नई दिल्ली। भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के 95 साल के इतिहास में वर्ष 2022 में पहली महिला अध्यक्ष बनकर नया अध्याय लिखने वाली दिग्गज धाविका पीटी उषा को अब दूसरा कार्यकाल नहीं मिलेगा। राष्ट्रीय ओलंपिक समिति में ‘पय्योली एक्सप्रेस’ का सफर आखिरकार थम गया है।
कई दिनों की अनिश्चितता, गहन राजनीतिक गुणा-भाग और शीर्ष नेतृत्व से हरी झंडी मिलने के इंतजार के बाद मंगलवार शाम 4:30 बजे की समयसीमा समाप्त होने तक उषा ने अपना नामांकन दाखिल नहीं किया। इसके साथ ही शीर्ष पद पर उनकी वापसी की संभावनाओं पर पूरी तरह विराम लग गया।
उषा के कार्यकाल का यह अंत बेहद नाटकीय रहा है। जिस अध्यक्षीय पारी की शुरुआत अभूतपूर्व उम्मीदों के साथ हुई थी, वह आगे चलकर प्रशासनिक गतिरोध, अपनी ही कार्यकारी परिषद (EC) के साथ तीखे मतभेदों और बदलते सत्ता समीकरणों के कारण लगातार विवादों में घिरी रही। नामांकन के आखिरी दिन तक खेल गलियारों में सबसे बड़ा सवाल यही था कि क्या उषा चुनावी मैदान में उतरेंगी। इससे पहले 9 नवंबर को उत्कृष्ट योग्यता वाले खिलाड़ी (SOM) श्रेणी के चुनाव में पांचवें स्थान पर रहकर उन्हें बड़ा झटका लगा था, लेकिन आइस हॉकी एसोसिएशन ऑफ इंडिया (IHAI) की केरल इकाई के प्रतिनिधि के तौर पर निर्वाचक मंडल में वापसी कर उन्होंने अपनी उम्मीदें तकनीकी रूप से जिंदा रखी थीं।
हालांकि, निर्वाचक मंडल में उनकी यह वापसी जरूरी राजनीतिक समर्थन में तब्दील नहीं हो सकी। सूत्रों के मुताबिक उषा आखिरी पल तक सत्ताधारी नेतृत्व की मंजूरी का इंतजार करती रहीं, लेकिन उन्हें हरी झंडी नहीं मिली। हर दिन बदलते चुनावी समीकरणों और खिसकते समर्थन को भांपते हुए इस पूर्व ट्रैक स्टार ने चुनाव न लड़ने का फैसला किया। गौरतलब है कि इससे पहले उषा ने SOM चुनाव में अपनी हार पर सवाल उठाते हुए गड़बड़ी का आरोप लगाया था और हस्तक्षेप की मांग करते हुए अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) को पत्र भी लिखा था। उधर, SOM श्रेणी में 43 वोट हासिल कर चार महिला प्रतिनिधियों में चुनी गईं साइना नेहवाल ने भी अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी, लेकिन कार्यकारी परिषद चुनावों के उम्मीदवारों की सूची में उनका नाम शामिल नहीं है।
चुनावी दौड़ से बाहर होने के बावजूद पीटी उषा 26 नवंबर को IOC के ‘फ्यूचर होस्ट कमीशन’ की बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी, जहां 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए देश की दावेदारी पेश की जाएगी। वह 5 दिसंबर को चुनावी प्रक्रिया पूरी होने तक IOA अध्यक्ष के पद पर बनी रहेंगी।
अब उषा के हटने के बाद IOA को नया अध्यक्ष मिलना तय है, जिसके लिए त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा। इस दौड़ में दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और भारतीय तीरंदाजी संघ (AAI) के महासचिव वीरेंद्र सचदेवा, ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज गगन नारंग और IOA के पूर्व महासचिव राजीव मेहता आमने-सामने हैं।
मंगलवार देर शाम चुनावी मैदान में उतरे सचदेवा ने IOA के तमाम समीकरण बदल दिए हैं। राजनीतिक समर्थन और कई राष्ट्रीय खेल महासंघों (NSFs) के बीच अच्छी साख के चलते वह उषा की जगह लेने के सबसे मजबूत दावेदार बनकर उभरे हैं।
दूसरी ओर, गगन नारंग के लिए शीर्ष पद तक पहुंचने की राह अब काफी कठिन नजर आ रही है। शीर्ष नेतृत्व के साथ पर्दे के पीछे गहन बातचीत के बाद उन्होंने केवल अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया है, जिससे यह उनके लिए करो या मरो जैसा मुकाबला बन गया है।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि वह 2 दिसंबर को नाम वापसी की अंतिम तिथि तक मैदान में डटे रहते हैं या अपना नाम वापस ले लेते हैं। वहीं, सोमवार को नामांकन दाखिल करने वाले राजीव मेहता ने अध्यक्ष पद के लिए परचे के दो सेट जमा कर मुकाबले में अपनी मौजूदगी पक्की कर ली है।
उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भी कई दिलचस्प मोड़ देखने को मिल रहे हैं। पुरुष वर्ग में वीरेंद्र सचदेवा और मुक्केबाज विजेंदर सिंह मैदान में हैं, लेकिन सूत्रों का कहना है कि बीजिंग ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता विजेंदर सिंह मजबूत स्थिति में हैं और सचदेवा अपना नाम वापस ले सकते हैं।
महिला वर्ग में अंजू बॉबी जॉर्ज, भवनीत हांडू और सुमन कौशिक के बीच मुकाबला है, जहां समयसीमा से पहले अन्य दो उम्मीदवारों के नाम वापस लेने की संभावना के बीच अंजू का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के चुनाव में ‘भाजपा बनाम भाजपा’ का रोचक त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। इसमें सत्ताधारी खेमे के समर्थक अजय एच पटेल और उत्तर प्रदेश भाजपा के दिग्गज नेता वागीश पाठक आमने-सामने हैं, जबकि मोना मनीष शाह भी इसी पद के लिए ताल ठोक रही हैं। राजनीतिक गलियारों के सूत्रों के अनुसार इस मुकाबले में वागीश पाठक का पलड़ा अजय पटेल पर भारी नजर आ रहा है।
इस बीच, भारतीय टेबल टेनिस महासंघ (TTFI) के महासचिव कमलेश मेहता कोषाध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुन लिए गए हैं और वह निवर्तमान कोषाध्यक्ष सहदेव यादव की जगह लेंगे। संयुक्त सचिव के पुरुष पद के लिए अमिताभ शर्मा और हरजिंदर सिंह के बीच टक्कर है, जबकि महिला पद की दौड़ में सुनैना कुमारी और पूर्णिमा महतो शामिल हैं। सूत्रों का मानना है कि अंततः अमिताभ शर्मा और सुनैना कुमारी बाजी मारकर इन दोनों पदों पर काबिज होंगे।
कार्यकारी परिषद (EC) के छह पदों के लिए कुल नौ उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें तैराकी से आरएन जयप्रकाश, कयाकिंग और कैनोइंग से प्रशांत कुशवाहा, वुशु से भूपेंद्र सिंह बाजवा, मौजूदा ईसी सदस्य डोला बनर्जी और SOM श्रेणी से योगेश्वर दत्त तथा रानी रामपाल के चुने जाने की प्रबल संभावना है।
इनके अलावा एथलीट आयोग की अध्यक्ष पीवी सिंधु और उपाध्यक्ष हरमनप्रीत सिंह भी पदेन सदस्य के रूप में परिषद का हिस्सा बनेंगे। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 2 दिसंबर को नाम वापसी की प्रक्रिया बंद होगी और अगले दिन यानी 3 दिसंबर को उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी।
यह भी पढ़ें-
नीचे नदी में मगरमच्छ, ऊपर उसी के आकार का पुल: वडोदरा में 12.7 करोड़ रुपये से बनेगा नया लैंडमार्क
दिवाली के बाद गांधीनगर में फिर गूंजे विरोध के स्वर, एक साथ तीन आंदोलनों से गुजरात सरकार पर बढ़ा दबाव










