कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी दो दिवसीय अमेरिकी यात्रा के दौरान भारत में एक संभावित आर्थिक संकट की चेतावनी दी है। न्यूयॉर्क स्थित कोलंबिया यूनिवर्सिटी में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने देश में बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा प्रणाली की खामियों पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारत के युवा अपने भविष्य को लेकर भारी निराशा में हैं और करियर के सीमित अवसरों के कारण उनका अपने माता-पिता के साथ वैचारिक टकराव भी बढ़ रहा है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने संबोधन में बेबाकी से कहा कि भारत इस वक्त एक बड़ी आर्थिक आपदा के मुहाने पर बैठा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भले ही कोई या मीडिया इस सच्चाई को नजरअंदाज करने की कोशिश करे, लेकिन हकीकत यही है कि देश भयंकर बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की गंभीर समस्या से जूझ रहा है।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय युवाओं पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मध्यम वर्ग के औपचारिक शिक्षा प्राप्त युवा वर्तमान स्थिति से सबसे ज्यादा हताश हैं। उन्होंने बताया कि इस विषय पर गहराई से विचार करने पर यह बात सामने आई है कि इन युवाओं को देश में अपना भविष्य पूरी तरह अंधकारमय नजर आ रहा है।
राहुल ने नई पीढ़ी और उनके अभिभावकों के बीच रोजगार को लेकर बढ़ रही दूरी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज के युवा अपने माता-पिता के अनुभवों और सलाह पर सवाल उठा रहे हैं। युवा अब अपने अभिभावकों से साफ कह रहे हैं कि उनके जमाने के पुराने तरीके मौजूदा समय में सफलता या नौकरी दिलाने में कारगर साबित नहीं हो रहे हैं।
राहुल गांधी के इन बयानों पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने बेहद तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। बीजेपी ने कांग्रेस नेता पर विदेशी धरती से भारत की छवि पर हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है। पार्टी के प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल को “भारत विरोधी प्रोपेगेंडा का नेता” करार दिया।
भंडारी ने तीखा प्रहार करते हुए लिखा कि राहुल गांधी ने कोलंबिया यूनिवर्सिटी में भारत और भारतीय लोकतंत्र के खिलाफ बोलकर देश का अपमान किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता के भीतर भारत की प्रगति और लोकतंत्र को लेकर एक स्वाभाविक नफरत छिपी हुई है, जिसके चलते वह विदेश जाकर हमेशा देश के खिलाफ बोलते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेशी दौरों से तुलना करते हुए बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि पीएम हमेशा अपनी विदेश यात्राओं में भारत के राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखते हैं और राष्ट्रीय ध्वज की भावना का सम्मान करते हैं। इसके विपरीत, उन्होंने राहुल गांधी को एक जिम्मेदार नेता प्रतिपक्ष के रूप में पूरी तरह विफल और स्वयं में एक ‘आपदा’ बताया।
गौरतलब है कि अपनी इस दो दिवसीय अमेरिकी यात्रा के अगले चरण में राहुल गांधी मंगलवार, 18 नवंबर को शिकागो यूनिवर्सिटी का भी दौरा करने वाले हैं, जहां उनका आगे का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
यह भी पढ़ें-










