अहमदाबाद। गुजरात में डायबिटीज के खतरे को लेकर शहरी और ग्रामीण इलाकों के बीच का अंतर अब तेजी से कम हो रहा है। हाल ही में जारी राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (NFHS)-6 के जिला स्तरीय आंकड़ों ने एक चिंताजनक तस्वीर पेश की है। रिपोर्ट के अनुसार, पिछले चार सालों में राज्य के गैर-शहरी क्षेत्रों में ब्लड शुगर के मामलों में भारी उछाल दर्ज किया गया है।
साल 2023-24 में किए गए NFHS-6 सर्वेक्षण के मुताबिक, गुजरात में 18.6 प्रतिशत पुरुष और 16.4 प्रतिशत महिलाएं हाई या वेरी-हाई ब्लड शुगर (>140 mg/dl) की समस्या से जूझ रहे हैं या फिर इसे नियंत्रित करने के लिए दवाएं ले रहे हैं। यह आंकड़ा NFHS-5 (2019-21) की तुलना में पुरुषों में 1.7 प्रतिशत और महिलाओं में 0.6 प्रतिशत अधिक है।
हालांकि, डायबिटीज का प्रभाव अभी भी शहरों में ज्यादा है। आंकड़ों पर गौर करें तो शहरी इलाकों में 20.2 प्रतिशत पुरुष और 18.2 प्रतिशत महिलाएं हाई ब्लड शुगर से पीड़ित हैं। वहीं, ग्रामीण इलाकों में यह दर पुरुषों के लिए 17.6 प्रतिशत और महिलाओं के लिए 15.2 प्रतिशत है। लेकिन, NFHS-5 और NFHS-6 के तुलनात्मक अध्ययन से यह साफ हो गया है कि ब्लड शुगर के मामलों में सबसे तेज वृद्धि शहरों के बाहर स्थित जिलों में हो रही है।
पुरुषों के आंकड़ों की बात करें तो नवसारी जिले में ब्लड शुगर के मामलों में 9.2 प्रतिशत की सबसे बड़ी वृद्धि दर्ज की गई है। यहां NFHS-5 के 16.1 प्रतिशत के मुकाबले NFHS-6 में यह आंकड़ा बढ़कर 25.3 प्रतिशत हो गया है। इसके बाद आनंद में 8.9 प्रतिशत और गिर सोमनाथ में 7.6 प्रतिशत का इजाफा देखा गया है।
वहीं महिलाओं के मामले में सबसे ज्यादा मामले दक्षिण गुजरात में बढ़े हैं। डांग जिले में महिलाओं के बीच डायबिटीज के मामलों में 6.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, जो पहले के 6.7 प्रतिशत से बढ़कर अब 13.2 प्रतिशत तक पहुंच गई है। इसके अलावा वलसाड में 5.6 प्रतिशत और नवसारी में 4.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
आज 14 नवंबर को ‘अर्ली एक्शन ऑन डायबिटीज’ (Early Action on Diabetes) की थीम के साथ विश्व मधुमेह दिवस (World Diabetes Day) मनाया जा रहा है। इस मौके पर राज्य के डॉक्टरों का कहना है कि सर्वेक्षण के यह आंकड़े जमीनी हकीकत से पूरी तरह मेल खाते हैं। खासकर दक्षिण गुजरात के इलाकों में ऐसे मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है।
वलसाड के जाने-माने डायबिटोलॉजिस्ट और रिसर्च सोसाइटी फॉर द स्टडी ऑफ डायबिटीज इन इंडिया (RSSDI) के गुजरात चैप्टर के पूर्व सचिव डॉ. संदीप देसाई ने इस बदलाव के पीछे जीवनशैली को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि छोटे कस्बों और गांवों में पहले शारीरिक मेहनत, पैदल चलना, घर का बना खाना और बेहतर नींद जैसी आदतें लोगों को बीमारियों से बचाती थीं।
डॉ. देसाई ने आगे बताया कि आज सूरत, वलसाड या नवसारी के लोगों के बॉडी मास इंडेक्स (BMI) में कोई खास अंतर नहीं रह गया है। यहां तक कि डांग और तापी जैसे इलाकों के लोग भी अब मोबाइल फोन में उलझे रहते हैं और दो दशक पहले की तरह शारीरिक श्रम नहीं करते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि बढ़ती जागरूकता के कारण अब अधिक लोग जांच के लिए अस्पतालों में आ रहे हैं, जिससे आंकड़े बढ़े हुए भी दिख रहे हैं।
अहमदाबाद के वरिष्ठ डायबिटोलॉजिस्ट डॉ. संजीव पाठक ने भी इन आंकड़ों पर चिंता जताते हुए चेतावनी दी है। उनका कहना है कि खान-पान, रहन-सहन और आकांक्षाओं के मामले में अब शहरी और ग्रामीण जीवन में कोई खास फर्क नहीं बचा है। आंकड़ों के अनुसार, शहरों में हर पांच में से एक पुरुष का ब्लड शुगर बढ़ा हुआ है, जो कि एक बड़े खतरे का संकेत है।
डॉ. पाठक ने सलाह दी है कि इस बीमारी को रोकने के लिए जल्द से जल्द कदम उठाने की जरूरत है। आज के समय में बच्चे, किशोर और युवा फूड डिलीवरी ऐप्स के दीवाने हो चुके हैं और बिना किसी शारीरिक व्यायाम या खेलों में हिस्सा लिए बाहर का खाना पसंद करते हैं। उन्हें अपनी जीवनशैली में तुरंत सुधार करने की आवश्यकता है ताकि इस गंभीर बीमारी से बचा जा सके।
यह भी पढ़ें-
पित्रोदा की तारीफ के बाद पीएम मोदी ने ‘सैम भाई’ को दी दिवाली की बधाई











