भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने एक बार अपने पति फिरोज गांधी को लेकर उड़ रही अफवाहों पर अपनी एक सहेली को खत लिखा था। उन्होंने उस पत्र में कहा था कि फिरोज में बहुत सी कमियां हैं, लेकिन हम में से आखिर किसमें कमियां नहीं होतीं। उन्होंने लिखा था कि इन बातों से फिरोज के प्रति उनकी भावनाओं पर कोई असर नहीं पड़ता। वह उनकी तमाम कमियों के बावजूद उनसे स्नेह करती हैं, या शायद उन्हीं कमियों की वजह से।
यह बेहद निजी और अनकहे जज्बात सोनिया गांधी की किताब ‘बिलोंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) में दर्ज हैं। इस किताब के पन्ने इंदिरा और फिरोज गांधी के जटिल लेकिन बेहद गहरे रिश्ते की एक मानवीय और दिलचस्प तस्वीर पेश करते हैं।
इंदिरा और फिरोज साल 1942 में शादी के बंधन में बंधे थे। इसके पांच साल बाद 1947 में जब देश आजाद हुआ और जवाहरलाल नेहरू प्रधानमंत्री बने, तो उन्हें कामकाज में अपनी बेटी इंदिरा की मदद की जरूरत पड़ी। सोनिया अपनी किताब में लिखती हैं कि शुरुआत में फिरोज ने हालात की मांग को समझते हुए इस नई व्यवस्था को खुशी-खुशी स्वीकार कर लिया था।
हालाँकि, जैसे-जैसे प्रधानमंत्री पिता के प्रति इंदिरा की जिम्मेदारियां बढ़ीं, उनके लिए दोनों पक्षों को संभालना मुश्किल होने लगा। उस वक्त तक उनके दो बच्चे हो चुके थे। अगस्त 1944 में राजीव और दिसंबर 1946 में संजय का जन्म हो चुका था।
इंदिरा प्रधानमंत्री की आधिकारिक परिचारिका (होस्टेस) बन चुकी थीं। उन्हें देश-विदेश के अहम दौरों पर पिता के साथ जाना पड़ता था, जबकि फिरोज अपनी नौकरी के कारण हर जगह उनके साथ नहीं जा सकते थे। सोनिया किताब में इंदिरा के स्टाफ की सदस्य रहीं ‘एमी आंटी’ के हवाले से एक वाकया साझा करती हैं।
आधिकारिक रात्रिभोज के दौरान प्रोटोकॉल के तहत इंदिरा को नेहरू के ठीक बगल में बैठाया जाता था। वहीं दूसरी तरफ, फिरोज को लंबी मेज के अंत में या काफी दूर जगह मिलती थी। लोग अक्सर इस बात पर उनका मजाक उड़ाते थे, जिससे फिरोज बहुत आहत महसूस करते थे। सोनिया मानती हैं कि ऐसे ही हालातों ने उनके मन में एक तरह के अलगाव को जन्म दिया होगा।
1950 के दशक के मध्य में फिरोज अपने लिए आवंटित किए गए सांसद आवास में अलग जाकर रहने लगे। किताब के अनुसार, वह एक ऐसे आकर्षक व्यक्ति के रूप में पहचाने जाने लगे जो अपने दोस्तों और महिलाओं की संगत का लुत्फ उठाना पसंद करता था।
शादी के कुछ साल बाद ही इस विषय पर इंदिरा ने फिरोज को एक खत में अपने दिल की बात लिखी थी। उन्होंने लिखा था कि उन्हें इस बात से कोई आपत्ति नहीं है कि वह किसके साथ बाहर जाते हैं या क्या करते हैं, बशर्ते इससे उन्हें खुशी मिले। इंदिरा की बस एक शर्त थी कि इन बातों के बारे में फिरोज खुद उन्हें बताएं, बजाय इसके कि वह दूसरों से झूठी-सच्ची कहानियां सुनें।
किताब के मुताबिक, इंदिरा ने सोनिया को बताया था कि जब फिरोज किसी अन्य रिश्ते में गंभीर हो गए, तो वह दौर उनके लिए सबसे ज्यादा तकलीफदेह था। एक भीषण झगड़े के बाद दोनों के बीच बात औपचारिक रूप से अलग होने तक पहुंच गई थी।
इसी बीच फिरोज ने इस मसले पर जवाहरलाल नेहरू से बात करने का वक्त मांगा। इंदिरा भी यही चाहती थीं कि फिरोज इस विषय पर किसी ऐसे व्यक्ति से बात करें जिस पर वह पूरा भरोसा करते हों। नेहरू ने फिरोज को समझाया और कुछ महीनों बाद ही उन्होंने अलग होने का विचार पूरी तरह त्याग दिया।
सोनिया गांधी अपनी किताब में जिक्र करती हैं कि राजीव अक्सर पिता के साथ बिताए वक्त और उनके घर जाने की यादों को बहुत स्नेह से याद करते थे। राजीव ने सोनिया को बताया था कि कभी-कभी उनके पिता के घर पर एक महिला भी मौजूद होती थी। हालांकि, उन्होंने कभी उसका नाम नहीं लिया। सोनिया लिखती हैं कि शायद वह नाम नहीं जानते थे या फिर उसे याद नहीं करना चाहते थे।
साल 1958 में फिरोज को दिल का दौरा पड़ा और यह त्रासदी उनके पुराने जख्मों पर मरहम बन गई। इंदिरा उस वक्त अपने पिता के साथ भूटान दौरे पर थीं। खबर मिलते ही वह तुरंत लौटीं और नर्सिंग होम में फिरोज के ठीक होने तक लंबे समय तक उनकी देखभाल करती रहीं।
जब 1959 में इंदिरा के गुर्दे की पथरी का ऑपरेशन हुआ, तो फिरोज भी उनकी सेहत को लेकर उतने ही फिक्रमंद थे और हर पल उनके साथ खड़े रहे। दोनों के बीच के पुराने गिले-शिकवे अब मिटने लगे थे। इसी नए जुड़ाव के चलते 1960 में पूरा परिवार एक साथ छुट्टियां मनाने कश्मीर भी गया।
लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। कश्मीर दौरे के महज तीन महीने बाद फिरोज को एक और भयानक दिल का दौरा पड़ा जो जानलेवा साबित हुआ। उस वक्त केरल के दौरे पर गईं इंदिरा घबराकर वापस उड़ीं और सीधा अस्पताल पहुंचीं।
सोनिया लिखती हैं कि कुछ पल के लिए फिरोज को होश आया, तभी उन्हें खांसी का तेज दौरा पड़ा। इंदिरा ने उनका सिर हल्का सा ऊपर उठाया और उसी पल सब खत्म हो गया। फिरोज का निधन केवल 48 साल की उम्र में हो गया।
सोनिया मानती हैं कि वह अक्सर इस “उलझे हुए” रिश्ते के बारे में गहराई से सोचती थीं। अपनी सास के निधन के बाद जब सोनिया ने दोनों के बीच के पुराने खत पढ़े, तो उन्हें सारी सच्चाई समझ आ गई। उन्होंने लिखा है कि भले ही वे बुरी तरह लड़े हों या कुछ वक्त के लिए एक-दूसरे से दूर हो गए हों, लेकिन उन्हें बांधे रखने वाला वह डोर कभी नहीं टूटा था।
अपनी शादी के तमाम उतार-चढ़ावों के बावजूद, इंदिरा ने एक बार सोनिया से यह स्वीकार किया था कि वह फिरोज के अलावा किसी और से शादी करने के बारे में सोच भी नहीं सकती थीं। उन्होंने बताया था कि केवल फिरोज ही वह इकलौते शख्स थे जिनसे उन्होंने सच्चा प्यार किया था।
इंदिरा के निधन के बाद सोनिया को उनके कागजातों के बीच एक अधूरा नोट भी मिला था। उसमें लिखा था, “मैं तुम्हें सोनिया इसलिए लिख रही हूं क्योंकि मैं तुममें अपनी कुछ झलक देखती हूं, और मेरे बेटे में मुझे मेरे पति की झलक दिखती है, जो तुम्हारा पति है।”
सोनिया का मानना है कि इंदिरा के जीवन में फिरोज ही वह इंसान थे जिनके साथ उन्होंने बिना किसी हिचक के अपनापन साझा किया। जब उनका वैवाहिक जीवन परेशानियों से गुजर रहा था, तब भी उन्होंने अपने पति को प्यार भरे खत लिखे थे।
एक बार जब सोनिया ने इंदिरा को बताया कि उनकी छोटी बहन अपने पति से अलग होने पर विचार कर रही है, तो इंदिरा का जवाब बेहद भावुक था। उन्होंने कहा था कि उसे समझाना कि वह गुस्से या दुख में कभी कोई फैसला न ले। इंदिरा ने भारी मन से स्वीकारा था कि उन्हें फिरोज के साथ हुए अपने अलगाव पर जिंदगी भर पछतावा रहा।
यह भी पढ़ें-
पित्रोदा की तारीफ के बाद पीएम मोदी ने ‘सैम भाई’ को दी दिवाली की बधाई








