अहमदाबाद: विदेशों में रह रहे गुजरातियों का अपनी मातृभूमि पर वित्तीय भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है। वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में गुजरात के बैंकों में अप्रवासी भारतीयों (NRI) की जमा पूंजी में सालाना आधार पर 12.4 प्रतिशत की जोरदार बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
स्टेट लेवल बैंकर्स कमेटी (SLBC) गुजरात की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, यह आंकड़ा 1,22,363.74 करोड़ रुपये के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गया है, जो बीते वित्त वर्ष की समान अवधि में 1,08,897.99 करोड़ रुपये था। इस तरह एक वर्ष के भीतर एनआरआई जमा में लगभग 13,466 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है।
राज्यभर में एनआरआई फंड आकर्षित करने के मामले में अहमदाबाद सबसे आगे रहा। अहमदाबाद ने राज्य की कुल जमा पूंजी का पांचवां हिस्सा यानी 22.3 प्रतिशत से अधिक दर्ज कराया, जो 27,326.02 करोड़ रुपये है। वडोदरा 19,447.11 करोड़ रुपये के साथ दूसरे और कच्छ 18,212.65 करोड़ रुपये के साथ तीसरे स्थान पर रहा। राज्य के कुल एनआरआई डिपॉजिट का आधे से अधिक हिस्सा केवल इन तीन जिलों में केंद्रित है।
बैंकिंग क्षेत्र के एक वरिष्ठ सूत्र के अनुसार, एनआरआई डिपॉजिट में यह इजाफा विदेशी गुजरातियों की राज्य में फंड रखने की निरंतर रुचि को रेखांकित करता है। इस पूंजी का एक बड़ा हिस्सा विशेष रूप से अहमदाबाद में लग्जरी और हाई-एंड रेजिडेंशियल प्रॉपर्टीज में निवेश किया जा रहा है, जबकि म्यूचुअल फंड भी उनके लिए एक आकर्षक निवेश विकल्प बनकर उभर रहा है।
जमा पूंजी के मामले में आनंद 9,746.58 करोड़ रुपये के साथ चौथे स्थान पर रहा। वहीं सूरत और राजकोट ने क्रमशः 9,480.82 करोड़ रुपये और 9,368.49 करोड़ रुपये दर्ज किए। इन दोनों शहरों में मजबूत वार्षिक वृद्धि देखी गई है—जून 2025 में सूरत में यह जमा 8,268.46 करोड़ रुपये और राजकोट में 8,597.65 करोड़ रुपये थी।
नवसारी 6,928.78 करोड़ रुपये के साथ सातवें पायदान पर रहा। इस बार गांधीनगर ने 5,353.23 करोड़ रुपये की जमा के साथ शीर्ष 10 में अपनी जगह बनाई। गांधीनगर ने जामनगर को बाहर का रास्ता दिखाया, जो पिछले साल 2,171.69 करोड़ रुपये के साथ दसवें स्थान पर था। इसके अलावा खेड़ा 3,138.04 करोड़ रुपये और पोरबंदर 2,805.37 करोड़ रुपये की जमा पूंजी के साथ शीर्ष 10 जिलों की सूची में शामिल रहे।
यह भी पढ़ें-
सिर्फ एक क्लिक और किताबें घर पर: गुजरात के छात्रों के लिए सरकार का अमेज़न से हुआ समझौता
विदेश घूमने का सपना टूटा: 10 लोगों से 17.8 लाख ऐंठकर ट्रेवल एजेंट रफूचक्कर







