जामनगर: रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के डायरेक्टर (कॉर्पोरेट अफेयर्स) और राज्यसभा सांसद परिमल नथवाणी ने आज जामखंभालिया के हर्षदपुर क्षेत्र में वी.एच. और वी.एच. हाईस्कूल के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। रिलायंस के ग्रुप प्रेसिडेंट धनराज नथवाणी के मार्गदर्शन में तैयार किए गए इस नए स्कूल भवन से खंभालिया शहर की शैक्षणिक सुविधाओं में महत्वपूर्ण वृद्धि हुई है।
मातृभूमि के प्रति ऋण स्वीकार का उदाहरण
विजय चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित यह स्कूल 1986 में बना था, जिसका भवन जर्जर हो चुका था। कक्षा 9 से 12 में पढ़ने वाले लगभग 300 छात्र-छात्राओं को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण देने के लिए ट्रस्ट ने नए भवन के निर्माण का निर्णय लिया था।
ट्रस्ट की ओर से परिमल नथवाणी को इस संबंध में प्रस्तुति दी गई थी, जिसे स्वीकार करते हुए रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने अपने सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत इस नवनिर्माण कार्य को पूरा किया।

1.50 करोड़ की लागत और आधुनिक सुविधाएं
10,000 वर्ग फीट के प्लॉट पर 8,100 वर्ग फीट बिल्ट-अप क्षेत्र में बना यह दो मंजिला भवन 1.50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ है। यह स्कूल पूरी तरह आधुनिक सुविधाओं से लैस है, जिसमें शामिल हैं:
- आधुनिक क्लासरूम, प्रिंसिपल ऑफिस और स्टाफ रूम
- एन.सी.सी. ऑफिस, कंप्यूटर लैब और लाइब्रेरी
- छात्र-छात्राओं और स्टाफ के लिए अलग-अलग सैनिटेशन ब्लॉक
- खेल का मैदान, सीसीटीवी सर्विलांस और फायर सेफ्टी सिस्टम
- सोलर सिस्टम और जल संरक्षण की व्यवस्था
इसके अलावा, बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल-कूद और संगीत के उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं।
खंभालिया मेरा वतन, शिक्षा सुविधा बढ़ाना गर्व की बात: परिमल नथवाणी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए परिमल नथवाणी ने कहा, “रिलायंस रिफाइनरी के आसपास के क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, जल संरक्षण और महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में लगातार कार्यरत है। मेरे वतन खंभालिया में शिक्षा सुविधा में बढ़ोतरी करने का अवसर मिला, यह मेरे लिए गर्व और आनंद की बात है।”
शिक्षा के क्षेत्र में रिलायंस का योगदान
स्कूल निर्माण की देखरेख करने वाले रिलायंस के ग्रुप प्रेसिडेंट धनराज नथवाणी ने बताया कि रिलायंस द्वारा इससे पहले काना चिकारी, मोटी खावड़ी, पीपली, पीपली स्टेशन, नवानिया, कानालुस वाड़ी और जामनगर के लालवाड़ी, मेघपर व रामदूतनगर-जोगवड में प्राथमिक स्कूलों का निर्माण किया गया है।
इसके अलावा सिक्का, मोटी खावड़ी और चोरवाड़ में हाईस्कूलों के भवन बनाए गए हैं। उस श्रेणी में यह चौथी हाईस्कूल है।
लोकार्पण समारोह में नगरपालिका, तालुका और जिला पंचायत के पदाधिकारी, ट्रस्टी, सरकारी अधिकारी, शिक्षा जगत के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नगरजन उपस्थित रहे और उन्होंने परिमल नथवाणी का आभार व्यक्त किया।
यह भी पढ़ें-
अहमदाबाद क्राइम ब्रांच को मिली बड़ी कामयाबी: नवजात तस्करी रैकेट का मुख्य सरगना ‘यूनुस’ गिरफ्तार










