अग्निपथ योजना के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन की आग लगभग 13 राज्यों तक पहुंच चुकी है। इसके सबसे ज्यादा असर बिहार में देखने को मिला है। अग्निपथ योजना के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन को देखते हुए बिहार सरकार ने 12 जिलों में इंटरनेट सेवा को बंद करने का फैसला लिया है। कैमूर, भोजपुर, औरंगाबाद, रोहतास, बक्सर, नवादा, पश्चिमी चंपारण, समस्तीपुर, लखीसराय, बेगूसराय, वैशाली और सारण ज़िलों में आज से 19 जून तक इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रहेगी।
उधर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा समेत कई राज्यों उग्र प्रदर्शन जारी है। कई राज्यों में प्रदर्शनकारियों ने ट्रेन की पटरियों को अवरुद्ध कर दिया और ट्रेन के डिब्बों में आग लगा दी, जिससे देश भर में रेल सेवाएं बाधित हो गईं। इसी प्रदर्शन के बीच हैदराबाद में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 15 से अधिक घायल हैं। वहीं, हरियाणा सरकार ने अग्निपथ योजना के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन की वजह से मोबाइल इंटरनेट सेवाओं और सभी एसएमएस सेवाओं को अगले 24 घंटे के लिए बंद करने का आदेश दिया है।
बता दें कि भारतीय सेनाओं में चार साल की अवधि के लिए युवाओं की भर्ती के लिए केंद्र सरकार की ओर से लांच किए गए ‘अग्निपथ’ योजना का देश में भारी विरोध हो रहा है। तेलंगाना में सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों ने ट्रेन में आग लगा दी। वहीं आज सुबह यूपी के बलिया रेलवे स्टेशन पर छात्रों ने तोड़फोड़ की। हालात का काबू करने के लिए पुलिस को पुलिस को लाठी चार्ज करनी पड़ा। बिहार के बक्सर में भी छात्रों ने भारी हंगामा किया। दानापुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के एक डिब्बे में आग लगा दी गई।
तेलंगाना के सिकंदराबाद में अग्निपथ योजना के विरोध में हिंसक प्रदशन के दौरान एक 19 वर्षीय युवा की मौत हो गई जबकि 15 लोग घायल हो गए. बिहार और यूपी के अलावा हरियाणा, मध्य प्रदेश, दिल्ली और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में भी प्रदर्शन की ‘आंच’ पहुंच गई है.
अग्निपथ योजना के खिलाफ प्रदर्शन के चलते 316 ट्रेनों पर असर पड़ा है. रेल मंत्रालय के शीर्ष आधिकारिक सूत्र के अनुसार, आंदोलन के कारण अब तक 214 ट्रेनें ( मेल-एक्सप्रेस 80 और पैसेंजर 134) रद्द हुई हैं आंशिक तौर पर 61 मेल एक्सप्रेस और 30 पैसेंजर ट्रेन कैंसल की गईं. 11 मेल एक्सप्रेस को डायवर्ट करके चलाया गया.
बिहार में नेताओं को भी निशाना बनाया गया. उपमुख्यमंत्री रेणु देवी के बेतिया के आवास पर हमला किया गया था. इसके बाद बीजेपी के बिहार इकाई के अध्यक्ष संजय जायसवाल के आवास पर भी भीड़ ने हमला किया. वो उस दौरान घर में ही थे. हमले में घर मे लगे गेट को तोड़ने का प्रयास किया गया. घर का शीशा चकनाचूर हो गया. शहर के अस्पताल रोड स्थित प्रदेश अध्यक्ष के आवास को निशाना बनाया गया जिसमें एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया है.
देशभर में चल रहे प्रदर्शनों के बीच, बीजेपी सांसद वरुण गांधी (Varun Gandhi)केंद्र सरकार की योजना के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे सैन्य अभ्यर्थियों के पक्ष में खुलकर सामने आए हैं. वरुण ने ट्वीट में लिखा, “सैन्य अभ्यर्थियों के इस संघर्ष में मैं हर कदम पर उनके साथ खड़ा हूं. आप सभी से निवेदन है कि धैर्य से काम लें और ‘लोकतांत्रिक मर्यादा’ बनाए रखते हुए अपने ज्ञापन विभिन्न माध्यमों से सरकार तक पहुंचाएं. ‘सुरक्षित भविष्य’ हर युवा का अधिकार है! न्याय होगा.”
अग्निपथ योजना के विरोध में हो रहे उग्र प्रदर्शन के बीच रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने युवाओं से हिंसक प्रदर्शन में शामिल नहीं होने और रेलवे की संपत्ति को नुकसान न पहुंचाने की अपील की है. उन्होंने कहा, “रेलवे देश की संपत्ति है.”
अग्निपथ योजना सही दिशा में एक बहुत जरूरी सुधार है- मनीष तिवारी











