नई दिल्ली: गांधी-वाड्रा परिवार में जल्द ही जश्न का माहौल देखने को मिल सकता है। कांग्रेस महासचिव और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और व्यवसायी रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा अपनी लॉन्ग टाइम गर्लफ्रेंड अवीवा बेग के साथ अपने रिश्ते को नया नाम देने जा रहे हैं।
खबर है कि 25 वर्षीय रेहान वाड्रा ने अवीवा को शादी के लिए प्रपोज किया है। दोनों पिछले सात सालों से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह जोड़ा जनवरी में राजस्थान में सगाई कर सकता है। हालांकि, अभी तक परिवार की ओर से इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन अवीवा द्वारा इंस्टाग्राम पर शेयर की गई जानकारी ने इन कयासों को हवा दे दी है। बताया जा रहा है कि अवीवा के परिवार की रजामंदी मिलने के बाद ही रेहान ने उन्हें प्रपोज किया।
कौन हैं अवीवा बेग?
रेहान वाड्रा की होने वाली मंगेतर अवीवा बेग दिल्ली के एक प्रतिष्ठित बिजनेस परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता इमरान बेग एक व्यवसायी हैं, जबकि उनकी मां नंदिता बेग एक मशहूर इंटीरियर डिजाइनर हैं। दिलचस्प बात यह है कि दोनों परिवारों के बीच पुराने और गहरे संबंध हैं।
कहा जाता है कि प्रियंका गांधी और नंदिता बेग पुरानी सहेलियां हैं। यहां तक कि नंदिता बेग ने कांग्रेस मुख्यालय, इंदिरा भवन के इंटीरियर डिजाइन में भी प्रियंका की मदद की थी।
शिक्षा और खेल में उपलब्धियां
अवीवा ने अपनी स्कूली शिक्षा दिल्ली के प्रतिष्ठित मॉडर्न स्कूल, बाराखंबा रोड से पूरी की है। इसके बाद उन्होंने ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में ग्रेजुएशन (बीए) की डिग्री हासिल की। पढ़ाई के अलावा अवीवा खेल के मैदान में भी काफी सक्रिय रही हैं और वह पूर्व में नेशनल लेवल की फुटबॉल खिलाड़ी रह चुकी हैं।
फोटोग्राफी और करियर
वर्तमान में अवीवा दिल्ली में एक फोटोग्राफर के तौर पर काम कर रही हैं। वह ‘एटेलियर 11’ (Atelier 11) की सह-संस्थापक भी हैं, जो एक फोटोग्राफी स्टूडियो और प्रोडक्शन कंपनी है और देश भर में क्लाइंट्स के लिए काम करती है।
फोटोग्राफी के क्षेत्र में उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बनाई है। उनकी कृतियों को कई प्रमुख प्रदर्शनियों में सराहा गया है, जिनमें शामिल हैं:
- ‘यू कैन नॉट मिस दिस’ – मेथड गैलरी (2023)
- इंडिया आर्ट फेयर के यंग कलेक्टर प्रोग्राम का हिस्सा (2023)
- द कोरम क्लब में ‘द एल्यूसरी वर्ल्ड’ (2019)
- इंडिया डिजाइन आईडी, के2 इंडिया (2018)
फोटोग्राफी के अलावा, अवीवा ने मीडिया और कम्युनिकेशन के क्षेत्र में भी विविध भूमिकाएं निभाई हैं। वह ‘प्लस रिम्न’ (PlusRymn) के साथ एक फ्रीलांस प्रोड्यूसर हैं और पूर्व में ‘प्रोपेगेंडा’ (PROPAGANDA) में जूनियर प्रोजेक्ट मैनेजर के रूप में काम कर चुकी हैं।
इसके अलावा, उन्होंने ‘आर्ट चेन इंडिया’ में मार्केटिंग इंटर्न और ‘आई पार्लियामेंट’ (I Parliament) में ‘द जर्नल’ की एडिटर-इन-चीफ की जिम्मेदारी भी संभाली है। उन्होंने ‘वर्वे मैगजीन’ और ‘क्रिएटिव इमेज’ मैगजीन में इंटर्नशिप भी की है।
कला ने जोड़ा दोनों का दिल
रेहान और अवीवा के बीच न सिर्फ पारिवारिक संबंध हैं, बल्कि दोनों एक गहरा ‘क्रिएटिव बॉन्ड’ भी साझा करते हैं। रेहान खुद एक विजुअल आर्टिस्ट और फोटोग्राफर हैं। साल 2021 में रेहान ने नई दिल्ली के बीकानेर हाउस में अपनी पहली सोलो प्रदर्शनी ‘डार्क परसेप्शन’ आयोजित की थी, जिसमें उन्होंने दुनिया को एक नए नजरिए से देखने की कोशिश की थी।
अब देखना यह होगा कि राजस्थान में होने वाली इस संभावित सगाई को लेकर आधिकारिक घोषणा कब होती है, लेकिन इन खबरों ने निश्चित रूप से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में उत्सुकता बढ़ा दी है।
यह भी पढ़ें-










