बॉलीवुड स्टार टाइगर श्रॉफ पर हुए जानलेवा हमले में एक बेहद चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। सूत्रों के हवाले से मिली पुख्ता जानकारी के मुताबिक, इस खौफनाक साजिश का असली निशाना टाइगर श्रॉफ नहीं, बल्कि कोई और हाई-प्रोफाइल व्यक्ति था।
रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर एक फुटबॉल मैच खेलकर लौट रहे थे, तभी उनकी कार पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई गईं। इस वारदात को अंजाम देने वाले तीन शूटरों की पहचान बिहार के 22 वर्षीय ऋतिक उर्फ रोशन, और हरियाणा के 18 वर्षीय रेहान व फूल सिंह के रूप में हुई है।

मंगलवार को इन शूटरों से हुई पूछताछ में कई बड़े राज खुले हैं। हमलावरों ने कुबूल किया है कि वे मुंबई किसी अन्य वीआईपी शख्स की हत्या करने के इरादे से आए थे। उन्होंने उस व्यक्ति के ठिकानों की कई बार रेकी भी की थी।
जब शूटरों को लगा कि उस खास शख्स तक पहुंचना उनके लिए नामुमकिन है, तो उन्होंने अपना प्लान बदल दिया। नया टारगेट तलाशते हुए उनकी नजर टाइगर श्रॉफ पर पड़ी। फैंस द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर की गई रील्स देखकर उन्हें पता चला कि इस अभिनेता के पास पुलिस सुरक्षा नहीं है।
इसके बाद उन्होंने श्रॉफ और उनके फैंस के इंस्टाग्राम अकाउंट की बारीकी से निगरानी शुरू कर दी। इसी सोशल मीडिया ट्रैकिंग के जरिए उन्हें एक्टर की हर लोकेशन की सटीक जानकारी मिलने लगी। सूत्रों के अनुसार, हमलावरों का मकसद टाइगर को निशाना बनाकर बॉलीवुड में भारी दहशत फैलाना था।
हमलावरों ने टाइगर की कार पर कुल सात राउंड फायरिंग की। वे और ज्यादा गोलियां बरसाना चाहते थे, लेकिन ऐन मौके पर उनकी बंदूक जाम हो गई। इस हमले में अभिनेता और उनके ड्राइवर को चोटें आईं, लेकिन गनीमत रही कि वे किसी तरह वहां से अपनी जान बचाकर कार भगाने में कामयाब रहे।
इस हमले के कुछ ही घंटों बाद कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने घटना की जिम्मेदारी ली। हमले के बाद एक ऑडियो क्लिप सामने आई, जिसमें खुद को लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई बताने वाले अनिल पंडित नाम के शख्स ने कहा कि उन्होंने ही इस वारदात को अंजाम दिया है। गैंग का दावा है कि टाइगर को सलमान खान से दूरी बनाने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन उन्होंने इसे नजरअंदाज किया।
ऑडियो क्लिप में खुली चेतावनी दी गई है कि फिल्म इंडस्ट्री में जो भी उनके खिलाफ जाएगा या सलमान खान के साथ काम करेगा, उसे मार दिया जाएगा। जांच में यह भी सामने आया है कि इस काम के लिए शूटरों को 50,000 रुपये एडवांस दिए गए थे।
काम पूरा होने के बाद उन्हें मोटी रकम और विदेश में नौकरी दिलाने का लालच दिया गया था। जानकारी के मुताबिक, फायरिंग के तुरंत बाद शूटरों ने अपने आकाओं को ‘ऑपरेशन कंप्लीट’ का संदेश भी दे दिया था।
इस गंभीर घटना के बाद सोमवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ के घर जाकर उनसे मुलाकात की। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से कड़ी कार्रवाई का भरोसा देते हुए कहा कि मुंबई में किसी की भी दादागिरी नहीं चलेगी। शिंदे ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए स्पष्ट किया कि सरकार ऐसी गुंडागर्दी को पूरी तरह से खत्म कर देगी।
यह भी पढ़ें-
लॉरेंस बिश्नोई साबरमती जेल में क्यों रहेगा कैद? जानें गुजरात से बाहर न निकाल पाने की इनसाइड स्टोरी
टाइगर श्रॉफ पर हमले की इनसाइड स्टोरी: कैसे एक साधारण ‘रैपिडो राइडर’ बना लॉरेंस बिश्नोई गैंग का शूटर?










