कच्छ के बन्नी घास के मैदानों में बसेगा नर, मादा और दो शावकों का परिवार; राज्य में जल्द दिखेंगी देश की पांच में से चार प्रमुख ‘बिग कैट’ प्रजातियां
गुजरात इस साल के अंत तक केन्या से आने वाले चीतों के एक परिवार का स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार है। चार सदस्यों वाले इस कुनबे को कच्छ स्थित बन्नी घास के मैदानों में बसाया जाएगा, जहां भारत का पहला चीता संरक्षण एवं प्रजनन केंद्र बनाया गया है।
देश के चीता पुनर्वास कार्यक्रम के तहत मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क के बाद गुजरात दूसरा ऐसा राज्य बनने जा रहा है, जहां चीतों को बसाया जाएगा। वन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और अब इन वन्यजीवों के पहुंचने में महज कुछ ही दिनों का समय बाकी है।
पहली खेप में एक नर, एक मादा और दो शावकों को 500 हेक्टेयर में फैले एक विशाल बाड़े में रखा जाएगा। इस क्षेत्र को केन्या के खुले सवाना घास के मैदानों जैसा रूप दिया गया है, ताकि चीतों को नए माहौल में ढलने, प्रजनन करने और अपनी तेज रफ्तार के अनुरूप दूर तक विचरण करने के लिए अनुकूल वातावरण मिल सके।
राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) के अधिकारियों ने बन्नी घास के मैदानों का नियमित निरीक्षण करने के बाद इस स्थान को चीतों के आवास के लिए अपनी मंजूरी दे दी है।
मध्य प्रदेश में बसाए गए चीते नामीबिया और दक्षिण अफ्रीका से लाए गए थे, लेकिन गुजरात आ रहे चीते केन्या से होने के कारण देश में एक अलग आनुवंशिक वंश (जेनेटिक लीनिएज) की शुरुआत करेंगे। एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, ये चीते सबसे पहले भुज पहुंचेंगे और वहां से उन्हें बन्नी स्थित केंद्र ले जाया जाएगा, जहां विशेष बाड़े में छोड़े जाने से पहले उन्हें लगभग एक महीने तक क्वारंटाइन में रखा जाएगा।
गौरतलब है कि भारत में ‘प्रोजेक्ट चीता’ की शुरुआत सितंबर 2022 में हुई थी, जब नामीबिया से पांच मादा और तीन नर समेत कुल आठ चीतों की पहली खेप भारत आई थी। इसके बाद फरवरी 2023 में दक्षिण अफ्रीका से 12 और चीते लाए गए थे, और इन सभी को मध्य प्रदेश में बसाया गया था।
मध्य प्रदेश से दो बाघिनों के आने की भी तैयारी
गुजरात की धरती पर कदम रखने वाले बड़े वन्यजीवों में केवल चीते ही शामिल नहीं हैं, बल्कि मध्य प्रदेश से दो बाघिनों के भी जल्द राज्य में आने की उम्मीद है। इन बाघिनों को पंचमहल जिले के रतनमहल जंगलों में बसाया जाएगा, जहां फिलहाल केवल एक ही बाघ मौजूद है।
इस नर बाघ को करीब डेढ़ साल पहले रतनमहल में स्थानांतरित किया गया था, जिसके बाद राज्य सरकार ने प्रजनन को बढ़ावा देने के लिए बाघिन की मांग की थी। हाल ही में एनटीसीए की एक टीम ने रतनमहल के जंगलों का दौरा कर इस स्थानांतरण को हरी झंडी दे दी है।
गुजरात में एशियाई शेर और तेंदुए पहले से ही बड़ी संख्या में मौजूद हैं। ऐसे में चीतों और बाघों के आगमन के साथ ही गुजरात देश का ऐसा राज्य बन जाएगा, जहां भारत में पाई जाने वाली पांच ‘बिग कैट’ प्रजातियों में से चार का वास होगा। राज्य अपने इस वन्यजीव परिवार में दो नए सदस्यों को जोड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है।
यह भी पढ़ें-
राजस्थान: वोट नहीं तो रोशनी भी नहीं? भाजपा प्रत्याशी की हार के बाद उतारी गईं स्ट्रीट लाइट्स











