दिग्गज टेक कंपनी एपल अपने बहुप्रतीक्षित सालाना लॉन्च इवेंट के लिए पूरी तरह तैयार है। 9 सितंबर को आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम में कंपनी अपनी प्रीमियम फ्लैगशिप सीरीज iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max से पर्दा उठाएगी। इसके साथ ही टेक जगत में सबसे ज्यादा चर्चा एपल के पहले फोल्डेबल स्मार्टफोन को लेकर है, जिसे बाजार में गेम-चेंजर माना जा रहा है।
9 सितंबर को ‘सरप्राइज एंड शाइन’ इवेंट
एपल का विशेष कार्यक्रम “Surprise and shine” भारतीय समयानुसार 9 सितंबर की रात 10:30 बजे शुरू होगा। यह लॉन्च इवेंट नए एपल सीईओ जॉन टर्नस के नेतृत्व में पहला बड़ा आईफोन लॉन्च होगा। इस बार कंपनी अपनी लॉन्च रणनीति में बदलाव कर सकती है, जिसके तहत सितंबर में केवल प्रीमियम Pro और Pro Max मॉडल पेश किए जाएंगे, जबकि स्टैंडर्ड iPhone 18 के लिए ग्राहकों को 2027 तक इंतजार करना पड़ सकता है।
भारत में संभावित कीमतें
कंपोनेंट्स की बढ़ती लागत और मेमोरी अपग्रेड के कारण इस बार प्रो सीरीज के दाम बढ़ने के पूरे आसार हैं। अनुमानों के मुताबिक भारत में iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत लगभग 1.34 लाख रुपये हो सकती है। वहीं, बड़े डिस्प्ले और टॉप-एंड फीचर्स वाले iPhone 18 Pro Max की शुरुआती कीमत वेरिएंट के आधार पर 1.55 लाख रुपये से लेकर 1.70 लाख रुपये के बीच रहने की संभावना जताई जा रही है।
एपल का पहला फोल्डेबल मॉडल इससे भी अधिक प्रीमियम श्रेणी में कदम रखेगा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी संभावित कीमत 2,000 से 2,500 डॉलर के बीच आंकी गई है, जिसका सीधा मतलब है कि भारतीय बाजार में यह फोन 1.5 लाख रुपये से काफी ऊपर जा सकता है।
डिस्प्ले, डिजाइन और नए कलर विकल्प
डिस्प्ले के मोर्चे पर iPhone 18 Pro में 6.3 इंच और Pro Max में 6.9 इंच की 120Hz रिफ्रेश रेट वाली OLED स्क्रीन बरकरार रहने की उम्मीद है। डिजाइन में सबसे बड़ा दृश्य बदलाव छोटा डायनेमिक आइलैंड हो सकता है, जबकि कुछ रिपोर्ट्स अंडर-डिस्प्ले फेस आईडी तकनीक की ओर भी इशारा कर रही हैं। रंगों की बात करें तो इस बार फोन स्काई ब्लू, प्योर ब्लैक और बरगंडी जैसे प्रीमियम शेड्स में देखने को मिल सकता है।
वेरिएबल अपर्चर कैमरा और पावरफुल A20 Pro चिप
फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए इस बार रियर में तीनों लेंस 48 मेगापिक्सल के दिए जाने की चर्चा है, जबकि सेल्फी कैमरा अपग्रेड होकर 24 मेगापिक्सल का हो सकता है। सबसे अहम बदलाव मेन कैमरे में वेरिएबल अपर्चर तकनीक का जुड़ना माना जा रहा है, जिससे यूजर रोशनी के मुताबिक लेंस के अपर्चर को नियंत्रित कर सकेंगे। हालांकि, यह अत्याधुनिक कैमरा फीचर केवल Pro Max मॉडल तक सीमित रह सकता है।
परफॉर्मेंस के लिहाज से यह सीरीज नेक्स्ट-जेनरेशन A20 Pro चिपसेट से लैस होगी, जिसे अत्याधुनिक 2nm प्रोसेस पर तैयार किया गया है। इसके साथ 12GB तक की रैम और एपल का नया C2 मॉडम मिलने की बात सामने आई है। शुरुआती रिपोर्ट्स का दावा है कि इस नए हार्डवेयर की बदौलत फोन की ग्राफिक्स परफॉर्मेंस में करीब 18 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
एपल का पहला फोल्डेबल: ‘iPhone Fold’ या ‘Ultra’
इवेंट का मुख्य आकर्षण कंपनी का पहला फोल्डेबल फोन रहेगा, जिसे लीक्स में ‘iPhone Fold’ या ‘iPhone Ultra’ कहा जा रहा है। यह डिवाइस बुक-स्टाइल फोल्डिंग मैकेनिज्म पर आधारित होगा, जिसमें अंदर की मुख्य स्क्रीन 7.8 इंच और बाहर की कवर स्क्रीन करीब 5.5 इंच की होगी। अनफोल्ड करने पर इसकी मोटाई महज 4.5mm रहने का अनुमान है। इस फोल्डेबल फोन में दो 48 मेगापिक्सल रियर कैमरे, दो फ्रंट कैमरे और फेस आईडी की जगह सुरक्षा के लिए टच आईडी दिए जाने की संभावना है।
नए गैजेट्स का भी रहेगा जलवा
आईफोन के अलावा इस बड़े मंच पर नई पीढ़ी की एपल वॉच और नेक्स्ट-जेनरेशन एयरपॉड्स के नए मॉडल्स का भी अनावरण किया जाएगा। हालांकि, एपल ने अब तक केवल 9 सितंबर के इवेंट की आधिकारिक पुष्टि की है। सभी नए मॉडल्स के नाम, स्पेसिफिकेशन और आधिकारिक कीमतों का सटीक खुलासा मंच से पर्दा उठने के बाद ही संभव होगा।
यह भी पढ़ें-











