गांधीनगर: जिस राज्य में पानी की एक-एक बूंद फसल की किस्मत तय करती है, वहां अब जल संरक्षण केवल जरूरत नहीं, बल्कि कमाई का बड़ा जरिया बनने जा रहा है। गुजरात सरकार एक नई ‘वॉटर क्रेडिट योजना’ शुरू करने जा रही है। इस पहल के तहत जल संरक्षण के क्षेत्र में काम करने वाले किसान, आम नागरिक और अन्य संस्थाएं अपने प्रयासों से अर्जित क्रेडिट बेचकर सीधी कमाई कर सकेंगी।
इस प्रस्तावित योजना का मुख्य उद्देश्य वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण और जल संसाधनों के संरक्षण को बढ़ावा देना है। सरकार चाहती है कि जो लोग पानी बचाने के लिए अपना समय और पैसा खर्च करते हैं, उन्हें इसका सीधा आर्थिक लाभ भी मिले।
एक अधिकारी ने इस योजना की रूपरेखा समझाते हुए कहा कि इसके पीछे की सोच संरक्षित किए गए पानी की हर मापने योग्य इकाई को आर्थिक मूल्य देना है। इससे किसानों और अन्य हितधारकों को पानी की उपलब्धता के सीधे लाभ के अलावा आय का एक अतिरिक्त स्रोत भी मिल सकेगा।
इस अवधारणा की संभावनाएं बनासकांठा जिले में किए गए एक पायलट अध्ययन में पहले ही सामने आ चुकी हैं। ‘रेनवॉटर हार्वेस्टिंग एंड रीयूज थ्रू फार्म पॉन्ड्स’ (फार्म पॉन्ड के जरिए वर्षा जल संचयन और उसका पुन: उपयोग) शीर्षक वाले इस अध्ययन में डीसा, धानेरा और लाखनी तालुकाओं के 35 गांवों में बने 109 फार्म पॉन्ड (खेत तालाबों) को शामिल किया गया था।
परियोजना की रिपोर्ट के मुताबिक, इन तालाबों में कुल मिलाकर लगभग 400 मिलियन लीटर (40 करोड़ लीटर) वर्षा जल जमा करने की क्षमता है। इनमें से करीब 70 प्रतिशत तालाबों में जियोमेम्ब्रेन लाइनिंग की गई है, जबकि शेष 30 प्रतिशत तालाबों में मिट्टी और सीमेंट की लाइनिंग है। मिट्टी-सीमेंट की इस व्यवस्था से कुछ पानी धीरे-धीरे जमीन में रिसता है, जिससे भूजल स्तर को रिचार्ज करने में मदद मिलती है।
रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2021-22 की क्रेडिटिंग अवधि के दौरान इस परियोजना ने 1,30,678 ‘रेनवॉटर ऑफसेट यूनिट्स’ (RoU) तैयार किए। प्रत्येक RoU 1,000 लीटर योग्य संरक्षित पानी के बराबर होता है। इन क्रेडिट्स की गणना ‘यूनिवर्सल वॉटर रजिस्ट्री’ के रेनवॉटर ऑफसेट यूनिट फ्रेमवर्क के तहत की गई थी।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत, सबसे पहले पात्र जल संरक्षण परियोजनाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। इसके बाद उनसे होने वाले जल लाभ का मात्रात्मक आकलन कर उसका स्वतंत्र रूप से सत्यापन कराया जाएगा। सत्यापन पूरा होने पर क्रेडिट जारी किए जाएंगे, जिन्हें संभावित खरीदारों को बेचा जा सकेगा। इस लेनदेन से मिलने वाला राजस्व सीधे परियोजना के मालिकों के पास जाएगा, जिससे वे जल संरक्षण ढांचे के निर्माण और उसके रखरखाव के लिए प्रेरित होंगे।
अधिकारियों ने बताया कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2023 में ही वॉटर क्रेडिट को लेकर एक अधिसूचना जारी की थी, लेकिन अब तक केवल एक पायलट प्रोजेक्ट ही चलाया जा सका है। परियोजना रिपोर्ट में इस बात पर भी जोर दिया गया है कि वॉटर क्रेडिट से होने वाली कमाई लोगों को अधिक संख्या में छोटे फार्म पॉन्ड, रिचार्ज कुएं और सोक पिट (सोख्ता गड्ढे) बनाने के लिए प्रोत्साहित करेगी। इससे जल संरक्षण आर्थिक रूप से व्यावहारिक बनेगा और इसे अपनाने की गति भी तेज होगी।
यह भी पढ़ें-
पत्नी और 4 साल के बेटे के अमेरिका से निर्वासन के बाद मेहसाणा के युवक ने खुद चुना वतन वापसी का रास्ता










