नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की सरगर्मी के बीच, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए, तेजस्वी ने ‘बिहारी’ बनाम ‘बाहरी’ का मुद्दा छेड़ दिया और कहा कि गुजरात के दो लोग (पीएम मोदी और अमित शाह) बिहार को चलाने की कोशिश कर रहे हैं।
महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने सवालिया लहजे में कहा, “मोदीजी फैक्ट्री लगाएंगे गुजरात में, और विक्ट्री चाहिए बिहार में? लेकिन ऐसा नहीं होने वाला है।”
उन्होंने ज़ोर देकर कहा, “हम बिहारी हैं, हम ‘बाहरियों’ से डरते नहीं हैं। जब लालूजी मोदी से नहीं डरे, तो क्या उनका बेटा डर जाएगा? ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स, केस, छापे… गुजरात के दो लोग बिहार चला रहे हैं। मुझे बताओ… बिहारी बिहार पर राज करेगा या कोई बाहरी?”
तेजस्वी यादव ने यह भी दावा किया कि जो काम नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली ‘डबल इंजन’ सरकार 20 सालों में नहीं कर पाई, उसे महागठबंधन 20 महीनों के भीतर पूरा करके दिखाएगी।
उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व पर मौजूदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ अन्याय करने का भी आरोप लगाया। तेजस्वी ने कहा, “केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा, नीतीश कुमार को फिर से बिहार का सीएम नहीं बनाना चाहते। दुख की बात है कि भाजपा उनके साथ अन्याय कर रही है।”
बिहार की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताते हुए तेजस्वी ने भ्रष्टाचार, पलायन और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को उठाया। उन्होंने कहा, “एक बिहारी होने के नाते, मुझे दर्द होता है कि बिहार भारत का सबसे गरीब राज्य है। यहाँ बेरोजगारी दर सबसे अधिक है। लोग महंगाई से परेशान हैं और सबसे ज्यादा पलायन यहीं से होता है।”
उन्होंने आगे कहा, “यहां उद्योग-धंधे नहीं लगते। अपराध चरम पर पहुंच गया है। अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं, उन पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। भ्रष्टाचार भी चरम पर है। क्या बिना घूस दिए कोई काम हो रहा है?”
इसके अलावा, यादव ने आश्वासन दिया कि प्रतिनिधित्व बढ़ाने के लिए महागठबंधन राजनीतिक और धार्मिक अल्पसंख्यक समुदायों से अतिरिक्त उपमुख्यमंत्री (Deputy CM) नियुक्त करेगा।
उन्होंने कहा, “मुकेश सहनी डिप्टी सीएम बनेंगे और अति पिछड़ा वर्ग के लोगों की आवाज उठाएंगे। हम समाज के अन्य वर्गों और धर्मों का प्रतिनिधित्व करने वाले और भी डिप्टी सीएम बनाएंगे।”
गौरतलब है कि तेजस्वी यादव खुद राघोपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। महागठबंधन ने गुरुवार को ही तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का चेहरा और विकासशील इंसान पार्टी के मुकेश सहनी को डिप्टी सीएम पद का उम्मीदवार घोषित किया था।
2025 के बिहार विधानसभा चुनावों में मुख्य मुकाबला एनडीए और महागठबंधन के बीच है। चुनाव दो चरणों में 6 नवंबर और 11 नवंबर को होंगे, और वोटों की गिनती 14 नवंबर को की जाएगी।
यह भी पढ़ें-









