‘कांटा लगा’ म्यूजिक वीडियो और ‘बिग बॉस 13’ से मशहूर हुईं एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला का 42 साल की उम्र में निधन हो गया। शुक्रवार देर रात उन्हें दिल का दौरा पड़ने की खबर है।
उनके पति और एक्टर पाराग त्यागी उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद रात करीब 12:30 बजे उनका शव पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल भेजा गया।
कूपर अस्पताल के सहायक चिकित्सा अधिकारी (AMO) के मुताबिक, शव एक अन्य अस्पताल से लाया गया था और मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
इस बीच मुंबई पुलिस देर रात अंधेरी स्थित शेफाली के घर पहुंची और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर मौजूद रही और घर में गहन छानबीन की। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन पुलिस और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी से संकेत मिलता है कि मामले को संदिग्ध मानकर जांच की जा रही है।
मुंबई पुलिस ने बताया, “शेफाली का शव अंधेरी स्थित उनके घर से मिला। हमें रात 1 बजे इसकी सूचना मिली। शव को पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल भेजा गया है। मौत की वजह अभी साफ नहीं है।”
शेफाली जरीवाला 2002 में आए कांटा लगा म्यूजिक वीडियो से घर-घर में पहचानी जाने लगी थीं। इसके बाद उन्होंने सलमान खान की फिल्म मुझसे शादी करोगी में भी काम किया। 2019 में वह वेब सीरीज बेबी कम ना में नजर आईं। उन्होंने बूगी वूगी और नच बलिए जैसे मशहूर डांस रियलिटी शोज में भी भाग लिया था।
यह भी पढ़ें- गुजरात कांग्रेस उपाध्यक्ष हीरा जोटवा और उनके बेटे 7.3 करोड़ के मनरेगा घोटाले में गिरफ्तार