अमेरिकी सरकार ने बुधवार, 25 नवंबर 2026 को भारत से आयात होने वाले उत्पादों पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा कर दी। वाशिंगटन का आरोप है कि भारत के कुछ अनुचित कदम, नीतियां और व्यापारिक प्रथाएं अमेरिकी व्यापार पर बोझ डाल रही हैं और उसे बाधित कर रही हैं। ताजा कार्रवाई की जद में आईं 14 अर्थव्यवस्थाओं में भारत पर लगाया गया यह शुल्क दूसरा सबसे बड़ा है, जो केवल वियतनाम पर लागू 35 प्रतिशत टैरिफ से कम है।
हालांकि, इस सख्त फैसले के बीच राहत की एक खिड़की भी खुली छोड़ी गई है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यदि भारत और अमेरिका ‘पारस्परिक व्यापार समझौते’ (एग्रीमेंट ऑन रेसिप्रोकल ट्रेड) पर सहमत हो जाते हैं, तो यह शुल्क घटकर 17 प्रतिशत रह सकता है।
आदेश के मुताबिक, नया 25 प्रतिशत टैरिफ भारत पर पहले से लागू शुल्कों को समायोजित करने के बाद प्रभावी होगा, यानी इसे मौजूदा 10 प्रतिशत टैरिफ के ऊपर अतिरिक्त रूप से नहीं जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही यह भी कहा गया है कि अन्य मौजूदा शुल्कों को ध्यान में रखते हुए नए टैरिफ में किसी तरह के बदलाव का अंतिम निर्णय USTR के हाथ में रहेगा।
भारत ने जताई आपत्ति, बातचीत से समाधान पर जोर
अमेरिकी घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए भारत सरकार ने कहा है कि उसने USTR के कदम का संज्ञान लिया है और जारी नोटिस की समीक्षा की जा रही है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि भारत ने इस पूरी जांच प्रक्रिया के दौरान रचनात्मक सहयोग किया है।
मंत्रालय के अनुसार, जांच शुरू होने के नोटिस और उसके बाद की कार्यवाही में वाणिज्य विभाग पहले ही साफ कर चुका है कि भारत के किसी भी क्षेत्र में संरचनात्मक अतिरिक्त क्षमता (स्ट्रक्चरल एक्सेस कैपेसिटी) जैसी स्थिति नहीं है। सरकार ने दोहराया कि भारत और अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत कर रहे हैं और व्यापार से जुड़े किसी भी मुद्दे का हल इसी मंच के जरिए निकाला जाना चाहिए।
बयान में आगे कहा गया कि भारत सरकार 2 फरवरी 2026 को हुई घोषणा और 7 फरवरी 2026 को जारी संयुक्त बयान के अनुरूप, भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते को जल्द अंतिम रूप देने के लिए अमेरिका के साथ मिलकर काम करने को प्रतिबद्ध है।
टैरिफ के दबाव की पूरी कहानी
इस ताजा कदम की पृष्ठभूमि इसी साल मार्च में तैयार हुई थी, जब USTR ने अमेरिकी व्यापार अधिनियम की धारा 301 के तहत भारत सहित अपने कई व्यापारिक साझेदारों के खिलाफ दो अलग-अलग जांच शुरू की थीं। जबरन श्रम से जुड़ी पहली जांच के नतीजे के तौर पर भारत पर 10 प्रतिशत शुल्क लगाया गया था, जबकि बुधवार को घोषित 25 प्रतिशत टैरिफ संरचनात्मक अतिरिक्त क्षमता पर की गई दूसरी जांच का परिणाम है।
इन शुल्कों के अलावा अमेरिका अपने ट्रेड एक्सपेंशन एक्ट की धारा 232 के तहत सभी देशों से आने वाले एल्युमीनियम और स्टील पर पहले से ही 50 प्रतिशत टैरिफ वसूल रहा है। राहत की बात यह है कि नए शुल्क इनके ऊपर अतिरिक्त रूप से लागू नहीं होंगे। वहीं, ‘लिंडसे ओ. ग्राहम सैंक्शनिंग रशिया एंड ईरान एक्ट ऑफ 2026’ के तहत अमेरिकी सरकार के पास भारत समेत उन देशों पर 100 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने का अधिकार है जो बड़ी मात्रा में रूसी तेल खरीदते हैं, हालांकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिलहाल इस शुल्क पर अस्थायी रोक लगा रखी है।
अपनी जांच रिपोर्ट में USTR ने निष्कर्ष निकाला है कि भारत की नीतियां और व्यापारिक तौर-तरीके संरचनात्मक अतिरिक्त क्षमता को बढ़ावा देते हैं। रिपोर्ट का दावा है कि इससे अनुचित प्रतिस्पर्धा पैदा होती है, अमेरिकी उत्पादकों और निर्यातकों के अवसर घटते हैं, निर्यात में गिरावट व व्यापार घाटे से अमेरिकी मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर कमजोर पड़ता है और देश के सामने आर्थिक सुरक्षा का जोखिम खड़ा होता है। इसी आधार पर USTR ने कुछ चुनिंदा वस्तुओं को छूट देते हुए सभी भारतीय उत्पादों पर मौजूदा धारा 301 के शुल्कों को समायोजित कर 25 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है।
समझौते से बदल सकता है पूरा समीकरण
USTR के आदेश में यह प्रावधान भी रखा गया है कि धारा 301 की अन्य कार्रवाइयों और धारा 232 के तहत लगने वाले शुल्कों को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त ड्यूटी में समायोजन पर विचार किया जा सकता है। यदि भारत जांच में उठाए गए मुद्दों का समाधान करते हुए अमेरिका के साथ पारस्परिक व्यापार समझौता कर लेता है, तो टैरिफ दर 17 प्रतिशत पर आ सकती है।
अन्य प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं से तुलना करें तो भारत पर प्रस्तावित 25 प्रतिशत शुल्क काफी अधिक है। अमेरिका ने जापान, दक्षिण कोरिया, स्विट्जरलैंड, ताइवान और यूरोपीय संघ पर 15-15 प्रतिशत, जबकि इंडोनेशिया, मलेशिया और थाईलैंड पर 18-18 प्रतिशत टैरिफ तय किया है। इसके अलावा बांग्लादेश, कंबोडिया, चीन और सिंगापुर पर 20 प्रतिशत तक शुल्क लगाया गया है।
इस सूची में केवल वियतनाम ही ऐसा देश है जिस पर भारत से ज्यादा यानी 35 प्रतिशत टैरिफ लगाया गया है, लेकिन अमेरिका के साथ व्यापार समझौता होने की स्थिति में उसकी दर भी घटकर 20 प्रतिशत हो सकती है।
गौरतलब है कि भारत और अमेरिका ने फरवरी 2026 में एक संयुक्त बयान जारी कर अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा पेश की थी, जिसके तहत भारतीय उत्पादों पर 18 प्रतिशत टैरिफ तय किया जाना था। वह समझौता अभी अंतिम रूप नहीं ले सका है। यदि नई बातचीत सफल होती है और टैरिफ 17 प्रतिशत पर तय हो जाता है, तो वैश्विक बाजार में भारत को अपने प्रमुख प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले सीधी बढ़त मिल सकती है।
यह भी पढ़ें-
पीटी उषा की पारी पर लगा विराम: IOA अध्यक्ष पद की दौड़ से बाहर, अब नए बॉस के लिए त्रिकोणीय घमासान
दिवाली के बाद गांधीनगर में फिर गूंजे विरोध के स्वर, एक साथ तीन आंदोलनों से गुजरात सरकार पर बढ़ा दबाव











