अहमदाबाद: भारत की सबसे बड़ी रिन्यूएबल एनर्जी कंपनी अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (AGEL) ने 31 मार्च 2026 को समाप्त हुए वित्तीय वर्ष के लिए अपने शानदार वित्तीय परिणामों की घोषणा की है। कंपनी ने इस अवधि के दौरान 5.1 गीगावाट (GW) की अपनी अब तक की सबसे अधिक ग्रीनफील्ड वार्षिक क्षमता जोड़ी है।
वित्तीय वर्ष 2026 (FY26) में कंपनी के कोर एबिटा (EBITDA) में सालाना आधार पर 23 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दर्ज की गई है, जो बढ़कर 10,865 करोड़ रुपये हो गया है।
इसके साथ ही पावर सप्लाई से होने वाले राजस्व में 22 प्रतिशत का इजाफा हुआ है और यह 11,602 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया है। कंपनी का नकद लाभ (Cash profit) भी 11 प्रतिशत की उछाल के साथ 5,399 करोड़ रुपये रहा। इसके अलावा कंपनी ने 91 प्रतिशत का उद्योग में अग्रणी एबिटा मार्जिन भी हासिल किया है।
कंपनी की परिचालन क्षमता (Operational capacity) सालाना आधार पर 35 प्रतिशत बढ़कर 19.3 गीगावाट हो गई है, जिससे यह भारत की सबसे बड़ी रिन्यूएबल कंपनी बनी हुई है।
वित्त वर्ष 2025 में 3.3 गीगावाट के मुकाबले इस वर्ष 5.1 गीगावाट नई क्षमता का जुड़ना 1.5 गुना वृद्धि को दर्शाता है। शानदार परिचालन प्रदर्शन के दम पर कंपनी की ऊर्जा बिक्री (Energy sales) भी 34 प्रतिशत बढ़कर 37,567 मिलियन यूनिट हो गई है।
गुजरात के खावड़ा में दुनिया के सबसे बड़े रिन्यूएबल एनर्जी प्लांट का विकास तेजी से हो रहा है, जहां अब तक 9.4 गीगावाट क्षमता का संचालन शुरू हो चुका है। यह मेगा प्लांट 538 वर्ग किलोमीटर के विशाल क्षेत्र में फैला है, जो फ्रांस के पेरिस शहर से लगभग 5 गुना बड़ा है।
इसके अलावा, खावड़ा में 1,376 MWh क्षमता का बैटरी स्टोरेज (BESS) भी स्थापित किया गया है, जो दुनिया भर में एक ही स्थान पर सबसे बड़े डिप्लॉयमेंट में से एक है। कंपनी का लक्ष्य 2029 तक खावड़ा में कुल 30 गीगावाट की क्षमता हासिल करना है।
अडानी ग्रीन एनर्जी के कार्यकारी निदेशक सागर अडानी ने इन नतीजों पर कहा कि वित्त वर्ष 2026 कंपनी के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित हुआ है और इस उपलब्धि ने भारत के रिन्यूएबल सेक्टर में कंपनी के नेतृत्व को एक अलग ही ऊंचाई पर पहुंचा दिया है।
पर्यावरणीय, सामाजिक और शासन (ESG) के मोर्चे पर भी कंपनी को उत्कृष्ट पहचान मिली है। एजीईएल (AGEL) ने केयरएज (CareEdge) ईएसजी 1+ रेटिंग हासिल की है, जिसमें उसे 87.3 का उच्चतम स्कोर प्राप्त हुआ है । इसके साथ ही, जापान क्रेडिट रेटिंग एजेंसी (JCR) ने कंपनी को JCR BBB+/Stable की रेटिंग प्रदान की है, जो भारत की सॉवरेन क्रेडिट रेटिंग के बराबर है।
यह भी पढ़ें-
रिलायंस के साथ साझेदारी में TIME पहली बार भारत में पेश करेगा ‘TIME100 Next’
द्वारका के पवित्र ‘गोपी चंदन’ को मिलेगा GI टैग? गुज्कोस्ट ने किया आवेदन











