गुजरात में एक बार फिर फुटबॉल का रोमांच अपने चरम पर पहुंचने वाला है। गुजरात स्टेट फुटबॉल एसोसिएशन (जी.एस.एफ़.ए.) की बहुचर्चित ‘गुजरात सुपर लीग’ (जी.एस.एल.) का तीसरा सीजन 1 सितंबर 2026 से शुरू होने जा रहा है। अहमदाबाद के ट्रांसस्टेडिया एरिना में शाम 4 बजे से इस महाकुंभ का शानदार आगाज होगा।
इस बार का सीजन गुजरात की उभरती प्रतिभाओं के लिए एक ऐतिहासिक अवसर लेकर आया है। जी.एस.एल. सीजन-3 में हिस्सा लेने वाले अंडर-20 वर्ग के दो होनहार खिलाड़ियों को जर्मनी के टीयर-3 और टीयर-4 घरेलू टूर्नामेंट में ट्रायल देने का सुनहरा मौका मिलेगा। इन दो खिलाड़ियों का चयन जर्मन मनोवैज्ञानिक प्रोफेसर जेन मायर और ‘बॉस टेक्नोलॉजी स्पोर्ट्स इंटेलिजेंस’ की विशेष तकनीक की मदद से किया जाएगा।

फुटबॉल को तकनीक से जोड़ते हुए फैंस के लिए जी.एस.एफ़.ए. ने एक नया और समर्पित डिजिटल ऐप भी लॉन्च किया है। यह ऐप गुजरात फुटबॉल के लिए एक ‘वन-स्टॉप प्लेटफॉर्म’ की तरह काम करेगा, जहां फिक्स्चर, मैच परिणाम, टीम की जानकारी और खिलाड़ियों की प्रोफाइल उंगलियों पर उपलब्ध होगी। जी.एस.एफ़.ए. के मानद सचिव मुलराजसिंह चूड़ासमा ने बड़ी स्क्रीन पर इस नए ऐप की शानदार खूबियों का प्रदर्शन किया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष परिमल नथवाणी ने इस पहल पर जोर देते हुए कहा कि जी.एस.एल. सिर्फ स्टेडियम तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इस नए ऐप के जरिए फुटबॉल हर खेल प्रेमी के मोबाइल फोन तक पहुंचेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह लीग महज एक प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि राज्य के युवाओं के बीच फुटबॉल को सबसे पसंदीदा खेल बनाने के उनके व्यापक विजन का एक अहम हिस्सा है।

नए सीजन की तैयारियों को गति देते हुए जी.एस.एफ़.ए. के उपप्रमुख प्रदिपसिंह वाघेला ने टीम मालिकों और पदाधिकारियों की मौजूदगी में लीग की नई जर्सी और चमचमाती ट्रॉफी का अनावरण किया। खिलाड़ियों की नई जर्सी गुजरात फुटबॉल की आधुनिक ऊर्जा का प्रतीक है, जबकि ट्रॉफी उस सर्वोच्च लक्ष्य को दर्शाती है जिसके लिए सभी टीमें इस सीजन में अपनी पूरी ताकत झोंक देंगी।
खेल के विकास के साथ-साथ एसोसिएशन ने खिलाड़ियों के प्रति गहरी संवेदनशीलता भी दिखाई है। इसी कड़ी में गंभीर रूप से चोटिल हुए युवा फुटबॉलर राहुल भाटिया को मदद के तौर पर दो लाख रुपये के एक्स-ग्रेशिया पेमेंट का भी ऐलान किया गया।
जी.एस.एफ़.ए. ने पूरे टूर्नामेंट के मैचों का विस्तृत फिक्स्चर जारी कर दिया है, जिसे नए ऐप पर देखा जा सकता है। पहले दो सीजन की बंपर सफलता के बाद इस तीसरे सीजन के और भी अधिक प्रतिस्पर्धी और रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है।
1 सितंबर को ट्रांसस्टेडिया में एक बेहद खास उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। एसोसिएशन ने सभी फुटबॉल प्रशंसकों, खिलाड़ियों और आम नागरिकों से इस भव्य समारोह में शामिल होकर गुजरात की इस शानदार फुटबॉल यात्रा को यादगार बनाने की अपील की है।
यह भी पढ़ें-
पंजाब में गोलियां बरसाकर फरार हुआ जग्गू भगवानपुरिया का गुर्गा, गुजरात ATS ने होटल से दबोचा









