अडाणी समूह की खेल शाखा अडानी स्पोर्ट्सलाइन ने भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के साथ एक दीर्घकालिक प्रायोजन समझौता किया है। वह अब बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल 2022, हांग्जो एशियाई खेल 2022 और पेरिस ओलंपिक खेल 2024 के दौरान भारतीय दल का आधिकारिक भागीदार होंगे। इससे पहले यह समूह 2021 में टोक्यो ओलंपिक के दौरान भारतीय दल से जुड़ा था।
अडाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड के निदेशक प्रणव अदानी ने कहा, भारत को गौरव दिलाने के लिए अपने एथलीटों की यात्रा का समर्थन करना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। हम अपनी पहल पर गर्व है। आईओए के साथ जुड़ाव भारतीय दल के लिए अपना समर्थन व्यक्त करने का एक स्वाभाविक विस्तार है।
अडानी स्पोर्ट्सलाइन ने विभिन्न प्रकार के खेलों में अपनी एथलीट सहायता पहल के माध्यम से 28 से अधिक एथलीटों का समर्थन किया है। इनमें से छह एथलीटों ने 2021 में तोक्यो ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया और उनमें पहलवान रवि कुमार दहिया थे, जिन्होंने 57 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीता था।
आईओए के महासचिव राजीव मेहता ने एक बयान में कहा, वैश्विक मंचों पर भारतीय एथलीटों का प्रतिनिधित्व करने की हमारी यात्रा में अदानी स्पोर्ट्सलाइन की भागीदारी का स्वागत करते हुए हमें खुशी हो रही है। कॉर्पोरेट भागीदारी उभरते खेल सितारों की मदद करेगी, जिससे भारत वास्तव में एक खेल राष्ट्र बन सकेगा।
अडानी स्पोर्ट्सलाइन के पास प्रो कबड्डी लीग, अल्टीमेट खो खो लीग, बिग बाउट बॉक्सिंग लीग और इंटरनेशनल लीग टी20 (क्रिकेट) सहित भारतीय और वैश्विक प्लेटफॉर्म वाली टीमें भी हैं। यह हर साल अडाणी अहमदाबाद मैराथन का भी आयोजन करता है।