कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सह-संयोजक और प्रवक्ता सौरव दास ने सोमवार को आरोप लगाया कि उन्हें लंदन जाने से रोक दिया गया। वे ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में एक व्याख्यान देने के लिए रवाना होने वाले थे।
सौरव दास को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के इमिग्रेशन काउंटर पर उनकी निर्धारित उड़ान में सवार होने से ठीक पहले रोका गया। उन्होंने दावा किया कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने जानबूझकर उन्हें फ्लाइट पकड़ने नहीं दी।
इस घटना के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए दास ने लिखा, “इस कायर मोदी सरकार ने मुझे ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में व्याख्यान देने के लिए लंदन जाने से दिल्ली एयरपोर्ट पर रोक दिया है।”
दास ने बताया कि ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले भारतीय छात्रों ने उन्हें एक पैनल चर्चा के लिए आमंत्रित किया था। उनके मुताबिक, छात्र देश में चल रहे आंदोलन से जुड़ना चाहते थे और यह जानना चाहते थे कि भारत में क्या हो रहा है। हालांकि, जब वे बोर्डिंग से पहले इमिग्रेशन चेकपॉइंट पर पहुंचे, तो उन्हें जानकारी मिली कि उनका पासपोर्ट फ्लैग कर दिया गया है।
केंद्र सरकार को ‘बौद्धिकता-विरोधी’ करार देते हुए सीजेपी नेता ने कहा कि उन्हें ऑक्सफोर्ड के अलावा कैम्ब्रिज, एलएसई (LSE) और एडिनबर्ग जैसे प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों से भी ‘कॉकरोच आंदोलन’ पर बोलने का न्योता मिला था। उन्होंने कहा कि भारतीय छात्रों ने इन कार्यक्रमों के आयोजन में अपनी पूरी मेहनत झोंक दी थी, लेकिन कायर सरकार इन नामी संस्थानों में उनके जाने से डर गई।
सौरव दास ने सवाल उठाया कि आखिर यह सरकार पढ़े-लिखे युवाओं से इतना क्यों डरती है? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर वे भी उद्योगपति नीरव मोदी या विजय माल्या की तरह होते और बैंकों से कुछ हजार करोड़ रुपये लूटे होते, तो बड़ी आसानी से देश के बाहर उड़ान भर सकते थे।
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए दास ने कहा, “अगर हम विजय माल्या होते, तो अरुण जेटली के साथ एक गुप्त बैठक करते और 3-4 घंटे के भीतर लंदन के लिए रवाना हो जाते। लेकिन हमारे अंदर वह बात नहीं है; हम युवाओं में लोगों को लूटने, पीटने या धमकाने की फितरत नहीं है। इसी वजह से हमें विदेश जाने और अच्छा काम करने से रोका जा रहा है।”
यह भी पढ़ें-










