अमेरिका के शिकागो शहर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 32 वर्षीय एक गुजराती युवक अंकुर पटेल पर अपनी अलग रह रही पत्नी की बेरहमी से हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है। यह सनसनीखेज मामला अगस्त महीने का है, जब आरोपी ने कथित तौर पर अपनी 32 वर्षीय पत्नी की गर्दन पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी। दोनों पति-पत्नी के बीच पिछले करीब तीन महीने से अलगाव चल रहा था।
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब महिला ने आरोपी के साथ सुलह करने से साफ इनकार कर दिया और अपने नए पार्टनर के साथ ही जीवन बिताने की इच्छा जताई। इस जोड़े की एक बेटी भी है। घटना से पहले वे अमेरिका के विस्कॉन्सिन राज्य में एक साथ रहते थे, लेकिन मई के महीने में महिला ने अलग घर बसा लिया था। पारिवारिक दबाव के चलते वह कुछ समय के लिए अंकुर के पास लौट आई थी, मगर जल्द ही उसने फिर से वह घर छोड़ दिया और लुईज़ियाना रहने चली गई। लुईज़ियाना में ही उसकी मुलाकात एक पूर्व सहकर्मी से हुई, जिसके साथ वह रिश्ते में आ गई थी।
अलग होने के बाद से ही अंकुर पटेल लगातार अपनी पत्नी और उसके नए पार्टनर को जान से मारने की धमकियां दे रहा था। इसके अलावा, आरोपी ने महिला को उनकी बेटी से बात करने से भी रोक दिया था, जिसके चलते दोनों के बीच आए दिन तीखी बहस होती थी। हत्या की इस खौफनाक घटना से लगभग दो हफ्ते पहले, अंकुर शिकागो में अपने रिश्तेदारों के पास रहने चला गया था और बिना अपनी पत्नी को बताए उनकी बेटी को भारत में अपने माता-पिता के पास भेज दिया था। इसके बाद उसने सुनियोजित तरीके से अपनी पत्नी को शिकागो बुलाया और कहा कि वह अपनी बेटी से मिल सकती है।
बेटी के भारत भेजे जाने की बात से पूरी तरह अनजान वह महिला अपने नए पार्टनर के साथ शिकागो पहुंच गई। जब वे अंकुर के अपार्टमेंट पहुंचे, तो पार्टनर को नीचे ही इंतजार करने को कहा गया और महिला अकेली अंदर चली गई। अंदर जाने पर उसे पता चला कि वहां उनकी बेटी मौजूद ही नहीं है। इसी दौरान अंकुर ने उसके सामने एक बार फिर साथ रहने का प्रस्ताव रखा, जिसे महिला ने ठुकरा दिया और स्पष्ट कह दिया कि वह अपने नए पार्टनर के साथ ही रहना चाहती है।
इस जवाब से आग बबूला होकर अंकुर ने आपा खो दिया और कथित तौर पर चाकू से उसकी गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस बीच, जब महिला तय समय पर वापस बाहर नहीं लौटी, तो उसके पार्टनर ने उसे लगातार संदेश भेजे। कोई जवाब न मिलने पर उसने तुरंत पुलिस से संपर्क किया। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे भी थे, लेकिन पार्टनर यह नहीं बता पाया कि महिला किस अपार्टमेंट में गई थी, जिसके कारण पुलिस को बिना कार्रवाई के लौटना पड़ा।
यह जघन्य हत्याकांड उस रात तब सामने आया जब अंकुर के कुछ दोस्त उससे मिलने उसके अपार्टमेंट पहुंचे, क्योंकि वह तय समय पर उनसे नहीं मिला था। दोस्तों ने अपार्टमेंट के अंदर वाशिंग मशीन के पास महिला का शव पड़ा देखा, जबकि आरोपी वहां से फरार था। मृतका के शव के पोस्टमार्टम से यह बात सामने आई कि उसने बचने के लिए संघर्ष किया था, जिसके शरीर पर कई रक्षात्मक घाव मिले हैं।
वारदात को अंजाम देने के बाद अंकुर तुरंत शिकागो के ओ’हेयर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचा ताकि किसी तरह भारत भाग सके। हालांकि, काउंटर बंद होने के कारण वह टिकट नहीं खरीद सका, जिसके बाद वह पास के एक होटल में रुका और हत्या में इस्तेमाल किए गए चाकू को ठिकाने लगा दिया। इसके बाद आरोपी ने एक टारगेट स्टोर से नए कपड़े खरीदे और अगले दिन भारत की फ्लाइट का टिकट बुक कर लिया। गनीमत यह रही कि विमान में सवार होने से ठीक पहले चौकस पुलिस ने उसे धर दबोचा।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी अंकुर पटेल ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसका इरादा शुरू में हत्या करने का नहीं था, लेकिन जब पत्नी ने उसके साथ रहने से इनकार करते हुए अपने नए पार्टनर के साथ ही रहने की जिद पकड़ी, तो उसने गुस्से में आकर उसे हमेशा के लिए खत्म कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उस पर प्रथम श्रेणी की हत्या का गंभीर मामला दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें-
डॉलर के मुकाबले 100 का स्तर छुएगा रुपया? RBI की तमाम कोशिशों के बावजूद मंडरा रहा है बड़ा संकट










