विदेश में छुट्टियां बिताना किसे पसंद नहीं है, लेकिन सोचिए अगर ट्रिप से लौटने के करीब एक साल बाद आपको वहां का भारी-भरकम ट्रैफिक चालान मिल जाए, तो आपकी क्या प्रतिक्रिया होगी? दिल्ली की रहने वाली एक महिला पर्यटक के साथ बिल्कुल ऐसा ही हुआ है। स्विट्जरलैंड की एक शानदार यात्रा से वापस आने के लगभग एक साल बाद उन्हें एक ट्रैफिक उल्लंघन का नोटिस मिला है, जिसने सभी को चौंका दिया है।
इस जुर्माने की कुल रकम करीब डेढ़ लाख रुपये है। इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर एक नई बहस छिड़ गई है। एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर @Poan__Sapdi नाम के हैंडल से इस महिला ने अपनी परेशानी साझा की। उन्होंने बताया कि अपनी यात्रा के इतने महीनों बाद अचानक चालान मिलने से वह पूरी तरह हैरान हैं।
महिला ने अपने पोस्ट में लिखा कि क्या किसी और को भी छुट्टियां बिताकर लौटने के महीनों बाद स्विट्जरलैंड से ट्रैफिक चालान मिला है। शुरुआत में उन्हें लगा कि यह जुर्माना करीब 1 लाख रुपये का है। उन्होंने लोगों से सलाह मांगी कि क्या इस चालान के खिलाफ अपील करने, इसे कम कराने या पूरी तरह से माफ कराने का कोई तरीका उपलब्ध है।
इसके बाद उन्होंने एक और पोस्ट के जरिए मामले को स्पष्ट किया। महिला ने बताया कि जब उन्होंने जुर्माने की रकम को ध्यान से देखा, तो यह उनकी सोच से कहीं ज्यादा निकली। यह कुल मिलाकर 1.5 लाख रुपये से भी अधिक का चालान था।
इस पोस्ट के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई अन्य पर्यटकों ने भी यूरोप यात्रा के बाद घर बैठे ट्रैफिक जुर्माने मिलने के अपने अनुभव साझा किए। एक यूजर ने बताया कि जर्मनी की ट्रिप के बाद उन्हें 10 हजार रुपये का ओवरस्पीडिंग का चालान मिला था, जिसका उन्होंने भुगतान कर दिया। हालांकि, उस यूजर ने भी माना कि 1 लाख रुपये का जुर्माना बहुत ज्यादा है।
एक अन्य व्यक्ति ने इटली से जुड़ी ऐसी ही एक समस्या बताई। उस यूजर ने लिखा कि उन्हें इटली से लगभग 12 से 15 हजार रुपये का चालान मिला है, लेकिन भुगतान का तरीका पता न होने के कारण वे उसे भर नहीं पा रहे हैं और इस संबंध में लोगों से मदद मांगी है।
कई अनुभवी यात्रियों ने दिल्ली की इस महिला को चेतावनी देते हुए इस नोटिस को गंभीरता से लेने की सलाह दी। एक यूजर ने बताया कि स्विट्जरलैंड में ट्रैफिक नियम बहुत सख्त हैं और वहां के जुर्माने काफी भारी होते हैं। अगर इसे नहीं भरा गया, तो इस पर ब्याज बढ़ता जाएगा। सलाह दी गई कि वे किस्तों में भुगतान करने का विकल्प भी मांग सकती हैं, क्योंकि जुर्माना न भरने पर 20 साल बाद भी यूरोपीय संघ (ईयू) के देशों में उनके प्रवेश पर रोक लग सकती है।
एक और पर्यटक ने अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा कि साल 2023 में स्विट्जरलैंड में 3 ट्रैफिक उल्लंघनों के लिए उन्होंने 25 हजार रुपये का जुर्माना भरा था। उन्हें चालान को चुनौती देने की प्रक्रिया याद नहीं थी, लेकिन प्रशासन ने उन्हें उल्लंघन की सटीक लोकेशन भेजी थी। उस व्यक्ति को अपनी कोई गलती याद नहीं थी, फिर भी उन्होंने ऑनलाइन इस जुर्माने का भुगतान कर दिया।
यूरोप के अन्य देशों से जुड़े अनुभव भी कमेंट सेक्शन में देखने को मिले। एक यूजर ने बताया कि रोम में 40 मील प्रति घंटे की रफ्तार वाली सड़क पर 50 मील प्रति घंटे की स्पीड से गाड़ी चलाने पर उन्हें 175 यूरो का जुर्माना लगा था। महीनों बाद एक लेटर के जरिए यह चालान उनके पास पहुंचा था। उस समय यूरो की कीमत करीब 80 रुपये थी और उस यूजर ने क्रेडिट कार्ड से अपने जुर्माने का भुगतान किया था।
यह भी पढ़ें-
CBSE के खिलाफ तीन युवाओं की बड़ी मुहीम: जानिए कैसे ‘Gen Z’ ने खोली ऑनलाइन कॉपी चेकिंग सिस्टम की पोल
IPL 2026 Final: हार के गम के बीच गुजरात टाइटंस की टीम बस में शॉर्ट सर्किट, बीच सड़क पर फंसे खिलाड़ी









