महाराष्ट्र के पुणे से एक ऐसा खौफनाक मामला सामने आया है जिसने पूरे देश को सन्न कर दिया है। एक लड़की ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही मंगेतर को मौत के घाट उतार दिया। सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि हत्या के बाद कातिल मंगेतर ने सोशल मीडिया पर दुख जताते हुए एक बेहद भावुक पोस्ट भी साझा किया, जो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इस सनसनीखेज वारदात की मुख्य आरोपी 20 वर्षीय सिया गोयल है, जिसने कथित तौर पर अपने 25 वर्षीय मंगेतर केतन अग्रवाल की जान ले ली। केतन पुणे के गहुंजे इलाके के रहने वाले थे और एक रियल एस्टेट कंपनी में डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे। इस हत्याकांड ने लोगों को मेघालय के उस कुख्यात हनीमून मर्डर केस की याद दिला दी है।
शुरुआत में इस घटना को महज एक दर्दनाक हादसा माना जा रहा था। पुलिस और परिवार को बताया गया था कि लोनावाला के पास स्थित लोहगढ़ किले पर तस्वीरें खींचते समय केतन दुर्घटनावश गहरी खाई में गिर गए थे। हालांकि, पुलिस की कड़ी पूछताछ के बाद इस मामले का सच दुनिया के सामने आ गया।
जांच अधिकारियों के अनुसार, सिया गोयल और उसके 22 वर्षीय प्रेमी चेतन चौधरी ने हत्या की बात कबूल कर ली है। जांच में सामने आया है कि सिया और चेतन पिछले एक साल से रिलेशनशिप में थे। सिया किसी भी कीमत पर केतन से शादी नहीं करना चाहती थी। उन दोनों को केतन अपनी राह का सबसे बड़ा रोड़ा लग रहा था, जिसके चलते उसे रास्ते से हटाने की यह खौफनाक साजिश रची गई।
केतन की हत्या 18 जून को हुई थी, जो इत्तेफाक से सिया का जन्मदिन भी था। इस वारदात को अंजाम देने के बाद सिया ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक स्टोरी पोस्ट करके अपने मंगेतर की मौत पर गहरा दुख जताने का नाटक किया।
सिया ने अपने पोस्ट में लिखा, “तुम मुझे मेरे जन्मदिन पर ही छोड़कर चले गए। तुम तब चले गए जब हम शादी के इतने करीब थे। मुझे अभी भी समझ नहीं आ रहा कि तुमने मेरे साथ ऐसा क्यों किया। मेरे कुछ ऐसे सपने और सवाल थे जिनके जवाब मुझे कभी नहीं मिलेंगे। जब मैं तुमसे इतना प्यार करती थी तो तुम मुझे छोड़कर क्यों गए? भगवान तुम्हारी आत्मा को शांति दे।”
इस इंस्टाग्राम स्टोरी में केतन का एक छोटा सा वीडियो क्लिप भी मौजूद था। इसमें केतन कार की आगे वाली सीट से पीछे मुड़कर किसी से बात कर रहे थे। इसके तुरंत बाद दोनों का एक साथ डांस करते हुए फुटेज भी जोड़ा गया था। इसके बैकग्राउंड में एक रोमांटिक गाना बज रहा था और कैप्शन में लिखा था— “मेरे दिल को पता है कि तू यहीं है। वापस आजा।”
दूसरी ओर, मृतक के पिता विशाल अग्रवाल ने इस पूरे घटनाक्रम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने उनके बेटे को मारने की पहली कोशिश 14 जून को ही कर ली थी, लेकिन तब वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। इसके बाद 18 जून को वे केतन को दोबारा उसी किले पर ले गए और उसे मौत के मुंह में धकेल दिया।
विशाल अग्रवाल का साफ तौर पर मानना है कि इस भयानक साजिश में सिर्फ सिया और चेतन ही नहीं, बल्कि सिया का परिवार भी शामिल हो सकता है। पुणे के एक प्रतिष्ठित व्यापारिक घराने से ताल्लुक रखने वाली सिया के माता-पिता, उसके भाई और बुआ पर शक जताते हुए पिता ने कहा कि उन्हें शुरू से ही इस पूरी योजना के बारे में जानकारी थी।
केतन के पिता ने न्याय की गुहार लगाते हुए कहा है कि इस जघन्य अपराध में शामिल हर एक व्यक्ति को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि उनके बेटे केतन को भी पहले से ही सिया और चेतन के बीच चल रहे इस गुप्त रिश्ते पर शक होने लगा था। फिलहाल पुलिस इस मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें-
अहमदाबाद में ब्लड प्लाज्मा में मिलावट करने वाले बड़े गिरोह का भंडाफोड़, मास्टरमाइंड समेत 4 गिरफ्तार










