गांधीनगर: गुजरात सरकार राज्य के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों व क्लीनिकों में प्रसव पूर्व जांच (प्रीनेटल स्क्रीनिंग) को अनिवार्य करने की तैयारी में है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य गर्भ में पल रहे शिशु में किसी भी जन्मजात विकार या दिव्यांगता का समय रहते पता लगाना और उस पर उचित कदम उठाना है।
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, राज्य सरकार का यह कदम केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय (SJE) की ओर से जारी एक एडवाइजरी के बाद आया है। केंद्र ने सभी राज्यों से आग्रह किया है कि वे जन्मजात बीमारियों की पहचान के लिए गर्भस्थ शिशु की सक्रिय जांच सुनिश्चित करें।
इस प्रस्तावित योजना पर चर्चा के लिए मंत्रालय ने हाल ही में सभी राज्यों के अधिकारियों की एक बैठक बुलाई थी। एक सूत्र ने बताया, “यह पहली बार है जब केंद्र सरकार ने भ्रूण में किसी भी तरह के विकार की पहचान के लिए सक्रिय जांच का प्रस्ताव रखा है। राज्य स्तरीय चिंतन शिविर में भी इस विषय पर विस्तार से मंथन किया गया था।”
हालांकि प्रदेश के कुछ अस्पतालों में पहले से ही जन्मजात विकारों की जांच की जा रही है, लेकिन अब सरकार इसे हर सरकारी और निजी स्वास्थ्य केंद्र में जरूरी बनाने की योजना पर काम कर रही है। एक अधिकारी ने इस संबंध में कहा, “कई मामलों में गंभीर जन्मजात विकार से ग्रस्त भ्रूण का गर्भपात कराना एक उचित विकल्प होता है।”
इस अभियान को जमीनी स्तर पर उतारने के लिए गुजरात सरकार अपने बजट में विशेष वित्तीय प्रावधान कर सकती है। योजना को सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग मिलकर लागू करेंगे। इसमें सामाजिक न्याय विभाग पूरे अभियान के क्रियान्वयन की निगरानी करेगा, जबकि स्वास्थ्य विभाग तैयार किए जाने वाले नियमों का पालन सुनिश्चित कराएगा।
अधिकारियों के अनुसार, हृदय रोग और सेरेब्रल पाल्सी जैसी जन्मजात बीमारियों व दिव्यांगता के साथ पैदा होने वाले बच्चों की संख्या को लेकर बढ़ती चिंता इस फैसले की बड़ी वजह है। ऐसी स्थितियों में बच्चों के परिवारों को गंभीर आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।
एक सूत्र ने इस समस्या की गंभीरता बताते हुए कहा, “ऐसी बीमारियों से जूझ रहे बच्चों को अक्सर स्वास्थ्य बीमा के दायरे में नहीं लिया जाता। इससे परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ता है और साथ ही ऐसे स्वास्थ्य विकारों को लेकर समाज में आज भी काफी कलंक की भावना जुड़ी हुई है।”
यह भी पढ़ें-
गुजरात चुनाव 2027: 23% बढ़कर 477 करोड़ रुपये पहुंचा चुनावी बजट, अब हर बूथ पर होगी लाइव वेबकास्टिंग
भारतीय उत्पादों पर 25% नए टैरिफ का ऐलान, ट्रेड डील से 17% तक घट सकती है दर










