अमेरिका के एरिज़ोना से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। टक्सन शहर में अपनी 19 साल की प्रेमिका का गला घोंटकर हत्या करने के आरोप में एक 20 वर्षीय भारतीय छात्र को गिरफ्तार किया गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वरुण बचीगारी पुलिस को चकमा देकर भारत भागने की फिराक में था, लेकिन उसे जर्मनी के एक एयरपोर्ट पर पकड़ लिया गया।
टक्सन पुलिस विभाग के मुताबिक, गुरुवार स्थानीय समयानुसार शाम करीब 4 बजे 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा जुलिसा रूबी सालाज़ार अपने अपार्टमेंट में मृत पाई गई थीं। मृतका का यह घर एरिज़ोना यूनिवर्सिटी के पास स्थित है। जुलिसा के परिवार वाले जब उससे संपर्क नहीं कर पाए, तो उन्होंने अनहोनी की आशंका के चलते पुलिस से उसके घर जाकर हालचाल लेने का अनुरोध किया था।
अपार्टमेंट में पहुंचने पर पुलिस को जुलिसा अचेत अवस्था में मिली और उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। जांचकर्ताओं ने तुरंत वरुण बचीगारी को मुख्य संदिग्ध मानकर अपनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस का मानना है कि हत्या के बाद वरुण ने जुलिसा का फोन और क्रेडिट कार्ड चुरा लिया था। इतना ही नहीं, पुलिस को गुमराह करने और शक से बचने के लिए उसने जुलिसा के फोन से ही उसकी मां को कई मैसेज भी भेजे थे।
हत्या के बाद वरुण ने टक्सन से भागने की पूरी चालाकी भरी योजना बना ली थी। वह टक्सन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सबसे पहले ह्यूस्टन गया और वहां से उसने जर्मनी के बर्लिन के लिए फ्लाइट पकड़ी। अधिकारियों का मानना है कि बर्लिन के रास्ते वह वापस भारत आने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, अमेरिकी संघीय एजेंटों और जर्मन प्रशासन के संयुक्त अभियान के तहत उसे जर्मनी पहुंचते ही गिरफ्तार कर लिया गया।
अब वरुण को कानूनी प्रक्रिया के तहत वापस एरिज़ोना प्रत्यर्पित किए जाने की तैयारी चल रही है। वहां पहुंचते ही उसे फर्स्ट-डिग्री मर्डर (प्रथम श्रेणी हत्या) के आरोप में पीमा काउंटी एडल्ट डिटेंशन सेंटर में रखा जाएगा।
इस खौफनाक हत्या के पीछे वरुण का हिंसक बर्ताव एक बड़ी वजह माना जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, यौन उत्पीड़न और लगातार दुर्व्यवहार का शिकार होने के बाद जुलिसा इस दर्दनाक रिश्ते को हमेशा के लिए खत्म करने की योजना बना रही थी।
हत्या से कुछ दिन पहले, 5 अगस्त को जुलिसा के कमरे से जोर-जोर से चीखने की आवाजें आई थीं। इन आवाजों से उसकी रूममेट्स काफी डर गई थीं। बाद में जब रूममेट्स ने मैसेज करके जुलिसा का हाल जानना चाहा, तो उन्हें जवाब मिला कि वह बिल्कुल ठीक है और उनके बीच सिर्फ एक छोटी सी बहस हुई थी। जांच के बाद यह आशंका जताई जा रही है कि वह मैसेज जुलिसा ने नहीं बल्कि वरुण ने किया था।
इस मामले की गहराई में जाने पर वरुण के काले अतीत को लेकर भी कई हैरान करने वाले खुलासे हुए हैं। वह एरिज़ोना यूनिवर्सिटी में बिजनेस एनालिटिक्स की पढ़ाई कर रहा था, लेकिन एक हिंसक झगड़े के बाद उसे यूनिवर्सिटी से निकाल दिया गया था।
आरोपी पर पहले से ही घरेलू हिंसा के आरोप लगे हुए हैं। पीमा काउंटी अदालत के रिकॉर्ड बताते हैं कि 26 मई को भी उस पर जानबूझकर चोट पहुंचाने का एक आपराधिक मामला दर्ज किया गया था। इसके अलावा एक अन्य महिला ने भी जांचकर्ताओं को बताया है कि हैलोवीन के दौरान वरुण ने उसका यौन उत्पीड़न किया था, हालांकि डर की वजह से उस वक्त महिला ने इसकी शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।
हत्या से पहले के हफ्तों में वरुण काफी ज्यादा दबाव में जी रहा था। हाल ही में उसकी नौकरी छूट गई थी, जिसकी वजह से वह अपने घर का किराया भी नहीं चुका पा रहा था। नौकरी जाने से उसके इमिग्रेशन (वीजा) स्टेटस पर भी बहुत बड़ा खतरा मंडरा रहा था। इसके अलावा, इस पूरी घटना की जांच में यह बात भी विशेष रूप से सामने आई है कि मामले से जुड़ा वरुण मूल रूप से भारत में गुजरात का रहने वाला है।
यह भी पढ़ें-











