टेलीविजन के सबसे लोकप्रिय और पिछले 18 सालों से दर्शकों का लगातार मनोरंजन कर रहे शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ को लेकर एक चौंकाने वाली अफवाह सामने आई थी। चर्चा थी कि जेठालाल का मशहूर किरदार निभाने वाले दिग्गज अभिनेता दिलीप जोशी का स्क्रीन टाइम अब कम होने वाला है। इस खबर ने रातों-रात शो के लाखों फैंस को निराश कर दिया था। हालांकि, अब खुद निर्माताओं ने सामने आकर इन दावों पर अपनी चुप्पी तोड़ी है और पूरी सच्चाई स्पष्ट कर दी है।
दरअसल, हाल ही में गोकुलधाम सोसाइटी में एक नई राजस्थानी फैमिली की एंट्री हुई है। इस परिवार में कुल चार सदस्य हैं, जिनमें पति-पत्नी और उनके दो बच्चे शामिल हैं। शो में पति रत्न सिंह बिंजोला का किरदार अभिनेता कुलदीप गोर निभा रहे हैं, जबकि पत्नी रूपा के रोल में धरती भट्ट नजर आ रही हैं। कहानी के मुताबिक यह नया परिवार साड़ी की दुकान चलाता है।
इस नए ट्रैक को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। इसके साथ ही पिछले कुछ समय से बाघा और बावरी के प्रेम प्रसंग पर भी मेकर्स ने ज्यादा जोर दिया था, जिसके कारण जेठालाल स्क्रीन से कुछ समय के लिए नदारद रहे।
लगातार एपिसोड्स में जेठालाल की गैरमौजूदगी देखकर सोशल मीडिया पर फैंस ने सवाल उठाने शुरू कर दिए थे कि आखिर दिलीप जोशी कहां गायब हैं। आपको बता दें कि दिलीप जोशी इस शो के सबसे अधिक फीस लेने वाले कलाकारों में गिने जाते हैं और वे एक महीने में अमूमन 15 दिन ही शूटिंग करते हैं।
लंबे समय से दयाबेन के शो में न होने की वजह से उन दोनों का पुराना ट्रैक भी नहीं बन पा रहा है। इन्ही सब कारणों के चलते यह कयास लगाए जाने लगे थे कि अब निर्माताओं का पूरा फोकस सिर्फ नए राजस्थानी परिवार पर ही रहने वाला है।
इन सभी अटकलों पर हमेशा के लिए विराम लगाते हुए शो की टीम ने साफ कर दिया है कि जेठालाल का रोल किसी भी कीमत पर खत्म या कम नहीं किया जा रहा है।
मेकर्स के मुताबिक वर्तमान कहानी का मुख्य केंद्र अभी भी जेठा भाई ही हैं और हाल ही में उनका एक बिल्कुल नया प्रोमो भी जारी किया जा चुका है। आगामी 28 जुलाई को यह कॉमेडी शो अपने शानदार 18 साल पूरे होने का भव्य जश्न मनाने जा रहा है। ऐसे में दिलीप जोशी के फैंस की सारी टेंशन अब खत्म हो चुकी है और वे राहत की सांस ले सकते हैं।
यह भी पढ़े-
गुजरात: ऑटो किराये पर बोला गया झूठ पड़ा भारी, 20 रुपये के दावे पर हॉस्टल को चुकाने पड़े 19 हजार











