अहमदाबाद/सैंटियागो: अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड की इकाई कच्छ कॉपर लिमिटेड (KCL) और चिली की ‘कॉर्पोरेशन नैशनल डेल कोब्रे डी चिली’ (Codelco) ने एक अहम समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता उत्तरी चिली के एंटोफागास्टा क्षेत्र के कैलामा कॉपर बेल्ट में स्थित काबुरकाला प्रोजेक्ट में रणनीतिक अन्वेषण (एक्सप्लोरेशन) साझेदारी के लिए किया गया है।
कैलामा कॉपर बेल्ट को दुनिया के सबसे बेहतरीन और समृद्ध तांबा उत्पादक क्षेत्रों में से एक माना जाता है। इस महत्वपूर्ण समझौते पर हाल ही में लंदन में आयोजित LME वीक 2026 के दौरान कच्छ कॉपर के निदेशक जीत अडानी, अडानी नेचुरल रिसोर्सेज के सीईओ डॉ. विनय प्रकाश और कोडेल्को के चेयरमैन बर्नार्डो फोंटेन की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए गए।
इस रणनीतिक साझेदारी को केवल एक खनन संपत्ति से आगे बढ़कर भारत के भविष्य में एक दीर्घकालिक निवेश के रूप में देखा जा रहा है। कच्छ कॉपर के निदेशक जीत अडानी ने कहा कि भविष्य के बदलावों के केंद्र में तांबे जैसे महत्वपूर्ण संसाधन हैं।
उन्होंने जोर देकर कहा कि वैश्विक स्तर पर तांबा संसाधनों तक पहुंच सुरक्षित करके, कंपनी नवीकरणीय ऊर्जा, उन्नत विनिर्माण, बुनियादी ढांचे और तकनीक जैसे भारत के विकास को गति देने वाले महत्वपूर्ण उद्योगों के लिए आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत कर रही है।
कोडेल्को के चेयरमैन बर्नार्डो फोंटेन ने इस साझेदारी को पिछले एक साल के काम का महत्वपूर्ण परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह समझौता विश्व स्तर के भागीदारों को आकर्षित करने और चिली राज्य व कंपनी के दीर्घकालिक हितों की रक्षा करते हुए अपनी अन्वेषण संपत्तियों से मूल्य सृजित करने की कोडेल्को की क्षमता को दर्शाता है।
अडानी समूह के लिए यह साझेदारी एक एकीकृत और विश्व स्तर पर विविध तांबा मूल्य श्रृंखला बनाने की दिशा में एक बेहद रणनीतिक कदम है। यह चिली के अपस्ट्रीम संसाधनों को भारत के मुंद्रा स्थित कंपनी के विशाल कॉपर स्मेल्टर कॉम्प्लेक्स से जोड़ेगी, जिससे विद्युतीकरण और वैश्विक ऊर्जा संक्रमण के लिए जरूरी खनिजों तक लंबी अवधि की पहुंच सुनिश्चित होगी।
इस सहयोग से भारत और चिली के बीच महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में सहयोग भी मजबूत होगा, जो ऐसे समय में हो रहा है जब संसाधन सुरक्षा दोनों देशों की रणनीतिक प्राथमिकता बन गई है।
प्रस्तावित साझेदारी के तहत काबुरकाला प्रोजेक्ट में अडानी की पूंजी और तकनीक-आधारित निष्पादन क्षमता का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके साथ ही कोडेल्को के गहरे भूवैज्ञानिक ज्ञान व अंतरराष्ट्रीय अनुभव का बेहतरीन तालमेल देखने को मिलेगा। दोनों कंपनियों का मुख्य फोकस जिम्मेदार अन्वेषण, सुरक्षा के उच्च मानकों, पर्यावरण संरक्षण और दीर्घकालिक मूल्य निर्माण पर रहेगा।
यह भी पढ़ें-
अहमदाबाद में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के बहाने डीयू की छात्राओं का सौदा? छात्र नेता सस्पेंड
दिल्ली की हवा में घुला पटाखों का 80% जहर: प्रदूषण से हार्ट अटैक का खतरा बढ़ा, डरा रहे हैं नए आंकड़े








