comScore रतनमहल के 'अकेले राजा' को मिलेंगी दो जीवनसाथी: बाघिनों के स्वागत में गुजरात वन विभाग तैयार कर रहा खास बाड़े - Vibes Of India

Gujarat News, Gujarati News, Latest Gujarati News, Gujarat Breaking News, Gujarat Samachar.

Latest Gujarati News, Breaking News in Gujarati, Gujarat Samachar, ગુજરાતી સમાચાર, Gujarati News Live, Gujarati News Channel, Gujarati News Today, National Gujarati News, International Gujarati News, Sports Gujarati News, Exclusive Gujarati News, Coronavirus Gujarati News, Entertainment Gujarati News, Business Gujarati News, Technology Gujarati News, Automobile Gujarati News, Elections 2022 Gujarati News, Viral Social News in Gujarati, Indian Politics News in Gujarati, Gujarati News Headlines, World News In Gujarati, Cricket News In Gujarati

Vibes Of India
Vibes Of India

रतनमहल के ‘अकेले राजा’ को मिलेंगी दो जीवनसाथी: बाघिनों के स्वागत में गुजरात वन विभाग तैयार कर रहा खास बाड़े

| Updated: November 19, 2026 14:58

अहमदाबाद। गुजरात के रतनमहल के जंगलों में रहने वाले राज्य के इकलौते नर बाघ का अकेलापन जल्द ही दूर हो सकता है। वन विभाग उसके लिए दो संभावित जीवनसाथी यानी दो बाघिनों को लाने की तैयारी में जुटा है, लेकिन उन्हें सीधे उसके इलाके में छोड़ने के बजाय पहले खास अनुकूलन बाड़ों में रखा जाएगा।

इस योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए विभाग ने डांग और नर्मदा जिले में एक-एक अस्थायी बाड़ा बनाने के लिए टेंडर जारी कर दिए हैं, जिनके 45 दिनों के भीतर तैयार होने की उम्मीद है। फिलहाल 2 से 5 हेक्टेयर तक के आकार वाले विकल्पों पर मंथन चल रहा है, हालांकि अधिकारी बड़े मॉडल को प्राथमिकता दे रहे हैं। इस संबंध में राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) को दो से तीन प्रस्ताव भेजे गए हैं और आगे की रूपरेखा पर अंतिम मुहर प्राधिकरण को ही लगानी है।

इन अस्थायी आवासों का मकसद दोनों बाघिनों को खुले जंगल में जाने से पहले नए माहौल में सहज होने का पर्याप्त समय देना है। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद नर बाघ को भी सीधी मुलाकात से पहले उनकी गंध और आवाज के जरिए उनकी मौजूदगी का अहसास हो सकेगा। अधिकारियों का मानना है कि बिना तुरंत आमने-सामने लाए इस तरह का परिचय कराने से यह समझने में मदद मिलेगी कि अपने इलाके में मादाओं के आने पर नर बाघ कैसी प्रतिक्रिया देता है।

वन अधिकारियों ने इस रणनीति के पीछे सक्करबाग चिड़ियाघर का एक दिलचस्प उदाहरण दिया है। वहां अक्सर देखा गया था कि शेरनी की पुकार सुनते ही नर शेर उसके बाड़े के करीब चला आता था। अब विभाग यह परखना चाहता है कि क्या बाघिनों की मौजूदगी या उनकी आवाज सुनकर रतनमहल का नर बाघ भी ठीक वैसा ही व्यवहार दिखाता है।

प्रधान मुख्य वन संरक्षक जयपाल सिंह ने पुष्टि की कि विभाग बाघिनों के लिए पांच-पांच हेक्टेयर के बाड़े बनाने पर विचार कर रहा है। उन्होंने कहा, “बाघिनों को जंगल में छोड़े जाने के बाद इन बाड़ों का इस्तेमाल शाकाहारी वन्यजीवों के प्रजनन के लिए किया जा सकता है।” वहीं, गांधीनगर के एक वरिष्ठ वन अधिकारी के मुताबिक, खुर वाले शाकाहारी जानवरों की आबादी को मजबूत करना बेहद जरूरी है ताकि एक टिकाऊ शिकार आधार तैयार हो सके। लंबे समय तक इस इलाके में बाघों की प्रजनन करने वाली आबादी को संभालने के लिए यह एक अहम शर्त है।

यह पूरी कवायद गुजरात के वनकर्मियों के लिए भी एक नए अनुभव और तैयारी की तरह है, क्योंकि उनका मैदानी कामकाज अब तक मुख्य रूप से एशियाई शेरों के इर्द-गिर्द ही रहा है। झुंड में रहने वाले शेरों के उलट बाघ एकांतप्रिय होते हैं और अपने क्षेत्र को लेकर बेहद सजग व आक्रामक रहते हैं।

यही वजह है कि अधिकारी बाघिनों को जंगल में छोड़ने से पहले उनकी आवाजाही के पैटर्न, आक्रामकता के स्तर और अनजान परिवेश में उनके व्यवहार को बारीकी से समझना चाहते हैं। बाड़ों में लगाए जाने वाले कैमरा ट्रैप के जरिए उनकी हर हरकत और खुले जंगल में छोड़े जाने की तैयारी पर लगातार नजर रखी जाएगी।

यह भी पढ़ें-

हवा में घुलता ज़हर बन रहा आर्थिक बोझ: गुजरात में प्रदूषण से जुड़ी बीमारियों के हेल्थ क्लेम में 3.7 गुना का भारी उछाल

अमेरिका में राहुल गांधी की चेतावनी: ‘आर्थिक तबाही की ओर बढ़ रहा भारत’, बीजेपी ने बताया ‘देश विरोधी प्र…

Your email address will not be published. Required fields are marked *