजगी जताते हुए कहा कि उनके साथ विदेशी प्रतिनिधि भी मौजूद थे और इस तरह की घटना देश के लिए बेहद शर्मिंदगी की बात है। उन्होंने कहा कि यह एक फाइव स्टार होटल है जो खाने के इतने भारी-भरकम पैसे वसूलता है, ऐसे में उन्हें कहीं बेहतर सुविधाएं देनी चाहिए।
बता दें कि महाराष्ट्र के एफडीए कमिश्नर तुकाराम मुंडे ने मई 2026 में कार्यभार संभालने के बाद से ही राज्य भर में खाद्य सुरक्षा को लेकर एक बड़ा अभियान छेड़ रखा है। वह लगातार बड़े और हाई-प्रोफाइल रेस्टोरेंट, कैफे और फूड आउटलेट्स पर छापेमारी कर रहे हैं।
साफ-सफाई में लापरवाही और खराब क्वालिटी के खाने की वजह से कई बड़े होटलों के लाइसेंस भी निलंबित किए जा चुके हैं। अपने इस अभियान के दौरान मुंडे ने किचन में कॉकरोच और चूहों की मौजूदगी, खराब स्टोरेज और एक्सपायर्ड सामान के इस्तेमाल जैसी कई बड़ी खामियों को बेनकाब किया है।
यह भी पढ़ें-
‘क्या तुम सच में अमेरिकी हो?’: ट्रंप की ‘MAGA’ ब्रिगेड की नस्लीय कसौटी पर परखे जा रहे भारतीय मूल…








