भारत में सोशल मीडिया पर कुछ घंटों की अस्थायी छूट के बाद गुरुवार को एक बार फिर कई प्रमुख पाकिस्तानी सेलेब्रिटीज के सोशल मीडिया अकाउंट्स को ब्लॉक कर दिया गया है।
गुरुवार सुबह तक हानिया आमिर, माहिरा खान, शाहिद अफरीदी, मावरा होकेन और फवाद खान जैसे पाकिस्तानी कलाकारों के इंस्टाग्राम और एक्स (पूर्व में ट्विटर) प्रोफाइल भारतीय यूज़र्स के लिए दोबारा अनुपलब्ध हो गए।
इससे पहले बुधवार को इन कलाकारों के इंस्टाग्राम अकाउंट्स और कुछ यूट्यूब चैनल्स अचानक भारत में फिर से नजर आने लगे थे, जिससे सोशल मीडिया पर चर्चाएं शुरू हो गई थीं कि क्या प्रतिबंध हटा लिया गया है।
अब जब भारतीय यूज़र्स इंस्टाग्राम पर इन प्रोफाइल्स को सर्च करते हैं, तो एक पॉप-अप संदेश दिखाई देता है: “यह अकाउंट भारत में उपलब्ध नहीं है। यह कानूनी अनुरोध का पालन करते हुए प्रतिबंधित किया गया है।”
सरकारी सूत्रों ने बताया कि कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स का दोबारा नजर आना एक तकनीकी खामी के कारण हुआ। एक सरकारी सूत्र ने कहा, “अगर आप कुछ अकाउंट्स एक्स, यूट्यूब या मेटा पर देख पा रहे हैं, तो वे कुछ ही घंटों में फिर से ब्लॉक हो जाएंगे। यह तकनीकी गड़बड़ी थी, जिसे अब ठीक कर लिया गया है।”
2 जुलाई को भारतीय यूज़र्स के लिए सबा क़मर, मावरा होकेन, फवाद खान, शाहिद अफरीदी, अहद रज़ा मीर, युमना ज़ैदी और दानिश तैमूर सहित कई पाकिस्तानी सितारों के इंस्टाग्राम अकाउंट फिर से दिखने लगे थे। इसके अलावा, हम टीवी, एआरवाई डिजिटल और हर पल जियो जैसे पाकिस्तानी यूट्यूब चैनल्स भी अस्थायी रूप से उपलब्ध हो गए थे।
फैन्स ने जैसे ही इन प्रोफाइल्स को देखा, सोशल मीडिया पर यह चर्चा शुरू हो गई कि भारत सरकार ने बिना घोषणा के सोशल मीडिया प्रतिबंध हटा दिया है।
हालांकि, सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने अभी तक इस तकनीकी गड़बड़ी या उसके बाद दोबारा लगाए गए प्रतिबंधों पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
बता दें कि यह प्रतिबंध भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के चलते लगाए गए थे, खासकर भारत द्वारा पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में आतंकी ठिकानों के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर के बाद।
इस सैन्य कार्रवाई की कई पाकिस्तानी सेलेब्रिटीज ने सोशल मीडिया पर आलोचना की थी, जिसके बाद भारतीय यूज़र्स के लिए उनके अकाउंट्स पर रोक लगा दी गई थी।
यह भी पढ़ें- अमरनाथ यात्रा 2025: जम्मू से 5,246 श्रद्धालुओं का दूसरा जत्था घाटी के लिए रवाना