देश की सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई एडवांस्ड (JEE Advanced 2026) में इस साल लड़कियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से एक नया मुकाम हासिल किया है। पिछले छह सालों में यह पहला मौका है जब 10 हजार से अधिक छात्राओं ने इस कठिन परीक्षा को पास किया है।
इस वर्ष परीक्षा का आयोजन करने वाले संस्थान आईआईटी रुड़की (IIT Roorkee) की ज्वाइंट इम्प्लीमेंटेशन कमेटी (JIC) द्वारा जारी की गई रिपोर्ट में यह उत्साहजनक जानकारी सामने आई है।
जेआईसी की इस रिपोर्ट के आंकड़ों के अनुसार, कुल 43,112 महिला उम्मीदवारों ने जेईई एडवांस्ड के लिए अपना पंजीकरण कराया था। इनमें से 40,562 छात्राएं दोनों प्रश्नपत्रों की परीक्षा में शामिल हुईं और 10,107 ने सफलता का परचम लहराया।
छात्राओं की सफलता दर में भी पिछले साल के मुकाबले स्पष्ट वृद्धि देखने को मिली है। साल 2025 में यह दर 21.7 प्रतिशत थी, जो इस बार बढ़कर 23.4 प्रतिशत हो गई है। इसका सीधा अर्थ यह है कि जहां पिछले साल हर पांच में से एक छात्रा पास हो रही थी, वहीं इस बार हर चार में से एक पंजीकृत छात्रा ने इस परीक्षा को क्रैक किया है।
महिला वर्ग में टॉप करने वाली छात्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR) 77 हासिल की है। उन्होंने कुल 280 अंक प्राप्त किए, जिनमें गणित में 101, भौतिकी में 86 और रसायन विज्ञान में 93 अंक शामिल हैं।
रिपोर्ट में इस बात का भी जिक्र किया गया है कि दाखिला पाने वाली कुल 3,814 छात्राओं में से 37 ने जेंडर-न्यूट्रल पूल (gender-neutral pool) के जरिए अपनी सीट पक्की की है।
अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के उम्मीदवारों के प्रदर्शन में भी भारी उछाल दर्ज किया गया है। पिछले वर्ष की तुलना में इनकी योग्यता दर में क्रमशः 9.8 और 8.1 प्रतिशत अंकों की शानदार वृद्धि हुई है।
आंकड़ों पर गौर करें तो इस साल 15,856 एससी और 6,379 एसटी छात्रों ने जेईई एडवांस्ड पास किया है। जबकि, पिछले साल यह आंकड़ा क्रमशः 12,499 और 5,008 तक ही सीमित था। इसी तर्ज पर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के सफल उम्मीदवारों की संख्या भी 6,291 से बढ़कर 6,377 हो गई है।
दूसरी तरफ, सामान्य वर्ग (General category) के परिणामों में थोड़ी गिरावट देखने को मिली है। पिछले साल इस वर्ग के 16,154 छात्रों ने परीक्षा पास की थी, जबकि इस साल यह संख्या घटकर 15,883 रह गई है। इनकी सफलता दर भी 43 प्रतिशत से लुढ़ककर 39.8 प्रतिशत पर आ गई है।
कुछ ऐसा ही हाल ओबीसी (नॉन-क्रीमी लेयर) उम्मीदवारों का भी रहा। इस श्रेणी की योग्यता दर 18.2 प्रतिशत से गिरकर 17.5 प्रतिशत हो गई है। सफल होने वाले ओबीसी छात्रों की कुल संख्या भी 12,606 से कम होकर 12,385 पर पहुंच गई है।
आपको बता दें कि जेईई (एडवांस्ड) 2026 की परीक्षा 17 मई को दो पालियों में आयोजित की गई थी। इसके लिए कुल 1,87,389 उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से 1,79,694 परीक्षार्थी दोनों पेपर में बैठे थे। परीक्षा देने वाले इन छात्रों में से कुल 56,880 उम्मीदवारों को सफलता मिली है।
जेईई एडवांस्ड के नियमों के मुताबिक, जेईई (मेन) 2026 से शीर्ष 2,50,000 उम्मीदवारों को इस परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाना था। हालांकि पर्सेंटाइल के एक समान होने (bunching of percentiles) के कारण कुल 2,50,174 छात्रों को योग्य घोषित किया गया। इस संख्या में 394 विदेशी और 2058 ओसीआई/पीआईओ (OCI/PIO) उम्मीदवार शामिल नहीं हैं।
रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट किया गया है कि क्वालिफाइंग मानदंडों में थोड़ी छूट दी गई थी। ऐसा इसलिए किया गया ताकि प्रत्येक श्रेणी में उपलब्ध सीटों की तुलना में कम से कम दोगुने उम्मीदवार योग्यता प्राप्त कर सकें।
दाखिले और सीट आवंटन के मोर्चे पर, सबसे ज्यादा 1,952 सीटें आईआईटी खड़गपुर में आवंटित की गई हैं। इसके बाद आईआईटी बीएचयू में 1,590, आईआईटी बॉम्बे में 1,366, आईआईटी रुड़की में 1,357 और आईआईटी दिल्ली में 1,251 छात्रों को प्रवेश मिला है। वहीं, आईआईटी कानपुर में 1,241, आईआईटी धनबाद में 1,215 और आईआईटी मद्रास में 1,122 सीटें आवंटित हुई हैं।
यह भी पढ़ें-
गरबा का नया लग्जरी अवतार: लाखों के वीवीआईपी पैकेज में मिल रहे बटलर, वैलेट पार्किंग और फुट मसाज
किसानों-आदिवासियों से लेकर महिलाओं और छात्रों तक… महाराष्ट्र में हर कोई सड़कों पर क्यों है?











