लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फोन टैपिंग का बेहद गंभीर आरोप लगाया है। एक ऑनलाइन इंटरैक्टिव सेशन के दौरान कांग्रेस नेता ने अपना मोबाइल फोन दिखाते हुए दावा किया कि प्रधानमंत्री के खिलाफ उनके पास इस फोन में सारे सुबूत मौजूद हैं। इसके साथ ही उन्होंने कई अहम मुद्दों पर पीएम मोदी को वन-ऑन-वन डिबेट (सीधी बहस) के लिए अपनी चुनौती भी दोहराई।
इंस्टाग्राम पर आयोजित ‘आस्क मी’ (Ask Me) सेशन में समर्थकों के सवालों का जवाब देते हुए राहुल गांधी ने अपना फोन हाथ में उठाया और कहा कि सारे सुबूत इसी फोन में हैं और पीएम यह बात अच्छी तरह जानते हैं, क्योंकि वह उनका फोन टैप करते हैं। हालांकि, इस आरोप को साबित करने के लिए उन्होंने लाइव सेशन के दौरान कोई तकनीकी या पुख्ता सुबूत पेश नहीं किया।
इस दौरान कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री के साथ सार्वजनिक मंच पर सीधी बहस की अपनी मांग को एक बार फिर पुरजोर तरीके से उठाया। शुक्रवार को दिए गए उनके बयान को देखें, तो यह पिछले 12 दिनों में सातवीं बार है जब राहुल गांधी ने सार्वजनिक तौर पर पीएम मोदी को डिबेट के लिए ललकारा है। उनका कहना है कि इस आमने-सामने की बहस से हमेशा के लिए यह तय हो जाएगा कि कौन विदेशी नियंत्रण में है और कौन देशद्रोही है।
राहुल गांधी लगातार चुनाव प्रक्रिया, विदेशी प्रभाव और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर खुली चर्चा की मांग कर रहे हैं। दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता उनकी इन चुनौतियों को लगातार सिरे से खारिज करते रहे हैं। सत्ता पक्ष का आरोप है कि कांग्रेस नेता संसद में होने वाली सार्थक बहसों से बचते हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण भी पहले यह सवाल उठा चुकी हैं कि जब चर्चा के लिए संसद पहले से मौजूद है, तो राहुल गांधी प्रधानमंत्री से बहस के लिए किसी अन्य जगह को चुनने के लिए क्यों कह रहे हैं।
वैसे यह कोई पहला मौका नहीं है जब राहुल गांधी ने फोन टैपिंग का मुद्दा उठाया है। इससे पहले भी वह यह दावा कर चुके हैं कि पेगासस (Pegasus) के जरिए उनके और कई अन्य राजनेताओं के फोन की जासूसी कराई गई थी, ताकि केंद्रीय एजेंसियां उनकी निगरानी कर सकें। साल 2023 में उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके फोन में पेगासस था और खुफिया अधिकारियों ने खुद उन्हें कॉल कर फोन पर संभलकर बात करने की चेतावनी दी थी। हालांकि, केंद्र सरकार की तरफ से उनके इन तमाम आरोपों को हमेशा निराधार बताकर खारिज किया गया है।
यह भी पढ़ें-
पित्रोदा की तारीफ के बाद पीएम मोदी ने ‘सैम भाई’ को दी दिवाली की बधाई







