त्योहारों का असली मजा अपनों के साथ समय बिताने में है। यही वजह है कि दूसरे शहरों में रहने वाले लोग अक्सर त्योहारों पर अपने घर का रुख करते हैं। लेकिन फेस्टिव सीजन आते ही फ्लाइट के टिकट आसमान छूने लगते हैं। हवाई सफर के इसी भारी-भरकम खर्च से बचने के लिए एक कंपनी के अधिकारी ने ट्रेन से यात्रा करने का फैसला किया।
शुरुआत में यह विचार काफी व्यावहारिक लगा, लेकिन उनका यह फैसला जल्द ही एक कड़वे अनुभव में बदल गया। जिस ट्रेन से वे सफर कर रहे थे, वह अपने तय समय से पूरे आठ घंटे लेट हो गई। इस भारी देरी ने उन्हें बीच सफर में बुरी तरह थका दिया।
कैपिटल क्विल (Capital Quill) और वैभव जैन क्लासेस (Vaibhav Jain Classes) के फाउंडर वैभव जैन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर अपना यह दर्द बयां किया है। रेल मंत्रालय को टैग करते हुए उन्होंने लिखा कि इस दिवाली उन्होंने फ्लाइट के अत्यधिक महंगे होने के कारण इंदौर से अपने घर लखनऊ जाने के लिए ट्रेन चुनी थी। इसके लिए उन्होंने बाकायदा महाकाल एक्सप्रेस (20414) में टिकट बुक कराई थी।
वैभव ने अपनी पोस्ट में बताया कि उनके पास अपनी कार से ड्राइव करके जाने का विकल्प भी मौजूद था। हालांकि, उन्होंने सोचा कि ट्रेन का सफर उनकी दो साल की बेटी के लिए एक अच्छा और नया अनुभव रहेगा।
लेकिन यह अनुभव काफी निराशाजनक साबित हुआ। वैभव ने लिखा कि उनकी ट्रेन पहले ही साढ़े सात घंटे की देरी से चल रही थी और वे तब तक अपनी मंजिल पर नहीं पहुंचे थे। उन्होंने गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि आज की दुनिया में 8 घंटे की देरी बहुत मायने रखती है, खासकर तब जब कुल सफर ही 14 घंटे का हो।
रेलवे की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने पूछा कि ऐसी स्थिति में भारतीय रेलवे एयरलाइंस से मुकाबला करने की कैसे सोच सकता है। इसे पूरी तरह से खराब प्रबंधन बताते हुए उन्होंने स्पष्ट लिखा कि अब उन्हें अपने इस फैसले पर पछतावा हो रहा है।
उनकी यह पोस्ट देखते ही देखते सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई। इसके बाद त्योहारों के दौरान पब्लिक ट्रांसपोर्ट और सफर में होने वाली परेशानियों पर इंटरनेट पर एक नई बहस छिड़ गई।
एक यूजर ने रेलवे का बचाव करते हुए कमेंट सेक्शन में लिखा कि ऐसा पटरियों पर यात्री और मालगाड़ियों की भारी भीड़ के कारण होता है। उस यूजर ने आगे बताया कि इसी वजह से रेल मंत्रालय पटरियों को दोगुना, तिगुना और चौगुना कर रहा है, जिसमें निश्चित तौर पर थोड़ा समय लगेगा।
वहीं, एक अन्य यूजर ने वैभव की प्लानिंग पर ही सवाल उठाते हुए पूछा, “क्या आपको नहीं पता कि 8 नवंबर को दिवाली है? आपने एयर टिकट बुक करने के लिए आखिरी समय तक का इंतजार क्यों किया? आप अपनी बेवकूफी के लिए दूसरों को दोष दे रहे हैं?”
इस बीच एक तीसरे यूजर ने वैभव से सहमति जताते हुए अपना मिलता-जुलता अनुभव साझा किया। उस यात्री ने लिखा कि वह भी ट्रेन नंबर 04225 में सवार हैं और पिछले एक घंटे से लखनऊ जंक्शन से 11 किलोमीटर दूर फंसे हुए हैं।
यह भी पढ़ें-
दिवाली के बाद दिल्ली में घुटा दम: पिछले साल से भी बदतर हुए हालात, आधी रात को 1,331 के पार पहुंचा AQI










