अहमदाबाद: देश के शेयर बाजार में गुजरात ने एक बार फिर अपनी आर्थिक मजबूती का लोहा मनवाया है। 31 अक्टूबर तक के बाजार आंकड़ों के अनुसार, भारत के कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन में गुजरात की हिस्सेदारी 15 प्रतिशत और देश की कुल लिस्टेड कंपनियों में 14.2 प्रतिशत है। इन दोनों ही पैमानों पर गुजरात ने देशभर में दूसरा स्थान हासिल किया है।
इस दौड़ में गुजरात ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCT) दिल्ली, कर्नाटक और तमिलनाडु जैसे बड़े आर्थिक केंद्रों को पीछे छोड़ दिया है। ये आंकड़े वित्त वर्ष 2027 की अब तक की अवधि (FY27TD) के दौरान सीएमआईई प्राउवेस (CMIE Prowess), एलएसई वर्कस्पेस (LSE Workspace) और एनएसई ईपीआर (NSE EPR) से जुटाए गए 3,353 कंपनियों के संयुक्त डेटा पर आधारित हैं।
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के दम पर महाराष्ट्र अब भी शीर्ष पर मजबूती से काबिज है। भारत के कुल मार्केट कैप में महाराष्ट्र का हिस्सा 42.1 प्रतिशत है, जबकि देश की 32.4 प्रतिशत लिस्टेड कंपनियां यहीं से हैं। हालांकि, गुजरात का दूसरे पायदान पर रहना यह साफ दर्शाता है कि कॉर्पोरेट जगत में संपत्ति निर्माण का दायरा अब पारंपरिक वित्तीय राजधानी से बाहर भी तेजी से फैल रहा है।
अहमदाबाद के स्टॉक ब्रोकर और मर्चेंट बैंकर वनेश पांचाल गुजरात की इस मजबूत स्थिति का श्रेय राज्य की उद्यमशीलता की परंपरा और बाजार में आने वाली नई कंपनियों को देते हैं। उनका कहना है कि गुजरात में उद्यमशीलता और इक्विटी बाजार में भागीदारी की गहरी संस्कृति रही है। राज्य से लगातार ऐसी कंपनियां निकलकर शेयर बाजार में आई हैं, और पिछले एक दशक में अलग-अलग क्षेत्रों की कई नई लिस्टेड कंपनियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया है।
पांचाल के मुताबिक, गुजरात में मुख्यालय वाले बड़े कॉर्पोरेट समूहों ने निवेशकों का भरोसा बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि अडानी, टोरेंट और जायडस जैसे बड़े नामों ने निवेशकों की दिलचस्पी को लगातार मजबूत किया है, जबकि नए इश्यू जारी करने वाली कंपनियों की लंबी कतार ने भारतीय शेयर बाजारों में गुजरात की मौजूदगी को और विस्तार दिया है।
मार्केट कैपिटलाइजेशन की राष्ट्रीय रैंकिंग पर नजर डालें तो 13.1 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ दिल्ली (NCT) तीसरे स्थान पर है। इसके बाद 7.6 प्रतिशत के साथ कर्नाटक और 5.5 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ तमिलनाडु का नंबर आता है।
लिस्टेड कंपनियों की संख्या के मामले में भी गुजरात ने अन्य राज्यों पर स्पष्ट बढ़त बना रखी है। गुजरात के 14.2 प्रतिशत के मुकाबले दिल्ली (NCT) की हिस्सेदारी 12.2 प्रतिशत है। वहीं, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल 6.4-6.4 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर हैं।
राज्यों के स्तर पर कॉर्पोरेट विस्तार पर नजर रखने वाले बाजार विश्लेषकों का मानना है कि कंपनियों की संख्या और उनके मूल्यांकन, दोनों ही मोर्चों पर गुजरात की यह मजबूती राज्य के व्यापक कॉर्पोरेट इकोसिस्टम को दर्शाती है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह आंकड़ा भारत के पब्लिक मार्केट की वृद्धि को दिशा देने में गुजरात के बढ़ते प्रभाव का सीधा प्रमाण है।
यह भी पढ़ें –
इटली में सोनिया गांधी के बचपन के घर का ‘सिख पहरेदार’: अब ‘इंडियन हाउस’ को म्यूजियम बनाने की तैयारी
दिवाली के बाद गांधीनगर में फिर गूंजे विरोध के स्वर, एक साथ तीन आंदोलनों से गुजरात सरकार पर बढ़ा दबाव










