ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा किया है। इसमें उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उदय से पहले जटिल सिस्टम बनाने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियरों का आभार व्यक्त किया है। इसके साथ ही उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि कैसे एआई अब कोडिंग के पारंपरिक तरीके को पूरी तरह से बदल रहा है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर ऑल्टमैन ने लिखा कि उनके मन में उन लोगों के लिए बहुत सम्मान है, जिन्होंने एक-एक अक्षर टाइप करके बेहद जटिल सॉफ्टवेयर लिखे हैं। उन्होंने कहा कि अब यह याद करना भी मुश्किल लगता है कि उस काम में वास्तव में कितनी मेहनत लगती थी। अपनी पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा कि हमें इस मुकाम तक पहुंचाने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।
ऑल्टमैन की इस पोस्ट के बाद सॉफ्टवेयर इंजीनियरों के भविष्य को लेकर एक नई बहस छिड़ गई है। हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर यह नहीं कहा कि एआई इंजीनियरों की जगह ले लेगा। लेकिन, उनकी बातों से यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि आने वाले समय में कोडिंग का एक बड़ा हिस्सा ऑटोमेशन के हवाले होने वाला है।
कई इंटरनेट यूजर्स को ऑल्टमैन की इस पोस्ट में एक गहरा विरोधाभास नजर आया। लोगों का कहना है कि यह कितनी अजीब बात है कि जो व्यक्ति इंजीनियरों की नौकरी ‘छीनने’ वाले एआई टूल बना रहा है, वही आज उनके काम के लिए उन्हें धन्यवाद दे रहा है।
सैम ऑल्टमैन की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए एक यूजर ने लिखा कि जो आपको रिप्लेस कर रहा हो, उसके द्वारा दिया गया भावुक धन्यवाद ही इस बात का सबसे बड़ा सबूत है कि आपकी जगह छीनी जा रही है। एक अन्य यूजर ने तंज कसते हुए कहा कि यह जानकर बहुत अच्छा लगा कि हमारी कड़ी मेहनत का ईनाम हमारी नौकरियां छीन कर दिया जा रहा है।
एक तीसरे यूजर ने अपना दर्द बयां करते हुए लिखा कि एक इंजीनियर के रूप में ट्रायल और एरर के जरिए कोडिंग करना मेरा काम और शौक दोनों था, जिसका मैं आनंद लेता था। मेरी इस खुशी को बर्बाद करने और कोडिंग को एक बुरी चीज के रूप में पेश करने के लिए आपका शुक्रिया। वहीं एक चौथे यूजर ने व्यंग्यात्मक लहजे में लिखा कि प्यारे डेवलपर्स, अब आप अपनी नौकरियां हमेशा के लिए खो देंगे, लेकिन आप यह जानकर शांति से सो सकते हैं कि सैम ऑल्टमैन आपके आभारी हैं।
एआई के बढ़ते प्रभाव के कारण वर्कफोर्स में भी तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। पिछले महीने ही ब्लॉक इंक ने कहा था कि वह अपने लगभग आधे कर्मचारियों की छंटनी करने की योजना बना रही है, क्योंकि अब ज्यादातर काम ऑटोमेटेड हो रहा है।
इसी हफ्ते सॉफ्टवेयर कंपनी एटलसियन ने भी अपने लगभग 10 प्रतिशत कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की घोषणा की है, जबकि कंपनी एआई में अपना निवेश लगातार बढ़ा रही है।
उद्योग विश्लेषकों का मानना है कि एआई उपकरण अब सॉफ्टवेयर विकास और मार्केटिंग जैसे कई व्हाइट-कॉलर जॉब्स को प्रभावित करने लगे हैं। इससे कंपनियां कम कर्मचारियों को काम पर रखकर भी अपनी उत्पादकता आसानी से बढ़ा पा रही हैं। अन्य बड़ी कंपनियों के दिग्गज भी वर्कफोर्स की संरचना को बदलने के लिए एआई के उपयोग पर खुलकर चर्चा कर रहे हैं।
एलेक्स कार्प ने पहले कहा था कि वह कर्मचारियों की संख्या कम करते हुए कंपनी का राजस्व काफी बढ़ाना चाहते हैं। वहीं एंडी जेसी ने भी यह अंदेशा जताया है कि जैसे-जैसे एआई उपकरणों का उपयोग बढ़ेगा, कॉर्पोरेट वर्कफोर्स के सिकुड़ने की पूरी संभावना है।
यह भी पढ़ें-
हवाई यात्रियों के लिए बड़ी राहत: अब फ्लाइट्स में 60 प्रतिशत सीटें होंगी बिल्कुल मुफ्त








