दुनिया की जानी-मानी कंपनी थर्मस ने एक बड़ा सुरक्षा कदम उठाते हुए अपने करीब 82 लाख फूड जार और बेवरेज बोतलों को वापस मंगा लिया है। इन कंटेनर्स के ढक्कन (स्टॉपर) में एक गंभीर तकनीकी खराबी पाई गई है, जिसके अचानक झटके से खुलने के कारण कई लोगों को गहरी चोटें आई हैं। यहां तक कि कुछ मामलों में ग्राहकों की आंखों की रोशनी हमेशा के लिए चली गई है।
अमेरिकी उपभोक्ता उत्पाद सुरक्षा आयोग (US Consumer Product Safety Commission) द्वारा जारी किए गए एक नोटिस के अनुसार, इस बड़े रिकॉल में लगभग 58 लाख ‘स्टेनलेस किंग फूड जार’ और करीब 23 लाख ‘स्पोर्ट्समैन फूड एंड बेवरेज बोतलें’ शामिल हैं। ये सभी उत्पाद मार्च 2008 से जुलाई 2024 के बीच बाजार में बेचे गए थे। इन उत्पादों की बिक्री टारगेट, वॉलमार्ट और अमेज़ॅन जैसे प्रमुख खुदरा विक्रेताओं के माध्यम से बड़े पैमाने पर की गई थी।
कंपनी को अब तक ऐसे 27 हादसों की रिपोर्ट मिल चुकी है। इन घटनाओं में कंटेनर खोलते समय अंदर बने भारी दबाव के कारण ढक्कन अप्रत्याशित रूप से उछलकर सीधे ग्राहकों के चेहरे और शरीर पर जा लगा। कई लोगों को इतने गहरे घाव लगे कि उन्हें तुरंत अस्पताल जाना पड़ा। सबसे डराने वाली बात यह है कि तीन ग्राहकों को इस हादसे की वजह से अपनी आंखों की स्थायी रोशनी गंवानी पड़ी है।
इस पूरी समस्या की जड़ स्टॉपर के डिजाइन में मौजूद एक बड़ी खामी है। दरअसल, इन ढक्कनों के बीच में दबाव को कम करने वाला कोई तंत्र (प्रेशर रिलीफ मैकेनिज्म) नहीं दिया गया था। इसके कारण कंटेनर के अंदर रखे खाने या पीने के सामान से भारी दबाव बन जाता है, जो खोलते समय अचानक एक छोटे विस्फोट की तरह बाहर निकलता है।
प्रभावित उत्पादों की पहचान करना काफी आसान है। इस रिकॉल में जुलाई 2023 से पहले बनाए गए ‘स्टेनलेस किंग फूड जार’ के मॉडल SK3000 और SK3020 शामिल हैं। इसके अलावा ‘स्पोर्ट्समैन फूड एंड बेवरेज बोतलों’ के सभी मॉडल SK3010 को वापस मंगाया गया है। ये उत्पाद कई अलग-अलग रंगों में उपलब्ध थे। कंटेनर्स के किनारों पर थर्मस ब्रांड का नाम छपा है और मॉडल नंबर इसके निचले हिस्से (बॉटम) में दिया गया है।
सुरक्षा एजेंसियों और कंपनी ने ग्राहकों से सख्त अपील की है कि वे इन प्रभावित उत्पादों का इस्तेमाल तुरंत प्रभाव से बंद कर दें। थर्मस अपने ग्राहकों को मॉडल के आधार पर मुफ्त में नए और सुरक्षित ‘प्रेशर रिलीफ स्टॉपर’ मुहैया करा रहा है। इसके अलावा कुछ विशेष मॉडल्स के लिए कंपनी ग्राहकों को पूरा उत्पाद भी मुफ्त में बदलकर दे रही है।
यह भी पढ़ें-
4 मई के चुनावी नतीजों का इन नेताओं के लिए क्या है मायने?
बंगाल में 5% का अंतर: डेटा, वोट-शेयर, चुनावी बदलाव और ‘दीदी’ को 125 सीटों का झटका







