अडाणी ग्रुप ने कॉरपोरेट जगत में एक और शानदार उपलब्धि हासिल की है। ‘ब्रांड फाइनेंस इंडिया 100 रिपोर्ट 2026’ में ग्रुप ने पहली बार भारत के टॉप-10 सबसे मूल्यवान ब्रांड्स की सूची में अपनी जगह बनाई है। अडाणी ग्रुप अब इस प्रतिष्ठित रैंकिंग में आठवें स्थान पर पहुंच गया है, जो पिछले साल 13वें पायदान पर था। महज तीन वर्षों के भीतर टॉप-10 में शामिल होकर यह यह मुकाम हासिल करने वाली देश की सबसे तेज कंपनी बन गई है।
रिपोर्ट के अनुसार, अडाणी ग्रुप की कुल ब्रांड वैल्यू 31.3 प्रतिशत की भारी छलांग के साथ 8.48 अरब डॉलर तक पहुंच गई है। भारत के टॉप-20 ब्रांड्स के बीच यह सबसे बड़ी ग्रोथ है। पिछले एक साल में ही ग्रुप ने अपनी ब्रांड वैल्यू में 2.02 अरब डॉलर का इजाफा किया है, जो साल 2022 के उसके कुल मूल्यांकन से भी अधिक है। इस बेमिसाल छलांग के साथ ही अडाणी ग्रुप भारत का तीसरा सबसे मूल्यवान समूह (conglomerate) बन गया है।
एनर्जी सेक्टर में भी अडाणी ग्रुप का दबदबा सबसे ऊपर है। अडाणी पावर की ब्रांड वैल्यू 152 प्रतिशत की जबरदस्त तेजी के साथ 1.8 अरब डॉलर हो गई है और यह भारत का नंबर-1 सबसे मूल्यवान एनर्जी ब्रांड बन गया है। इस सेक्टर में ग्रुप की लीडरशिप को मजबूत करते हुए, अडाणी ग्रीन एनर्जी और अडाणी एनर्जी सॉल्यूशंस ने भी देश के टॉप-5 एनर्जी ब्रांड्स में अपनी जगह पक्की कर ली है। वहीं अडाणी टोटल गैस ने भी इन रैंकिंग्स में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।
अडाणी ग्रुप के ‘ब्रांड स्ट्रेंथ इंडेक्स’ (BSI) में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। ग्रुप का स्कोर 3.6 अंक बढ़कर 84 हो गया है, जिससे यह आठ पायदान ऊपर चढ़कर 18वें स्थान पर आ गया है। भारत की टॉप-20 कंपनियों के बीच ब्रांड स्ट्रेंथ में यह सबसे तेज उछाल है। यह सफलता भारत के स्थापित कंज्यूमर और रिटेल ब्रांड्स के समकक्ष अडाणी ग्रुप के प्रति बढ़ती स्वीकार्यता, भरोसे और हितधारकों के विश्वास को दर्शाती है।
ब्रांड फाइनेंस के एशिया पैसिफिक मैनेजिंग डायरेक्टर एलेक्स हाई ने इस रैंकिंग पर कहा कि अडाणी ग्रुप की यह एंट्री भारत की विकास गाथा में इसके गहरे जुड़ाव को दर्शाती है। उनके मुताबिक, इन्फ्रास्ट्रक्चर, लॉजिस्टिक्स और ऊर्जा क्षेत्र में अपने लगातार विस्तार के जरिए अडाणी ग्रुप ने एक ऐसा ताकतवर पोर्टफोलियो तैयार किया है, जो देश की सबसे महत्वपूर्ण आर्थिक प्राथमिकताओं को सपोर्ट कर रहा है।
आपको बता दें कि ‘ब्रांड फाइनेंस इंडिया 100 रिपोर्ट 2026’ में भारत के 100 शीर्ष ब्रांड्स का कुल मूल्यांकन रिकॉर्ड 252.8 अरब डॉलर आंका गया है। इसके पीछे डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, मैन्युफैक्चरिंग और इन्फ्रास्ट्रक्चर में लगातार हो रहा निवेश है। इस परिदृश्य में अडाणी ग्रुप अपने निरंतर विस्तार के दम पर इस साल के सबसे शानदार परफॉर्मर्स में से एक बनकर उभरा है।
यह भी पढ़ें-
गुजरात: ऑटो किराये पर बोला गया झूठ पड़ा भारी, 20 रुपये के दावे पर हॉस्टल को चुकाने पड़े 19 हजार








