भारतीय रेलवे अब लंबी दूरी की ट्रेनों में खानपान की व्यवस्था को नया रूप देने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। रेलवे का लक्ष्य यात्रियों को ढेर सारे व्यंजनों के बजाय कम, लेकिन बेहतर गुणवत्ता वाला भोजन उपलब्ध कराना है। इसी के तहत एक पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया गया है, जिसमें तीन वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों के यात्रियों को नाश्ते, लंच और डिनर के लिए सीमित मेन्यू परोसा जा रहा है।
इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) ने हवाई जहाज में मिलने वाले भोजन की तर्ज पर यह कॉम्पैक्ट मेन्यू पेश किया है। लंबी दूरी की ट्रेनों में खाने की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर आने वाली शिकायतों को दूर करना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। फिलहाल इस नई व्यवस्था को तीन वंदे भारत स्लीपर रूट पर लागू किया गया है, जिनमें मुंबई-बेंगलुरु, हावड़ा-कामाख्या और नई दिल्ली-वाराणसी शामिल हैं।
इस पायलट प्रोजेक्ट के तहत भोजन तैयार करने की जिम्मेदारी रेलवे या उसके मौजूदा कैटरिंग वेंडरों के बजाय बड़े क्लाउड किचन को सौंपी गई है। एक अधिकारी ने बताया कि कामाख्या लाइन के लिए मेफेयर ग्रुप, हावड़ा में ताजसैट्स और अन्य दो वंदे भारत ट्रेनों के लिए सरोवर पोर्टिको ग्रुप के साथ काम किया जा रहा है।
अधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि एयरलाइंस और होटलों को भोजन की आपूर्ति करने वाले सेल किचन की सेवाएं भी ली गई हैं। इन किचन में तय मानकों के अनुसार एक जैसी गुणवत्ता वाला खाना तैयार कर उसकी पैकेजिंग की जाती है और फिर यात्रियों को परोसा जाता है।
मुंबई-बेंगलुरु वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में नए मेन्यू के तहत नाश्ते में अब यात्रियों को चटनी और सांभर के साथ इडली-वड़ा, पोहा या उपमा में से कोई एक विकल्प मिलेगा। वहीं, दोपहर और रात के भोजन में रोटी, चावल और दाल के साथ एक मुख्य व्यंजन दिया जाएगा, जिसमें यात्री चिकन या किसी एक सब्जी का चुनाव कर सकेंगे।
इस बदलाव के साथ ही आईआरसीटीसी ने सफर के दौरान पहले दिए जाने वाले कई व्यंजनों को मेन्यू से हटा दिया है। नाश्ते की थाली से अब सूप, एग ऑमलेट, सैंडविच, छाछ और चॉकलेट को बाहर कर दिया गया है। इसी तरह लंच और डिनर के विकल्पों से सूखी सब्जी, दही, सलाद, अचार और मिठाई की छुट्टी कर दी गई है।
व्यंजनों की संख्या घटने के कारण एक यात्री को दिए जाने वाले भोजन का कुल वजन भी 700-750 ग्राम से कम होकर 450-500 ग्राम रह गया है। हालांकि, आईआरसीटीसी के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि थाली में शामिल हर एक व्यंजन की मात्रा (पोर्शन साइज) पहले जैसी ही रखी गई है और उसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है।
नई व्यवस्था के शुरुआती नतीजे सकारात्मक नजर आ रहे हैं। आईआरसीटीसी के वेस्ट जोन के ग्रुप जनरल मैनेजर के अनुसार, क्लाउड किचन से भोजन की सप्लाई शुरू होने के बाद से शिकायतों में 10 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। यदि यह ट्रायल सफल रहता है, तो आईआरसीटीसी प्रीमियम ट्रेनों सहित लंबी दूरी की अन्य रेल सेवाओं में भी इस कॉम्पैक्ट मेन्यू मॉडल को लागू करने पर विचार कर सकता है।
यह भी पढ़ें-
डॉलर के मुकाबले रुपये की जबरदस्त छलांग, आठ महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंचा
भारतीय उत्पादों पर 25% नए टैरिफ का ऐलान, ट्रेड डील से 17% तक घट सकती है दर










