अहमदाबाद: अडानी पोर्टफोलियो की कंपनी और भारत की सबसे बड़ी निजी थर्मल पावर उत्पादक, अडानी पावर लिमिटेड (APL) ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही और वार्षिक वित्तीय परिणाम घोषित कर दिए हैं। कंपनी ने गतिशील मांग के वातावरण के बावजूद इस तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है।
वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में कंपनी का कर पश्चात शुद्ध लाभ (PAT) 64 प्रतिशत बढ़कर 4,271 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही में 2,599 करोड़ रुपये था। मुनाफे में यह बड़ी वृद्धि कम कर व्यय के प्रावधानों के चलते दर्ज की गई है।
कंपनी के कुल रिपोर्टेड राजस्व में भी इस दौरान 10 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई है, जो बढ़कर 15,989 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं चौथी तिमाही के लिए EBITDA 27 प्रतिशत की सालाना वृद्धि के साथ 6,498 करोड़ रुपये रहा है।
पूरे वित्त वर्ष 2025-26 की बात करें तो अडानी पावर ने कुल 105 बिलियन यूनिट (BU) बिजली का उत्पादन किया है। वार्षिक आधार पर कंपनी का शुद्ध लाभ 12,971 करोड़ रुपये रहा है, जो पिछले वित्त वर्ष के 12,750 करोड़ रुपये के मुकाबले अधिक है। वित्त वर्ष 2026 में बिजली बिक्री की मात्रा 3.4 प्रतिशत बढ़कर 99.15 बिलियन यूनिट तक पहुंच गई है।
व्यावसायिक विस्तार के मोर्चे पर कंपनी ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अडानी पावर की कुल परिचालन क्षमता का 95 प्रतिशत हिस्सा अब दीर्घकालिक और मध्यम अवधि के बिजली खरीद समझौतों (PPA) के तहत सुरक्षित है। चौथी तिमाही में कंपनी को महाराष्ट्र डिस्कॉम से 1,600 मेगावाट का नया PPA प्राप्त हुआ है, जिसे DBFOO मॉडल पर विकसित किया जाएगा।
कंपनी की स्थापित क्षमता अब बढ़कर 18,150 मेगावाट हो गई है। अडानी पावर वर्तमान में 2032 तक 23.7 गीगावाट थर्मल क्षमता हासिल करने के लक्ष्य पर तेजी से काम कर रही है। महान फेज-2 परियोजना का कार्य 86 प्रतिशत और रायपुर फेज-2 का कार्य 54 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है।
अडानी पावर लिमिटेड के सीईओ एस बी ख्यालिया ने नतीजों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि थर्मल पावर ग्रिड को स्थिर करने और बढ़ती मांग को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने बताया कि कंपनी स्वस्थ नकदी प्रवाह और मजबूत लाभप्रदता के साथ अपनी क्षमता विस्तार के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए तैयार है।
पर्यावरण और सामाजिक मानकों (ESG) पर भी कंपनी का प्रदर्शन बेहतर रहा है। केयरएज रेटिंग्स ने अडानी पावर को 80 का स्कोर दिया है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 के लिए 113 प्रतिशत राख का उपयोग सुनिश्चित किया है और इसकी सभी 13 साइट्स सिंगल-यूज प्लास्टिक मुक्त प्रमाणित हो चुकी हैं।
यह भी पढ़ें-
इंदौर कारोबारी हत्याकांड: पत्नी सोनम को जमानत मिलने से परिवार सदमे में, की CBI जांच की मांग










